भारत सरकार ने सन् 1969 में एक परिपत्र जारी कर श्रावणी पूर्णिमा को संस्कृत दिवस घोषित किया था। इसी दिन हम रक्षाबंधन का त्यौहार भी मनाते हैं। भाषाओं और समाज के बीच रक्षा का यह रिश्ता उभयधर्मी है। यदि भाषाऐं कठिन समय में मनुष्य के मनोभावों को अभिव्यक्त कर सामाजिक घुटन से उसकी रक्षा करती हैं तो समाज के स्तर पर भी यह अपेक्षित है कि वो भाषाओं की अस्मिता की रक्षा के लिये सजग हो। यह जरूरत इसलिए भी बढ़ जाती है कि कुछ औपनिवेशिक प्रवृत्तियों के प्रोत्साहन के कारण दुनिया में कई स्थानीय भाषाओं का अस्तित्व खतर में आ गया है। हालांकि संस्कृत का समृद्ध साहित्य उसे समाप्त किये जाने की दुर्भावनाओं के सम्मुख सदैव एक सुरक्षा दीवार बन कर खड़ा रहेगा लेकिन जिस तरह से संस्कृत को सामान्य प्रचलन से बाहर किया गया है, उससे संस्कृत के प्रति चिंता होना स्वाभाविक है। कदाचित् ऐसी ही कोई चिंता संस्कृत दिवस की घोषणा के मूल में रही हो। रामायण, महाभारत, मेघदूत, रघुवंश जैसे कितने ही ग्रंथ हैं जो सदियों से संस्कृत की सामर्थ्य का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और अीी सदियों तक करते रहेंगे। गीता अभी भी आम भारतीय परिवारों में जीवन उत्साह की संचारक मानी जा सकती है तो अभी भी जीवन के सबसे कठिन क्षणें में महामृत्युंजय का उच्चारण आम भारतीय को बेहतरी का विश्वास देता है!
संस्कृत को कई बार व्यर्थ विवादों का विषय बनाने के प्रपंच भी हुए हैं। कुछ समय पहले ही जब बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय में संस्कृत विभाग के सहायक प्रोफेसर के पद के लिये एक मुस्लिम अभ्यर्थी का चयन किया गया तो ऐसा ही विवाद हुआ था। भाषाऐ एक संपूर्ण भूभाग के जीवन की सांस्कृतिक चेतना की संवाहक होती हैं और उनके बिम्ब को धार्मिक आस्थाओं के आईने से देखने की कोशिश ठीक वैसी ही होती है जैसे कोई अपनी खिड़की से दिख रहे आसमान को ही संपूर्ण ब्रह्माण्ड का पर्याय मान ले। बेशक अलग अलग पद्धति से उपासना करने वाले लोगों के धर्मग्रंथ अलग अलग भाषाओं में लिखे हुए हैं लेकिन इसका अर्थ यह नहीं होता कि किसी विशेष तरीके से उपासना करने वाले परिवार में जन्मा व्यक्ति किसी ऐसी भाषा में अपनी प्रतिभा नहीं तराश सकता, जिस भाषा में उसके धार्मिक रीति-रिवाजों का संचालन नहीं होता। भारतीय चिंतन तो इस विषय में बहुत उदार है। सदियों पहले हमारे वांग्मय ने कह दिया था -‘‘अयं निजः परोवेति गणना लघुचेतषाम्/ उदार चरितानाम् तु वसुधैव कुटुम्बकम्।’’ अर्थात् - यह मेरा और वह तेरा है, ऐसी बात छोटे दिन के लोग करते हैं। उदार हृदय वालों के लिये तो सारा संसार ही उनका परिवार है।’’
संस्कृत ने दुनिया को सबसे पहले ‘यूनिवर्सल ब्रदरहुड’ अर्थात् ‘विश्व बंधुत्व’ की परिभाषा दी थी। छांदोग्य उपनिषद में एक स्थान पर कहा गया है -‘‘सर्वं खल्विदं ब्रह्म्।’’ अर्थात् सर्वत्र ब्रह्म ही है। जब उपनिषद सर्वत्र ब्रह्म की उपस्थिति की घोषणा करते हैं तो वो सभी प्राणियों की महत्ता को स्वीकार करते हैं। यों भी कुछ मुस्लिम विद्वानों ने को अपनी साधना से संस्कृत को इतना समृद्व किया है कि भारतेन्दु हरिश्चंद्र जैसे रचनाकार को लिखना पड़ा था - इन मुसलमान हरि जनन पे कोटिन् हिन्दू वारिए।’ अर्थात् भगवान के ऐसे मुस्लिम भक्तों पर तो करोड़ों हिन्दू न्यौंछावर किये जा सकते हैं। कृष्ण के प्रेम में ‘मानुष हों तो वही रसखान, बसें बृज गोकुल गाँव के ग्वारन’’ जैसे मनोहर छंद लिखने वाले रसखान के उल्लेख बिना क्या कृष्ण काव्य की चर्चा पूरी हो सकती है? ठीक इसी तरह से अब्दुर्रहीम खानखाना के नाम के बिना संस्कृत साधकों की चर्चा अधूरी ही रहेगी। खानखाना ही क्यों, अलबरूनी और अमीर खुसरो के बारे में भी माना जाता है कि वो संस्कृत के अच्छे ज्ञाता थे। दरअसल, सातवीं शताब्दी में जब अरब में खलीफा वंश का शासन था तब याहिया बिन खालिद बरमकी ने भारत से विविध विषयों के ज्ञाता विद्धानों को अपने यहाँ बुलवाया था और वो अपने साथ संस्कृत ज्ञान भी ले गये। इस तरह मध्य ऐशिया का संस्कृत से परिचय हुआ। खलीफा अल मामन के राज्यकाल में तो वहाँ संस्कृत को बहुत संरक्षण मिला। प्राचीन काल में पश्चिम ऐशिया और उसके आसपास के भूभाग से भारत आने वाले लोगों को यवन कहा जाता था और इन यवनों के भाषाज्ञान का उल्लेख वराहमिहिर ने भी ‘म्लेच्छा हि यवनास्तेषु सम्यक् शास्त्रमिदं स्मृतम्’’ कहकर किया है। बाबर और हुमायूँ तो अपने जीवनकाल में लगातार युद्धों में रत रहे लेकिन अकबर के दरबार में भी संस्कृत विद्धानों का सम्मान होता था। मुगलकाल में कई महत्वपूर्ण संस्कृत ग्रंथों का प्रणयन हुआ। राजकुमार दाराशिकोह तो स्वयं संस्कृत का अच्छा ज्ञाता था। इनके अलावा भी बारहवीं सदी के मुसलमान शासक शाहबुद्दीन, फारूखी वंश के बुरहान खान, निजामशाह, शेरशाह आदि के समय में संस्कृत को भरपूर प्रोत्साहन मिला। कहते हैं कि शाहजहाँ की प्रिय रानी मुमताज महल का सबसे प्रिय कवि बंशीधर मिश्र था जो संस्कृत का विद्धान था!
भारत के जीवन दर्शन को जानने के लिये और भारतीय संस्कारों को समझने के लिये संस्कृत का ज्ञान बहुत आवश्यक है क्योंकि संस्कृत सिर्फ एक भाषा नहीं है अपितु भारतीय संस्कृति की प्राणवायु है। अंग्रेजों ने इस तथ्य को बहुत अच्छी तरह महसूस कर लिया था कि यदि उन्हें भारत पर शासन करना है तो उन्हें यहाँ के सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक संरचना को अच्छी तरह समझना होगा और ऐसा कर पाना संस्कृत को जाने बिना मुश्किल होगा।इसीलिये 1757 में प्लासी का युद्ध जीतने के बाद ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी के गवर्नर जनरल वारेन हेस्टिंग्स ने अपने अधिकारियों को निर्देश दिया था कि वो भारतीयों के जीवन को समझने के लिये संस्कृत सीखें। यह एक कूटनीतिक व्यवस्था थी लेकिन धीरे धीरे जब पाश्चात्य विद्धानों का परिचय संस्कृत की सामर्थ्य से हुआ तो उनके अंतस में वास्तविक संस्कृत प्रेम पल्लवित हुआ और उन्होंने संस्कृत के कई महत्वपूर्ण ग्रंथों का अंग्रेजी में अनुवाद किया। इनमें चार्ल्स बिल्किंस द्वारा किया गया श्रीमद्भागवत् और हितोपदेश का अनुवाद विशेष उल्लेखनीय है। लेकिन हेस्टिंग्स के निर्देशों के भी पहले हेनरिथ राय ने आगरा आकर मिश्ज्ञनरी कार्यों के लिये संस्कृत का अध्ययन किया था। विलियम जोंस को जब भारत में ब्रिटिश सेलमेंट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया तो उन्होंने भी संस्कृत का ज्ञानार्जन आवश्यक समझा। बाद में तो एक्वेरिल डू पेरोन, आगस्त विलहेम, फ्रेडरिक श्लेगल, विल्हेम हम्बोल्ड, आर्थर शॉपेन हॉवर, विलियम जोंस, मेक्समूलर जैसे कितने ही पाश्चात्य विद्वानों ने संस्कृत साहित्य का गूढ़ अध्ययन किया और पश्चिमी देशों को भारत के आध्यात्मिक - सांस्कृतिक गौरव से परिचित कराया। संस्कृत की वैश्विक लोकप्रियता का अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि आज यूरोप, अमरीका, इस्राइल और जर्मनी सहित दुनिया के दो सौ विश्वविद्यालयों में संस्कृत का अध्ययन और अध्यापन हो रहा है। खाड़ी देशों में तो संस्कृत जानने वाले लोगों की मांग लगातार बढ़ती जाने की खबर भी पिछले दिनों प्रमुखता से प्रकाशित हुई थी।
म्हाराष्ट््र के एक सोलापुर जिले में एक प्राचीन दरगाह के मुतवल्ली पं. गुलाम दस्तगीर बिराजदार तो स्वयं को ‘संस्कृत का गुलाम’ कहते रहे। मुस्लिम मतावलंबी होने के बावजूद उन्होंने अपने तीनों बच्चों की शादी के निमंत्रणपत्र संस्कृत में छपवाए। संस्कृत के प्रति उनके समर्पण का अनुमान उनकी इस बात से लगाया जा सकता है -‘‘देश की सभी शास्त्रीय भाषाओं , विशेषकर संस्कृत का संरक्षण करना सरकार का काम है और सरकार को इसके लिये मज़बूर कर देना हमारा काम है।’’ उत्तरप्रदेश के कौशाम्बी जिले के छीता हरायपुर के रहने वाले पं. हयातुल्ला को तो वेदों के उनके ज्ञान के कारण सन् 1967 में इलाहबाद के एक संस्कृत समारोह में देशभर से आए संस्कृत विद्धानों के बीच चतुर्वेदी की उपाधि दी गई। पं. हयातुल्ला चतुर्वेदी के अनुसार -‘‘संस्कृत एकमात्र भाषा है जो मजहबी दीवार तोड़कर नया हिन्दुस्तान घड़ सकती है।’’ वाराणसी की नाहिद आबिदी को संस्कृत में की गई साहित्य सेवा के लिये सन् 2014 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया। बदायूँ के इसहाक तबीब पेशे से चिकित्सक हैं लेकिन बच्चों को शौकिया तौर पर संस्कृत पढ़ाते हैं। उन्होंने बाल साहित्य की 141 पुस्तकें लिखी हैं जिनमें एक दर्जन से अधिक संस्कृत भाषा में हैं। डॉ. एम.के दुर्रानी राष्ट््रीय संस्कृत संस्थान के महानिदेशक रह चुके हैं। मथुरा के डॉ. मुहम्मद अली ने अपना शोधग्रंथ ‘ब्राह्मण ग्रंथों का भाषावैज्ञानिक अध्ययन’ विषय पर लिखा है। कोटा के बशीर अहमद मयूख ने ऋग्वेद की चुनिंदा ऋचाओं का हिन्दी काव्यानुवाद किया है। डॉ. खालिद बिन युसुफ खान के शोधकार्य का विषय था -‘‘ऋग्वेद में नीति तत्व।’’ इनके अलावा भी ऐसे कई मुस्लिम विद्धान हैं जिनकी साधना की चर्चा किये बिना संस्कृत के समकालीन संसार की बात पूरी नहीं हो सकेगी। जिस तरह से उर्दू ने रघुपति सहाय गोरखपुरी से लेकर शीन काफ निजाम तक उम्दा हिन्दू शायरों की एक पूरी फेहरिश्त को सम्मान दिया है, ठीक उसी तरह से संस्कृत भी मुस्लिम विद्वानों की साधना पर गर्व करती है । आखिर भाषा तो अपने साधकों की साधना और निष्ठा से सँवरती है, उसका किसी जातीय या धार्मिक पूर्वाग्रह से क्या सरोकार?
अतुल कनक राजस्थानी भाषा के विख्यात साहित्यकार हैं। इनके द्वारा रचित एक उपन्यास जूण–जातरा के लिये उन्हें सन् 2011 में साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
Note: The views expressed are the author's own. The opinions and facts expressed here do not reflect the views of Kavishala and Kavishala does not assume any responsibility or liability for the same.
