कई किस्से अधूरे रह गये अपनी कहानी में
चले आये हैं बचपन को गँवा के नौजवानी में
हवायें जो बग़ावत पर उतर आई हैं आख़िर में
किसी तूफ़ान की दस्तक है मेरी ज़िंदगानी में
नई फ़स्लों को ये कुछ और से कुछ और करते हैं
गुलाबों की जो ख़ुशबू ढूंढ़ते है रातरानी में
हमें आकर बताते हैं उजालों की सभी फ़ितरत
शमा रौशन न कर पाये थे जो अपनी जवानी में
तू हर इक बात पे जो रूठ के जाने को कहता है
तिरा किरदार है बेहद अहम मेरी कहानी में
ये मेरा वक़्त है इस वक़्त की अपनी रवानी है
जगा सकता हूँ अपनी प्यास भी मैं आग-पानी में

