[Kavishala Opinion] मृत्यु जीवन का अपरिहार्य सत्य है। जो जन्म लेता है, उसे मरना ही होता है। जब शिशु का जन्म होता है, तब उसका रूदन इस बात का संकेत देता है कि उसने जीवन के प्रांगण में सामान्य रूप से प्रवेश किया है। जब व्यक्ति महाप्रयाण करता है, तब भी आत्मीय जनों के लिये उसकी स्मृतियाँ रूदन का कारण बन जाती हैं। कबीर इन्हीं दोनों क्षणों को रेखांकित करते हुए कहते हैं -‘‘कबीरा जब पैदा हुए तो जग हँसा हम रोए/ ऐसी करनी कर चलो, हम हँसे जग रोए।’’ विलाप के दो पड़ावों के मध्य जिसने हँसी के संस्कारों को आत्मसात कर लिया, शायद वही लिख सकता था - ‘‘देवताओं!/ अमृत मंथन पर मत इतराओ/ हिम्मत है तो, एक आँसू को मथ कर दिखाओ।’’ एक ‘आलपिन’ लेकर देवताओं के दंभ को जगत के द्वंद्व से नत्थी कर देने की सामर्थ्य रख देने वाले इस कवि का नाम था -प्रदीप चौबे। लंबे समय तक अपनी हास्य -व्यंग्य कविताओं से लोगों को गुदगुदाते हुए कुछ बहुत ही ज़रूरी सोचने को विवश कर देने वाले प्रदीप चौबे पिछली 11 अप्रेल को हमेशा के लिए अपने प्रशंसकों और परिजनों को छोड़ कर अनंत की यात्रा पर रवाना हो गए- मानो देखना चाहते हों कि लोग ‘प्रदीप चौबे की शवयात्रा’ में कैसा व्यवहार करते हैं।
दरअसल ‘प्रदीप चौबे की शवयात्रा’ उनकी एक प्रसिद्ध मंचीय कविता थी- जिसमें उन्होंने यह रेखांकित किया था कि किस तरह संबंधों का निर्वहन एक औपचारिकता मात्र बनकर रह गया है और शवयात्रा में शामिल होते हुए भी लोग करूणा या संवेदना के स्थान पर सिर्फ स्वार्थों को कंधों पर ढोते रहते हैं -‘‘ हम अपनी शवयात्रा का आनंद ले रहे थे/ लोग हमें ऊपर से कंधा और अंदर से गालियाँ दे रहे थे/ एक हमारा मित्र बोला - इसे मरना ही था तो संडे को मरता, कहाँ मंडे को मर गया बेदर्दी/ एक ही तो छुट्टह बची थी, कम्बख््त ने उसकी भी हत्या कर दी।’’ इसी कविता में प्रदीप चौबे ने लोगों की संवेदनहीनता पर प्रहार करते हुए लिखा -‘‘दोस्तों, जून का महीना था/ हर आदमी पसीना-पसीना था/ एक अर्थी ढोऊ बोला - यार कया भयंकर धूप है/दूसरा बोला- मरने वाला भी खूब है/ मरा भी तो जून में/ अरे, इस समय तो आदमी को होना चाहिए देहरादून में/ ये थोड़े दिन और इंतज़ार करता/ तो जनवरी में आराम से नहीं मरता? / अपन भी जल्दी से घर भाग लेते/ जितनी देर बैठते सर्दी में आग ताप लेते।’’
रोजमर्रा के जीवन से चुटीले व्यंग्य के प्रसंग चुन लेना प्रदीप चौबे के कविता कर्म की विशेषता थी। हिन्दी कविसम्मेलनों के मंच पर उनकी सधी हुई टिप्पणियाँ भी अक्सर मंच लूट लिया करती थीं। सन् 2017 में प्रकाशित उनके कविता संकलन ‘आलपिन’ में जीवन के सहज प्रसंगों से व्यंग्य के मोती चुन लेने में उनकी महारत बहुत ही मुखरता से प्रगट हुई है। इन छोटी छोटी कविताओं में व्यंग्य भी है विचार भी है, दर्शन भी है और दृष्टि भी है। एक कविता में वो कहते हैं- ‘‘जिऋन्दगी वैसे तो बताशा है/ मग़र शुगर हो जाए/ हताशा है।’’ एक ‘आलपिन’ चुभता है -‘‘दाने- दाने पे लिखा है खाने वाले का नाम/ काश, पता भी लिखा होता’’ तो एक अन्य आलपिन से वो जीवन को नत्थी करते हुए कहते हैं -‘‘जो खामख्वाह पाँव छूता है/ उससे बचो, क्योंकि वह आदमी नहीं जूता है।’’
उन्नीस सौ सत्तर के दशक के अंत में जब आपातकाल की विसंगतियों के कारण जनता के आक्रोश ने अभिव्यक्ति में ढलना शुरू कर दिया था, हिन्दी कवि सम्मेलन के मंचों पर कुछ युवा प्रतिभाओं ने कमोबेश एक साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और अभिव्यक्ति की अपनी विशिष्ट शैली के कारण देखते ही देखते देशभर में लोकप्रिय हो गईं। बाद में जब कविसम्मेलनों की संप्रेषणीयता के जादू ने लोगों को अपने पाश में लेना शुरू किया तो विदेशों तक भी उनकी गूँज गई। प्रदीप चौबे का नाम भी उन प्रतिभाओं में शामिल है। बाद में तो उन्होंने भारत ही नहीं, बैंकॉक, हाँगकाँग, सिंगापुर, दुबई, बेल्जियम, अमेरिका, स्विट्जरलैण्ड, जर्मनी, मस्कट, आस्ट््रेलिया, बहरीन और कनाडा में भी हिन्दी प्रेमियों को अपनी हास्य- व्यंग्य कविताओं से गुदगुदाया। प्रदीप चौबे की पहचान एक हास्य कवि के रूप में थी लेकिन उन्होंने अपनी सृजनयात्रा ग़ज़लकार के रूप में शुरू की थी। ग़ज़लों के प्रति उनका मोह अंत तक बना रहा। उन्होंने हास्य-व्यंग्य ग़ज़लें ही नहीं गंभीर प्रकृति की ग़ज़लें भी लिखीं। ग़ज़लों के व्याकरण पर उनकी विलक्षण पकड़ थी। ‘ख़ुदा ग़ायब है’ नामक अपने व्यंग्य संग्रह की एक ग़ज़ल में उन्होंने कहा -‘‘आँख भर रोना ज़रूरी है/ दर्द का होना ज़रूरी है/ आदमी का दुख समझने को/ आदमी होना ज़रूरी है।’’ इसी संग्रह की एक अन्य ग़ज़ल में उन्होंने लिखा -‘‘न कभी ऐसा इन्क़लाब मिले/ प्यास पानी की हो शराब मिले/ उफ़ ये आज़ादी- एक अंधे को, जैसे ख़ैरात में क़िताब मिले।’’
24 फरवरी 2018 को प्रदीप चौबे ने अपनी यह क़िताब मुझे दी। क़िताब देते हुए आग्रह किया कि इस क़िताब में लिखी मेरी भूमिका ज़रूर पढ़ें। बाद में यही बात उन्होंने क़िताब पर लिख भी दी। बहुत ही सधे हुए हस्तलेख के साथ जैसे अनेक उलझनों को लिए हुए उनके हस्ताक्षर थे। दरअसल, जीवन के इस विरोधाभास को साध लेना ही प्रदीप चौबे को विशिष्ट और सर्वप्रिय बनाता था। बेतरतीब सा दिखने की कोशिश करते हुए वो जीवन की मर्यादाओं और सलीकों को निभाना जानते थे। लोगों को हँसाते थे, लेकिन ख़ुद कैंसर जैसी बीमारी से जूझ रहे थे और मज़ेदार बात यह थी कि उन्होंने कभी अपनी पीड़ा का रोना नहीं रोया। उनके कई मित्रों तक को यह बात बाद में पता चली कि वो कैंसर के रोगी थे। लेकिन फिलहाल बात उनके ग़ज़ल संग्रह ‘ख़ुदा ग़ायब है’ भूमिका की।
इसी भूमिका में प्रदीप चौबे ने ग़ज़लों के प्रति अपना प्रेम अभिव्यक्त करते हुए बताया कि किस तरह वो जबरन हास्रू- व्यंग्य की ओर लाए गये और जब हास्य-व्यंग्य कवि के रूप में उनकी पहचान बनने लगी तो किस तरह उन्होंने इस भूमिका को भी सहजता से स्वीकार कर लिया । वो लिखते हैं -‘‘ इत्तेफ़ाक़ से मेरी किशोरावस्था एवं घनघोर जवानी (1958 से 1970) एक मुस्लिम बहुल इलाके में गुज़री। ... मेरे पिता मध्यप्रदेश से अचलपुर (महाराष्ट््र) में एक सिनेमा टॉकीज के मैनेजर पदस्थ होकर आए थे। मेरी उम्र कोई 12 या 13 वर्ष। मुस्लिम समुदाय इस सीमा तक बहुसंख्यक था कि ‘बियाबानी’ नामक जिस मुहल्ले में हम रहते थे, वहाँ एक मात्र हिन्दू परिवार हमारा ही था। यह सामुदायिक सौहार्द्र से भरपूर नगर था।... हालांकि अचलपुर भौगोलिक रूप से बहुत पिछड़ा शहर था, परन्तु इसकी एक खासियत बहुत ज़ोरदार थी कि यहाँ शायर बहुत अच्छे थे। शहर में उर्दू कवि- गोष्ठियाँ नियमित रूप से होती रहती थीं, जिन्हें नशिस्त कहा जाता था। मेरे मित्र मुझे अपने साथ कविता सुनवाने ले जाते थे।... मैं बड़ा ही प्रभावित होता। घर आकर अकेले में ग़ज़ल कहने की कोशिश करता।कृतो ग़ज़ल मेरे भीतर उतरती ही गई। उम्र के पच्चीसवें बरस तक मैं लगभग पुख़्ता और निर्दोष ग़ज़लें कहने लगा।’’
इसके बाद प्रदीप चौबे ने लिखा है कि बैंक की नौकरी के सिलसिले में वो अचलपुर से छत्तीसगढ़ आ गये। वहाँ उनकी मुलाकात प्रेम दीवान नामक कवि से हुई। ‘‘उन्होंने मेरे विश्वास के विरूद्ध मुझे यक़ीन दिलाया कि मेरे भीतर एक सफल हास्य कवि की पूरी संभावना है। अस्ल में उन्हें अपने काव्य-मंच ‘बिम्ब’ के लिए एक हास्य कवि की आवश्यकता थी। मुझमें वे यह संभावना तलाशते थे। मुझे यह असंभव तथा अव्यावहारिक जान पड़ता था। मैं अहर्निश ग़ज़ल-एडिक्ट था, कुछ और सोच ही नहीं सकता था, परन्तु कहानी को बहुत संक्षिप्त कर देने के लिए मुझे कहना पड़ेगा कि मुझे समझा- समझा के, पीछे पड़- पड़ के उन्होंने मुझसे कुछ हास्य कविताऐं लिखवा ही लीं। आश्चर्यजनक रूप से वे जनता में सफल रहीं। एक सफल हास्य कवि के रूप में मेरी तत्कालीन छत्तीसगढ़ में खाँटी पहचान बन गई और बैक-ग्राउंड में ग़ज़ल संसार भी फूलता- फलता रहा।’’ संयोग से बनी इस पहचान को प्रदीप चौबे ने सारी उम्र जिन्दादिली और मस्ती के साथ जिया। उनके बड़े भाई शैल चतुर्वेदी हास्य कवि के तौर पर बड़ी पहचान रखते थे। शुरू में प्रदीप चौबे को शैल चतुर्वेदी के भाई के तौर पर जाना गया। प्रदीप के लिए इस पहचान की छाया से बाहर आकर अपनी स्वतंत्र पहचान बनाना भी किसी चुनौती से कम नहीं था। लेकिन प्रदीप चौबे की शख्सियत ने तो आसानी से हार मानना सीखा ही नहीं था। कुछ ही दिनों में उन्होंने हास्य-व्यंग्य कवि के रूप में अपनी अलग और विशिष्ट पहचान बना ली। हालाँकि ग़ज़लों के प्रति उनका प्रेम अपनी जगह कायम रहा। मशहूर फिल्मी गीतकार गुलजार ने प्रदीप चौबे के ग़ज़ल संग्रह ‘खु़दा ग़ायब है’ की भूमिका में लिखा है - ‘‘चौबे जी हैरत में डालते हैं। उर्दू पर ऐसी पकड़, ऐसी साफ़ ज़बान हैरान करती है। ख़ुशी इस बात की है कि वे गाढ़ी उर्दू की बजाए हिन्दोस्तानी लबो-लहजे वाली भाषा से काम लेते हैं। बेहद सलीस और मफ़हूम को सीधे पहुँचाने वाली आसान ज़ुबान। मौहूदा वक़्त के फ़िक्रो-फ़न से लबरेज़ उनके कई कई अश्आर बेहद जदीद और सीधे ज़हन में उतर जाते हैं।’’
दिलों में उतर जाने का हुनर प्रदीप चौबे की कलम में ही नहीं, उनकी शख्सियत में भी था। अपने से छोटों के प्रति भी स्नेह और सम्मान भाव रखने वाले प्रदीप चौबे ने शायद ही कटुता भरे लहजे में जीवन से कोई शिकायत की हो। प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास के बिजनेस मैनेजर और स्वयं एक माहिर ग़ज़लगो प्रबुद्ध सौरभ याद करते हैं -‘‘बात मार्च 2014 की है। पटना के एक कविसम्मेलन में जाने के क्रम में नई दिल्ली के प्लेटफॉर्म पर खड़ा था तो प्रदीप जी इधर उधर टोह लेते दिखाई दिए। मैनें पूछा तो बोले- ‘‘कम्बख्त टिकट कन्फर्म नहीं किया इन रेलवे वालों ने , जबकि मैनें कहा था कि दादा, मैं एक अदद सीट पर ही पूरा का पूरा आ जाता हूँ।’ मैनें कहा कि मेरा रिजर्वेशन कन्फर्म है। दोनों साथ साथ चलेंगे। रात भर की ही तो बात है। दोनों ट््रेन में चढ़े। रात में भोजन करके जब सोने को हुए तो मैंने कहा कि मेरी ऊपर की बर्थ है, आप वहाँ सो जाइए। मैं अटैंडेंट से एक चादर का जुगाड़ करके नीचे ही सो जाता हूँ तो वो नहीं माने। ऊपर न चढ़ पाने से लेकर रात में दो तीन बार बाथरूम जाता हूँ तक के बीसियों बहाने गिनवा दिए, लेकिन ऊपर सोने न गए। नीचे ही चादर बिछाकर सो गये। सुबह आँख खुली तो वो बोले -‘‘अरे प्रबुद्ध सुनो, नीचे आओ दोस्त। देखो मैनें तुम्हारी नाक कटने से बचा ली।’’ देखा तो उनकी नाक पर कटे का निशान था । पूछा तो बोले -‘‘एक चूहा था। कई बार मुझ पर से गुज़रा- इधर से उधर, उधर से इधर। लेकिन क्या मजाल कि मैं हिल जाऊँ। इसी बात से खिन्न होकर मेरी नाक काट गया। यहाँ अगर तुम सोते तो तुम्हारी नाक कटती। मैंने तुम्हारी नाक कटने से बचा ली।’ पीड़ा को हास्य की चादर में लपेट कर कह देने का प्रदीप जी का हुनर कमाल का था।’’
शायद इसी हुनर ने उन्हें जीवन के कुछ झंझावातों को सहने का जज्बा भी दिया। अपने महाप्रयाण से कुछ समय पूर्व ही उन्हें अपने जवान पुत्र की मृत्यु का आघात सहना पड़ा था। किसी पिता के कंधे पर उसके पुत्र की अर्थी का वनज कदाचित् शेषनाग के सिर पर पृथ्वी के वनज से भी अधिक होता है। लेकिन प्रदीप जी इस विकट परिस्थिति में भी संयत बने रहने का प्रयत्न करते रहे। एक बार खौलता हुआ पानी पैर पर गिर गया, लेकिन जले हुए पैर को लेकर भी आयोजनों में पहुँचने के अपने वादे को निभाते रहे और लोगों को हँसाते रहे। दरअसल, अपने दर्द पर हँस पाने की सामर्थ्य ही उन्हें भीड़ में अलग पहचान देती थी।26 अगस्त 1949 को महाराष्ट््र के चंद्रपुर में उनका जन्म हुआ था। उस दिन गणेश चतुर्थी थी। अपने मोटापे को इंगित करते हुए वो सहजता से कहते थे कि वैसे गणेश चतुर्थी को मेरे जन्म की बात तो मुझे देखकर ही समझ लेनी चाहिये।
‘‘बच्चे की पहली मुस्कुराहट/ दुनिया में प्रेम की शुरूआत है’’ या ‘दुनिया में मौत न होती/ तो लोग बेमौत मर जाते’’ और ‘गहरी प्यास/ पानी का इंतजार नहीं करती/ मिल जाए तो ज़हर ही पी लेती है’’ जैसी पंक्तियाँ लिखने वाले प्रदीप चौबे सबको कहकहे सौंपकर खुद मौन हो गए। उन्हें श्रद्धांजलि...!!!

- अतुल कनक
अतुल कनक राजस्थानी भाषा के विख्यात साहित्यकार हैं। इनके द्वारा रचित एक उपन्यास जूण–जातरा के लिये उन्हें सन् 2011 में साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
Note: The views expressed are the author's own. The opinions and facts expressed here do not reflect the views of Kavishala and Kavishala does not assume any responsibility or liability for the same.
