नाम पूछेंगे कभी तुम से नस़ब पूछेंगे
अपनी मज़लूमी का हम तुम से सबब पूछेंगे

बे-क़सूरी की सज़ा कैसे मिली है हम को
थर-थराते हुए मासूम के लब पूछेंगे

अहल-ए-मनसब को तो हर बात की रहती है ख़बर
कैसे दीवार में लगता है नक़ब पूछेंगे

कारवाँ ज़ुल्म का जब हद से गुज़र जाएगा
अहल-ए-दानिश मिरे अहवाल को तब पूछेंगे

शहरयारी की तिरे सर से जब उतरेगी कुलाह
हम तिरी ज़ात तिरा नाम ओ नसब पूछेंगे

इक न इक रोज़ तो हम को भी मिलेगा मनसब
तुम से इल्ज़ाम तराशी का सबब पूछेंगे