कर आरंभ विजय की हनुमान की भांँति,

पग धर,अंगद-सा निश्चय कर,

भय को कुचल आत्मबल से

लक्ष्य अर्जुन की भांँति तय कर।


जीवन में उथल-पुथल है,

छल है, अनल है,जल है,

राह पर चलना है कठिन मगर

बढ़ते रहना ही प्रश्न का हल है।


घने घटाओं से झांँकता रवि

उम्मीदों का दिशा दिखाता,

जल प्रलय में मिट्टी का टीला वो

अभिशाप में वर बन जाता।


क्रोध जलाता है मानव मन को,

दु:ख का विलाप जलाता तन को,

साध तू स्वयं को हर निमेष में,

ढ़ाल तू स्वयं को हर परिवेश में।


जब तक हो,कर संघर्ष यहांँ पर

मृत्यु अटल है,जीवन की 'जय' कर,

भय को कुचल आत्मबल से

लक्ष्य अर्जुन की भांँति तय कर।।

~राजीव नयन