शाम के बादल उड़ते - उड़ते
भिन्न-भिन्न आकृति उकेर जाते हैं
न जाने वह कौन-सी आकृति है
जिसे ढूंढते मेरी छत तक आ जाते हैं
उन्हें कैद कर लेने को मेरा मन करता है
शायद आकृति के बदल जाने का डर है
क्योंकि बादल बड़े चतुर हैं
चित्रकारी में बड़े निपुण हैं
नित नए आकार में मेरा मन बहलाते हैं
शाम के बादल उड़ते - उड़ते मेरी छत तक आ जाते हैं
डॉ कविता पनिया