आघातों से लड़खड़ा कर,
व्यवधानों से घबराकर कर,
क्यों बेसुध पड़ा है?
खम ठोक खड़ा हो मानव तुम;
तेरे कौशल पर निर्भर संपूर्ण धरा है।।
तेरे सम्मुख जो खाई है,
वो बाधा बस अस्थाई है,
अशक्तता तेरा भाग्य नहीं,
तुझसे अतुल कोई प्राज्ञ नहीं,
बल,बुद्धि का तू योग यहाँ,
नित करता तू प्रयोग यहाँ,
योग्यता अपनी विस्मृत कर,
चुनौतियों को अस्वीकृत कर,
क्यों हार से डरा है?
खम ठोक खड़ा हो मानव तुम;
तेरे कौशल पर निर्भर संपूर्ण धरा है।।
जीवन है जटिल डगर,
चलना है तथापि मगर,
हर विषम को है सम बनाना,
स्व संकल्पों पर है अविचलित रह जाना,
मृत्यु से क्यों व्यर्थ ही घबराना है?
जीवन को मृत्यु तक ही तो जाना है,
मस्तिष्क को दृढ़ संकल्पित कर!
तन-मन को उर्जा से भर!
अनिर्णय की छाया में क्यों खड़ा है?
खम ठोक खड़ा हो मानव तुम;
तेरे कौशल पर निर्भर संपूर्ण धरा है।।
~राजीव नयन
