पत्थरों से दोस्ताना क्या हुआ
आज तक है आइना टूटा हुआ
देर से सूरज जो है डूबा हुआ
है अंधेरा हर तरफ छाया हुआ
ऊँची-ऊँची चिमनियों में आज भी
देखता हूँ मैं लहू जलता हुआ
तेरी परवाज़ें बहुत महदूद हैं
आसमाँ है दूर तक फैला हुआ
क्यों दयार-ए-फ़िक्र में है तीरगी
क्या ग़ज़ल का 'मीर' है सोया हुआ
उस को अपनी आन ठुकराना पड़ी
मैं बड़ी मुश्किल से दीवाना हुआ
आँधियों के ज़द में वो भी आ गया
जो दिया था ताक़ पर जलता हुआ

