बड़ा अनोखा लगता है डूबता सूरज,

मेरे कमरे की खिड़की से।

अरुण तथा स्वर्णिम के महाप्रणय में उलझा,

अपनी अशेष किरणों द्वारा मुझे निर्विकार जैसे करता हो॥

बैठा हुआ हो जैसे वो,

घुंघराले बादलों के कुम्भ में।

किसी आराध्य देव की भांति

अपनी गौरवमय छटा बिखेरता॥

बड़ा अनोखा लगता है डूबता सूरज,

मेरे कमरे की खिड़की से॥

परंतु यह न समझना कि मेरे आफ़ताब और मैं,

तन्हा हों, हों अकेले।

आखिर हमारे बीच की यह अनंत दूरी,

सिर्फ आकाश ही तो है?

खड़ा है मेरी खिड़की के सामने,

एक कृष्णचूड़ा का पेड़।

साँवरा ऐसा, मानो खुद कृष्ण ही खड़े हों,

छरहरा ऐसा, लगे कि है हि नहीं॥

परंतु टहनियाँ इतनी घनी,

वे समस्त ब्रह्मांड को ही ढक दें॥

जब उसके रक्तिम पुष्प फूलते हैं,

प्रतीत होता है कि होली मची है स्वर्गलोक में।

जब शाम को पक्षी गाते हैं उस पर,

सोचता हूँ, जीवन अब भी सुंदर है॥

परंतु नहीं, न है वह मित्र मेरा,

है वह केवल एक अड़चन।

दिन की उन अंतिम घड़ियों में,

जब मैं अपने डूबते सूर्य की छटा निहारना चाहूँ;

घनघोर रैना के तिमिर के पूर्व,

कुछ रोशनी, कुछ आशाएँ अपनी आँखों में भर लेना चाहूँ!

तब मेरे और मेरे आराध्य सूर्य के दरमियाँ,

खड़ा पाता हूं उस पेड़ को।

मानो वह मेरी समस्या का लुत्फ ले रहा हो,

तिरस्कृत कर रहा हो मुझे॥

“गया तेरा सूर्य! आ गया निशा का राज्य,

गयी तेरी आशाएँ, तेरे अरमान तेरे प्राण,

तेरा सर्वस्व ले लिया मैंने।

अब केवल मैं हूँ - मैं और मेरा तमस॥

अब रात्रि भर तारे खेलेंगे नभ में।

उस नभ में, जिसे मैंने अपनी शाखों पर उठाया, संभाल रखा है”॥

उस समय मुझे वह दरख़्त किसी दैत्य सा मालूम पड़ता है,

क्योंकि न केवल वह निशा का दूत है।

उसकी चिड़ियाँ रात्रि का आह्वान करती हैं,

और वह सांध्यकालीन पुरवइया में दानवीय उल्लास से झूमता है॥

क्या नहीं है वह मेरे जीवन की परेशानियों सा?

प्रत्येक समस्या, प्रत्येक उत्कंठा का रूप नहीं है वह?

बना न है वह मेरे हर भय, हर हार, हर अश्रु से?

नहीं पाता है वह पोषण मेरे हर आत्म संदेह से?

हाँ। है वह मेरा शत्रु।

वह कृष्णचूड़ा का पेड़॥

खड़ा है इस अहंकार में कि मैं ना उखाड़ सकूँगा उसे,

वह एक चिरंजीवी स्मारक है मेरे अंतर्द्वन्द्व का।

ढक लेता है वह मेरे सूर्य, मेरे पोषक को,

अपने कोमल, छोटे पत्तों से॥

मैं भी तो हतबुद्धि ही था,

उस वृक्ष को मैंने पनपने दिया।

उसे अपने हृदय में सींच,

मेरे सूर्य तक पहुंचा दिया॥

दोष कृष्णचूड़ा का न है,

दोष तो परंतु मेरा भी न है?

जल्द ही मैं समझा,

कि वह वृक्ष न है काल मेरा।

न है वो मेरा रिपु,

न वह आता है ग्रसने मुझे॥

वह तो केवल है मेरे अंतर का भाग,

जितना कि वह मेरा प्रिय रवि।

मार्तण्ड का प्रकाश तथा कृष्णचूड़ा की छाया,

इन दोनों से मिलकर ही बनती है विश्व की छवि॥

मैंने उस पेड़ को अपने प्रेम से सींचा,

आत्मोत्सर्ग से पोषित किया॥

उसकी सुडौल टहनियों पर,

मैंने खुशी का झूला लगाया।

कुछ ही समय में वह पेड़,

पूर्णतः बदल गया॥

अब वह अपनी शाखों से मुझे गले लगाता है,

अपने फूलों की वर्षा करता है मेरे सिर पर।

और जब सूरज डूबने को होता है,

मेरा कृष्णचूड़ा, उस अरुण प्रकाश में,

बनाता है सम्मोहक छाया – आकृतियाँ,

मेरे कमरे की दीवारों पर॥

बड़ा अनोखा लगता है डूबता सूरज,

मेरे कमरे की खिड़की से॥