मैं कि जो कुछ भी नहीं हूँ आप मेरे ख़ास हैं
दूरियाँ दुनिया से हैं दो चार ही जो पास हैं
ख़ुद ही ख़ुद से कट गया है ये बिचारा आदमी
चल रही है लाश लेकिन मर चुके एहसास हैं
कल तलक जो आदमी को आदमी कहते न थे
वक़्त की करवट में देखो आज वो इतिहास हैं
दौलतें हों, शोहरतें हों, क़ामयाबी चार-सू
आदमी दर आदमी अब सौ तरह की प्यास हैं
मुफ़्लिसी है, भूख है, मैं खा न जाऊँ यार को
प्यार की बातें अभी मेरे लिए बकवास हैं

