दर्द यूँ रहता है मुझमें जैसे आँखों में जलन
रोज मर कर सह रहा हूँ ज़िंदगी की ये तपन
दर्द ये मिट जाये तो फिर बात हो कुछ और ही
हो सके तो कीजिये कुछ भी कोई ऐसा जतन
इस कदर बैठी हुई हैं तेरी सब यादें अभी
मेरा ज़ेहन हो कि जैसे तेरी यादों का वतन
ये मुहब्बत की किताबें कौन यूँ कब तक पढ़े
कौन मारे रोज ही इक बात पे अपना ही मन
क्यों कहूँ कैसे कहूँ कब तक कहूँ ऐ दिल तेरी
कौन तेरे दर्द को कैसे करे कब तक सहन
मेरा सीना टूटकर दूभर हुआ जाता है अब
अब मेरे वश का नहीं है तेरी यादों का वजन
