आज मेरी
उस अकेली कोठरी के दरवाज़े का
दो-चार,पांँच बार खटखटाना,
धीमी रोशनी का थोड़ा तेज हो जाना,
किताबों को
जाने-अनजाने हथेलियों का सहलाना,
दीवारों के अलावे,पुराने यारों का आ जाना।
खैर, नहीं भी आते यार मेरे,तो भी
कोठरी की दीवारें मुझे सुनती ही!
चाहे या न चाहे;
मेरे स्वर की तरंगों को ढूंढ़ती ही!
पर चलो आज
चाय और कोठरी की दीवारों को
पुरानी संगत मिलेगी,
बहुत दिनों बाद नये अंदाज में
वही पुरानी बैठक सजेगी।।
~राजीव नयन
