राम लक्ष्मण परशुराम संवाद
राम विवाह और धनुष भंग का
उनको भी समाचार मिला
प्रकट हुए परशुराम वहां पर
चेहरा जैसे क्रोध शिला
माथे पर त्रिपुंड सजा था
पूरे तन पर भस्म रमी
फरसा था पकड़ा हाथों में
देख के सारी सभा थमी।
परशुराम का वेश देख कर
मन में सब के भय भर आया
जनक जी ने शीश नवा कर
उनको आदर सहित बिठाया
विश्वामित्र मिले परशु से
शिष्यों से सत्कार कराया
प्रभु ने फिर हाथ जोड़ कर
अपना परिचय करवाया।
तभी धनुष के टुकड़े नजर में आए
परशुराम रोष में आए
आंखों में भर के क्रोध की ज्वाला
मिथिला नरेश पर बरसाए
किस मूरख ने यह काम किया है
शिव धनुष का ये अंजाम किया है
है ऐसा कौन वो मायावी
जिसने यह दुष्काम किया है।
तोड़ सके जो शिव धनुष को
वो सामर्थ्य नहीं किसी मनुष को
मित्र नहीं शत्रु है मेरा
भीषण क्रोध ने परशु को घेरा
बोले षष्ठ अवतार गरजाकर
जो भी हो वो सामने आए
इस दुस्साहस का पाए फल
आकर काल को गले लगाए।
यह सब सुन लक्ष्मण मुस्काए
उनको फिर यह वचन सुनाए
जाने कितने धनुष हैं तोड़े
सहस्त्रों तीर हैं हमने छोड़े
इसमें ऐसी भी क्या बात है
जो हुआ हृदय पर यूं आघात है
बोले परशु क्रोध में तन कर
होश में आ बालक जरा क्षण भर।
विश्व विख्यात शिव धनुष ये है
सारे धनुषों में उत्कृष्ट ये है
क्या तुझको नहीं है कुछ भी ज्ञान
मेरे स्वभाव से है तू अनजान
मैं न एक ऋषि हुं केवल
ये फरसा है मेरी पहचान
ब्रह्मचारी और क्रोधी हुं
क्षत्रियों का परम विरोधी हुं।
कितनी बार इस धरती पर
राजाओं को मार गिराया
सारा बल और राज पाट
ब्राह्मणों को दिलवाया
इस फरसे से है विश्व थर्राया
सहस्त्रबाहु को मार गिराया
यूं न कर तू हठ प्रखर
अपने कुल का ध्यान तू धर।
लक्ष्मण प्रेम पूर्वक बोले
मुनिवर आप बड़े हैं भोले
खुद को कहते महावीर हैं
पर मेरे तरकश में भी तीर हैं
मैं वो योद्धा नहीं जो डर जाऊं
ऐसी बातों से घबराऊं
आप तपस्वी और ज्ञाता हैं
जिनपे क्रोध तनिक नहीं आता है।
देवता हो ब्राह्मण हो
हो भक्त जन या हो गाय
कहती है यह रघुकुल रीत
इनपे कभी न शस्त्र उठाए
परम मोक्ष का द्वार यही हैं
इनकी सेवा स्वर्ग दिलवाए
इनको मारे तो पाप का भागी
ऐसे कुकर्म से राम बचाए।
परशु बोले,
तुझको कुछ भी संज्ञान नहीं है
बल और बुद्धि का ज्ञान नहीं है
विवेक से कुछ काम ले
इस उद्दंड जिव्हा को थाम ले
मैं तेरा काल हुं तेरे समक्ष हुं
महाकाल का स्वयं प्रत्यक्ष हुं
इक पल में मुझमें समा जाएगा
इस मूर्खता से तू क्या पाएगा।
है विश्वा मुझको दोष ना देना
इसको अब तुम ही कुछ कहना
मेरे तप और ज्ञान का बल
तुम ही इसको समझाओ
मेरे शौर्य और साहस का
वर्णन इसको कर जाओ
अपने नादान शिष्य को
जरा तुम थोड़ा होश में लाओ।
हे मुनि वर खुद से खुद का यश
खुद आप ही कर पाएंगे
खुद की तारीफों के पुल
किसी अन्य से ना बांधें जायेंगे
शूरवीर के शस्त्र ही केवल
उसकी असली शोभा हैं
जो नित केवल प्रलाप करे
जाने वो कैसा योद्धा है।
उठा के फरसा परशु बोले
जय बम भोले जय बम भोले
अब इसमें मेरा दोष नही है
इस बालक को होश नहीं है
किंचित भर भी ज्ञान नहीं है
ऋषियों का कुछ मान नहीं है
अपने पथ से भरमाया है
इसका अंत समय अब आया है।
लक्ष्मण बोले समझ के मुनिवर
संभालें हुं मैं अपने तेवर
पर अब और ना हो पाएगा
जो होगा युद्ध में देखा जाएगा
शायद टकराया नहीं बलवान कोई
आपके इस फरसे से
मेरी भुजाएं फड़क रही हैं
जाने कितने अरसे से।
उस क्षण उनको राम ने टोका
आगे कुछ कहने से रोका
फिर हाथ जोड़कर शांत भाव से
परशुराम से वो ये बोले
कृपा करो बालक पे नाथ
यह हठी और अज्ञानी है
चला आपसे युद्ध है करने
क्या आपका कोई सानी है।
यह लक्ष्मण नहीं है भोला भाला
तन से गोरा मन से काला
बातों में विष घुला हो जैसे
अपशब्दों पे तुला हो जैसे
ना तुमसे कोई शीतलता है
ना ही कोई प्रेम भाव है
मैं साक्षात काल हुं इसका
इसमें समझ का बहुत अभाव है।
बोले लक्ष्मण सुनिए ऋषिवर
क्रोध ही है नाश का तरुवर
क्रोध से बढ़कर पाप न कोई
ये ही सब पापों का सरोवर
सेवक की त्रुटि माफ कीजिए
अपने रोष का त्याग कीजिए
और इस धनुष को जुड़वाने का
कोई उचित इंतजाम कीजिए।
जोड़कर अपने दोनो हाथ
राम ने की फिर उनसे बात
आप सब वेदों के ज्ञाता हैं
खुद ही परम विधाता हैं
इस बालक पर ना ध्यान दीजिए
इसका अपराध माफ कीजिए
अपने किए पर पछताएगा
जब आपको समझ जाएगा।
मैने ये अपराध किया है
शिव धनुष का नाश किया है
मेरा ही ये सब दोष है
इन हाथों ने ये पाप किया है
इस क्रोध का केवल में हुं भागी
मेरा अनुज है केवल अनुरागी
आप मुझको अपना कथन सुनाएं
जो भी दंड हो मुझे बताएं।
मेरा मन हैं बड़ा अधीर
इसको भेदे शब्दों के तीर
यह जो मेरा फरसा है
ये न बरसों से बरसा है
तूने शिव धनुष का नाश किया है
और मेरा उपहास किया है
तुम दोनो भाई बड़े कुटिल हो
राजनीति के बड़े जटिल हो।
एक तो मुझको ललकारे
दूजा आए हाथ पसारे
शिव द्रोही को न माफ करूंगा
आज अभी इंसाफ करूंगा
शस्त्र उठाओ रण में आओ
अपना बाहुबल दिखलाओ
जो भी तुम बातें हो कहते
वो सब पूरण कर दिखलाओ।
हे मुनिवर तनिक धीरज धारिए
अपना विवेक यूं न हरिए
मैं आपके चरणों का दास हुं
जैसे चाहे दंडित करिए
मैं तो केवल सेवक हुं बस
युद्ध कैसे कर पाऊंगा
अपने स्वामी के सामने
यह शस्त्र कैसे उठाऊंगा।
आपके आगे नतमस्तक हैं हम
और नतमस्तक ये सभा तमाम
मैं तो राम हुं अदना सा नर
और आप हैं परम पूज्य परशुराम।
क्रोधित होकर बोले तन कर
बार बार मुझे कहे मुनिवर
समझे मुझको एक निरा ब्राह्मण
पाट दिए मैने कितने ही रण
सहस्त्रों राजाओं की बलि चढ़ाई
कितनी ही सेना मार गिराई
इस धरती की सारी शान - ओ - शौकत
ऋषियों मुनियों को दिलवाई।
मुनिवर करिए कुछ सोच विचार
तब दीजिए इन बातों को आधार
मेरी छोटी भूल के आगे
भीषण आपके क्रोध का आधार
ये धनुष बहुत पुराना था
छूते ही स्वयं हो गया खंडित
इसमें क्या जो गर्व करूं
क्षमा प्रार्थी हुं मैं किंचित।
महाकाल के सेवक हो और
श्री विष्णु के अवतारी हो
आप अकेले जहां खड़े हों
सारी सृष्टि पे भारी हो
पर रघुकुल का खून है मुझमें
तनिक नहीं घबराता हुं
हो दैत्य दानव या कोई योद्धा
पीठ नहीं दिखलाता हुं
रण दुदुंभी के बजते ही
एक कौंध सी भर जाती है
अपने कुल का मान बचाने
स्वयं काल से भिड़ जाता हुं।
सुनकर प्रभु के वचन निराले
खुल गए सारे अक्ल के ताले
हाथ जोड़कर शीश नवाकर
खुद को किया राम हवाले
जय हो राम जय हो देवा
तेरे चरणों में मेरी सेवा
दुखियों का सारा दुख हो हरते
सब जीवों की रक्षा करते।
खुद महादेव के अधिदेव हो
किस मुंह करूं जयकार तुम्हारी
कह दी अनर्थक बातें कितनी
मेरी मति गई थी मारी
रघुकुल के गौरव हो तुम
तुम मर्यादा पुरुषोत्तम हो
इस समग्र संसार में केवल
तुम ही सबसे उत्तम हो।
परशु लौटे तप की ओर
सभा हो गई भाव विभोर
लौटा हर्ष फिर एक बार
हुई राम नाम की जै जै कार
सीता की मुस्कान भी लौटी
लौटा सबका वो उल्लास
दूर हुई सब भय दशा वो
सबने ली फिर सुख की सांस।
