
संस्कृत, प्राकृत और सगुण—निर्गुण में होली के हैं रंग अनेक... - शास्त्री कोसलेन्द्रदास
वासंती बयार की उमंग के साथ परंपरा को अपने भीतर समेटे होली आ रही है। होली सनातन पर्वों और त्योहारों में आनंद का सर्वश्रेष्ठ रसमय उत्सव है। क्या निर्गुण और क्या सगुण, होली के रंगों की छाप सब पर लगी है। वासंती माधुर्य दृष्टि का दूसरा नाम है-होली। रम्य और मधुर, दृश्य और श्रव्य। जीवन में ठहराव के बदले निरंतरता के रंग भरती है होली। होली सुंदरतम है, जिसमें सारा अमंगल मंगल बन जाता है एवं चिंतारूपी भस्म अलौकिक विभूति हो जाती है। वास्तव में होली संपूर्णता का उत्सव है, जो सामाजिक सामूहिकता का कारण है। इस नाते होली सहज और आत्मीय त्योहार है, जो आपसी खींचातानी को पाटकर आनंद के रंग बांटती है। होली की आहट शुरू हो जाती है फाल्गुन मास के शुरू में ही या यूं कहिए कि मकर संक्रमण से ही, पर यह पूरी तरह व्यक्त होती है ‘उत्तरा फाल्गुनी’ नाम-संकेत को वहन करने वाली पूर्णिमा तिथि यानी फाल्गुनी को। फाल्गुनी पर ही वसंत या मधु ऋतु जो भी कहें पूर्ण अभिव्यक्ति पाती है। यह प्रकट होती है पके हुए अनाज के मीठे दानों में, आम की गदराई मंजरियों में, खिल उठी हरी घास में, रात-बिरात कूकती कोयल में और सबसे बढक़र मधु बरसाती सुरम्य चांदनी रातों में।
ऋषि और कृषि से जुड़ी होली-
वैदिक काल से लेकर आज तक होली ऋषियों और कृषकों द्वारा मनाई जाती रही है। गुरुकुलों में वटुक फाल्गुनी पूर्णिमा को ‘साम-गाम’ यानी सामवेद के मंत्रों का राग और ताल में गान करते थे। सामवेद से जुड़े ‘ताण्ड्य महाब्राह्मण’ के इन मंत्रों का सीधा संबंध होली से है-गावो हाऽऽरे सुरभय इदम्मधु। गावो घृतस्य मातर इदम्मधु।। एक ओर गुरुकुलों में होली पर ‘हुताशनी’ अनुष्ठान होता है, वहीं नई फसल के तैयार हो जाने पर किसान और नागरिक चटकीली रंग-बिरंगी होली खेलते हैं।
वैदिक संस्कृति ने होली को सर्वप्रथम देवता ‘अग्नि’ से मिलाया। धरती पर उपजे नए धान्य को ऐसे थोड़े खाया जाता है? जौ-गेहूं की चमचमाती बालियों को ‘अग्नि देवता’ को समर्पित किया जाता है। यजुर्वेद ने नव सस्य से पैदा नए धान्य को ‘वाज’ कहा है। होली पर अग्नि-ज्वाला में ‘वाज’ की आहुति देकर फिर उन पकी हुई बालियों को प्रसाद रूप में ग्रहण करना है। यह ‘नवधान्य-इष्टि’ नाम का वैदिक यज्ञ है। फसल से जुड़ा होने के नाते होली जीवन को चलाने वाला उत्सव है। वेदों में वर्णित चार उत्सवों में होली भी है। यह जरूर है कि वैदिक काल में जो ‘होलाका’ थी, वह अब ‘होली’ है। ‘काठक गृह्यसूत्र’ ने होली को स्त्रियों के सौभाग्य वृद्धि के लिए संपन्न किया जाने वाला एक अनुष्ठान माना है, जिसके देवता चंद्रमा हैं। ‘तंत्र शास्त्र’ में फागुनी पूनम की रात ‘दारुण रात्रि’ है। यह साधना से सिद्धियों को प्राप्त करने की रात्रि है।
काम पुरुषार्थ से जुड़ी होली-
होली मानव के तन-मन के भीतर छिपे ‘रति-काम’ को प्रदर्शित करने का समय है। काम मानव का मूल है। वह प्रेम में अपने को व्यक्त करता है। पंकिलता में छिपी एक दिव्य ‘चेतना’ है जो ‘स्मर’ शक्ति के रूप में प्रकट होती है। यह चेतना ही सिसृक्षा, सर्जना और सुखबोध या आनंद को प्रवाहित करती है। मात्र कामुकता, यौन आकर्षण आदि से यह बहुत बड़ी सत्ता है, कोई व्यक्तिगत काम-संवेदना यानी अवदमित ‘सेक्स वासना’ नहीं। काम देवता के मंदिर हमारे हर प्राचीन नगर में होते थे। स्त्री-पुरुष इकट्ठे होकर होली पर काम देवता का पूजन करते थे। कदाचित हमारे समाज का अध:पतन तब से शुरू हुआ जब यहां ‘कामाराधन’ बंद हो गया और लोग काम को दबाने तथा छिपाने लगे। परंपरा से होली काम पूजन और दीपावली अर्थ पूजन का दिन रहा है।
उल्लास और आनंद बांटती होली-
भारत रत्न से सम्मानित डॉ. पांडुरंग वामन काणे ने ‘धर्मशास्त्र के इतिहास’ में होली को भारत में सबसे बड़े उल्लास और आनंद का उत्सव माना है। होली को मनाने में पूरे देश में भिन्न-भिन्न मान्यताएं और भावनाएं हैं। बंगाल को छोडक़र होलिका-दहन प्राय: सर्वत्र होता है। बंगाल में फाल्गुन पूर्णिमा पर श्रीकृष्ण का झूला प्रसिद्ध है। यह भी कम आश्चर्य की बात नहीं है कि होली पर रंग खेलने की अवधि भी पूरे देश में अलग-अलग है। कहीं रंगीली बौछारें होली के अगले दिन बरसती हैं। कहीं पांचवें दिन तो कहीं आठवें दिन और कहीं पूरे पखवाड़े तक ही। मस्ती से सराबोर लोग एक-दूसरे के रंग लगाते हैं तो साथ में रंग घुले जल की बौछारें भी एक-दूसरे पर छोड़ते हैं। पर इन सबके पीछे जो पारंपरिक गूढ धार्मिक तत्त्व छिपा है, वह है पुरोहितों द्वारा होलिका पूजा और श्रीकृष्ण का गोपियों के साथ होली खेलना।संस्कृत और प्राकृत में होली-
होली का एक पुराना साहित्यिक वर्णनसातवीं सदी के संस्कृत नाटककार और कन्नौज के महाराज हर्षवद्र्धन ने अपने ‘रत्नावली’ संस्कृत नाटक में किया है। वहां हो रही होली ‘वसंतोत्सव’ है। स्थान है कौशांबी, आज से ढार्ई हजार साल पुराना एक सुंदर शहर। कौशांबी के राजा उदयन अपने किले पर खड़े होकर सारी प्रजा को विभिन्न रंगों से होली खेलते देख प्रमुदित हो रहे हैं। स्त्रियां होली खेलने में व्यस्त हैं। कुंकुम से भरी मुट्ठियां आकाश में उडक़र लाल बादल बना रही हैं। कहीं-कहीं पीले गुलाल से बने बादल यूं लग रहे हैं, मानो वे स्वर्ण के ही बादल हों। इधर, राजमहल के भीतर होली यूं जमी है कि मदमस्त लोग पिचकारियों से एक-दूसरे पर सुगंधित जल डाल रहे हैं, जिससे महल में भारी कीचड़ मच गया है। मतवाली कामिनियों के मस्तक का सिंदूर पानी के साथ बहकर नीचे तक फैल गया है। हर्षवद्र्धन ने पिचकारी का संस्कृत नाम दिया है-शृंगक। कौशांबी में दिन भर नाच-गान चलता है और फिर सांझ में लोग जुटते हैं कामदेव के पूजन के लिए। राजा उदयन अपने ‘मकरंद-उद्यान’ में लगे लाल अशोक के वृक्ष में कामदेव या प्रद्युम्न के विग्रह का पूजन करते हैं। नागरिक कामदेव के मंदिर में जाकर उन्हें पूजते हैं तथा दांपत्य में ‘अंतरंगता’ बढ़ाने की याचना करते हैं।प्राकृत में पहली शताब्दी के लगभग लिखी ‘गाहा सतसई’ ने होली को ‘वसंतोत्सव’ न कहकर ‘फाल्गुनोत्सव’ कहा है। यहां के ‘फाल्गुनोत्सव’ में नदी किनारे इकट्ठे युवक-युवतियां एक-दूसरे पर बिना किसी भेदभाव के नदी का कीचड़ उछाल रहे हैं। ‘गाहा सतसई’ की होली गांव की है। अत: गांवों के सारे संसाधन होली खेलने के काम आते हैं। गौर करने की बात है कि जब ‘गाहा सतसई’ की होली खेली जा रही थी, तब वात्स्यायन अपने ‘कामसूत्र’ में सुवसंतक, उदकक्ष्वेडिका और अभ्यूषखादिका जैसे उत्सवों की चर्चा कर रहे थे। इनमें ‘सुवसंतक’ अब मनाए जाने वाली वसंत पंचमी है। ‘उदकक्ष्वेडिका’ पानी की पिचकारियों से रंग खेलने का उत्सव है। ‘अभ्यूषखादिका’ नए धान्य को आग में भूनकर खाने का उत्सव है। ‘कामसूत्र’ की होली मुक्त एवं स्वछंद हास-परिहास का उत्सव है। नाच-गान, हंसी-ठिठोली और मौज-मस्ती की त्रिवेणी।
देशज भाषाओं में रंग-बिरंगी होली-
लोक साहित्य में होली का मनोहारी व सजीव वर्णन हुआ है। पिछली शताब्दी के रससिद्ध संस्कृत कवि भट्ट मथुरानाथ शास्त्री ने ‘जयपुरवैभवम्’ में एक ही श्लोक में उर्दू, ब्रज, ढूंढ़ाडी व संस्कृत, चार भाषाओं का अनूठा प्रयोग होली के लिए किया है, जो दुर्लभ है-
मौसिमे बहार देख खोला मुंह बुलबुलों ने
आतिशये हिज्र का निकाला इश्क ने शोला
दूधिया छनाओ यार! नीठ नरचोला मिल्यो
बोलाभर पीके फिर बोलो बस बम भोला।
आओला कदेक, कद गाओला र