कभी मैं भी 'बीस' का था।
अल्हड़पन की चुहलबाजियांँ,
निगाहों से शरारतें,ओठों से बदमाशियांँ,
उलझे-उलझे ख़्वाब
तो कभी अनपढ़ों सी नादानियांँ,
पर वो वक्त नसीब का था,
कभी मैं भी 'बीस' का था ।
वर्त्तमान अभी है उम्र के बीच में,
अंत: से उफनती हैं लहरें
पर देनी पड़ती है हिदायत,
अब कहांँ कर पाता हूँ हिमाक़त
बिना सोचे कुछ कर गुजरने की,
अब तो कभी-कभी
बोलने की भी लेनी पड़ती है इजाज़त।
इन्हीं बंदिशों में उलझा
सोचता हूँ कि
काश! गुजरे वक्त में से
फ़िर से गुजरने का कोई तरक़ीब होता,
वो वक्त,जो मेरे क़रीब का था,
कभी मैं भी 'बीस' का था।।
~ राजीव नयन
