मैंने फोन करके पूछा था।

कल आपसे मिलने आना चाहता हूं।

उधर से जवाब आया-कब, कितने बजे आओगे और अकेले आओगे या कोई और साथ होगा।

मैने कहा-जी, मेरे मित्र प्रभात ओझा भी साथ होंगें।

उन्होने कहा कि ठीक है-लान में तीन कुर्सियां डालकर साढ़े ११ बजे तुम्हारा इंतजार करूंगा। 

अगले दिन लान में उसी तरह मिले, दो इंतजार करती कुर्सियां और तीसरी पर बैठे हुए हिन्दी के महान व्यंग्यकार रवींद्रनाथ त्यागी। मैने कहा-जी, रास्ते में ट्रैफिक बहुत था। इसलिए पौना घंटा की देर हुई। बोले, ट्रैफिक को दोष मत दो। इस समय तो रोज ट्रैफिक ज्यादा रहता है। तुम्हे खुद समय से निकलना चाहिए था। टाइम अगर किसी का खराब हुआ तो मेरा। ऐसे थे खांटी और खरे-खरे बतियाते हमारे रवींद्रनाथ त्यागी। अनुशासन की अदृश्य छड़ी हमेशा उनके साथ रही। सामने वाला जरा भी दांये-बांये हुआ कि प़ड़ती थी चटाख। इलाहाबाद विश्विविद्यालय में शिक्षक तो थोड़े ही दिन रहे, लेकिन एक कठोर मास्टर वाला रूआब हमेशा ऱखे रहे। ऐसा नहीं कि यह उनकी दूसरों से अपेक्षा मात्र थी, स्वंय को प्रतिदिन अपने अनुशासन की कसौटी पर पटकते-परखते रहते थे।

इंदिरा गांधी ने शायद इन्हीं से प्रेरित होकर नारा दिया होगा कि अनुशासन ही देश को महान बनाता है। अपनी दिनचर्या पर इतना सख्त शख्स आजतक कोई दूसरा नहीं मिला। त्यागी जी समय पर सोना, जागना, लिखना और लोगों से मिलना-जुलना भी। अममून लेखको में यह नियम पालन करोड़ों में एक ही दिखता होगा।

 सन २००२ के आखिर से २००५ के आखिर तक देहरादून रहा, अमर उजाला के संपादक के रूप में। किसी भी शहर जाते समय लोग मंदिर, मस्जिद, घूमने-फिरने के ठिकाने पता करते हैं। हम जैसे साहित्य के पाठकों के लिए यह सुख ज्यादा बड़ा होता है कि कौन-कौन से लेखक, कवि वहां रहते हैं। देहरादून जाते समय जो पहले दो तीन नाम याद आए। एक की हरिद्वार में त्रिलोचन शास्त्री रह रहे हैं इन दिनों। देहरादून में विद्यासागर नौटियाल और रवींद्रनाथ त्यागी। हरिशंकर पारसाई, शरद जोशी और रवींद्रनाथ त्यागी की व्यंग्य त्रयी की तीसरी कड़ी। हिन्दी व्यंग्य को एक नई पहचान देने वाले इस लेखक ने अपनी रचनाओं में तात्कालिता के पुट के साथ ऐतिहासिक और पौराणिक संर्दभों का जिस खूबसूरती से इस्तेमाल किया है, वह हिन्दी व्यंग्य संसार को अतिरिक्त समृद्धता देता है।

एक व्यंग्य लेखक का जिक्र आते ही इतना तो आप मान ही लेते हैं कि उसकी गुफ्तगू में हास्य का कोई पुट तो होगा ही। त्यागी जी मिलते ही आपका यह भ्रम दूर हो जाएगा। उनकी बातों में तंज इस साफगोई से रहता था कि आप निरूत्तर हो जाएं। सामने वाले को हंसाने के लिए वे कोई मसखरी करने वाले शख्स नहीं थे। हां, अगर आप पढ़ पाएं तो वे गुस्से में भी ऐसे बात करते थे कि आप शरमाए और मुस्कुराए बिना न रह सकें। सीधा-सच्चा कोई मिल जाए तो दिल खोलकर बतियाते भी थे। जानकारी का तो इतना भंडार था उनके पास की अाप चलती-फिरती लाइब्रेरी मान सकते थे उन्हें।

एक दिन फोन आया- अभी बात कर सकता हूं। व्यस्त हों तो समय बताएं कितने बजे फिर से फोन करूं। ये त्यागी जी के उसी स्वअनुशासन का प्रकार था, जिसमें वे सामने वाले के लिए पूरी जगह बनाकर रखते थे। उनका फोन है तो बेहतर है उसी समय बात कर लीजिए, एक घंटे बाद कहकर आप तो भूल सकते हैं, त्यागी जी ६०वें मिनट की सुई कांटे तक पहुंचने से पहले फिर फोन टनका ही देंगें। इस सच से भली-भांति परिचित होने के कारण मैने कहा-जी, मैं खाली हूं आप बताएँ?

इसके बाद तीन चार सवालों का संयुक्त वाक्य उधर से फोन पर आया-

जब मैने तुम्हारे यहां छोटे व्यंग्य लेख भेजना तय किया था तो मुझे बताया गया कि प्रति लेख ७५० रूपए आएंगे। मेरे पिछले लेख का पारिश्रमिक सिर्फ ५०० रूपया आया है। क्या मेरे लेख की गुणवत्ता गड़बड़ थी? या तुम्हारे अखबार के आर्थिक हालात ठीक नहीं हैं या सबके पैसे एक साथ घटा दिए गए हैं। या फिर ऐसा गलती से हुआ है। और अगर ये गलती से हुआ है, तो क्या ये अगले लेख के भुगतान में जुड़कर आएगा या यह मामला यहीं खत्म।

इस पूरे प्रश्न-बम में मैने सिर्फ इतना याद रखा कि त्यागी जी का एक लेख का भुगतान कम आया है। मैने कहा कि पता करके आपको फोन करता हूं। त्यागी जी झट से बोले-काम मेरा है, मैं फोन करूंगा। कब करूं? मुझे पता था वह मानने वाले तो हैं नहीं, मैने कहा, जी एक घंटे में। तब तक मैने पता लगा लिया था, लेखा विभाग की गलती से ऐसा हुआ था। अगले लेख में पिछला जुड़ के आना था। दोनों बातें मैने बता दीं।

मुझे गुस्सा भी आया कि ये शख्स आईएएस था, भारत के रक्षा लेखा नियंत्रक रहा। सिर्फ २५० रूपए के लिए चिरकुटगिरी करने की क्या जरूरत है। त्यागी जी को दूर से देखने वाले आज तक उनके बारे में बड़ी-बड़ी गलतफहमियां रखते हैं। शायद ऐसा इसलिए भी कि वह आदमी अपने ठसके से जीकर गया। कभी किसी को सफाई देने या अपने प्रचार का कोई तंत्र बनाने वालों में नहीं रहे। निदा ने लिखा है-

हर आदमी में होते हैं दस-बीस आदमी । 

जिसकों भी देखना हो कई बार देखना।।

मेरा उनका रिश्ता एक लेखक और पाठक का होने के साथ-साथ इलाहाबाद का साझा होना भी रहा। मुझसे वह बदले हुए इलाहाबाद का हाल जानते, जहां वे पढ़े और विश्विद्यालय में कुछ अरसे तक पढ़ाया भी। मैं उनके दिन के इलाहाबाद को सुनकर अपने शहर के इतिहास सुनता सहेजता और अपने दिनों से तुलना करता रहता था। आवाज की सुस्ती से वे सेहत या मूड ठीक न होने जैसा जब पूछते तो लगता कि यह बाहर से ठस सा दिखने वाला लेखक भीतर से किस हद तक कोमल है। मैने एक बार पूछा-आप इतने रूखे-रूखे से लगते हैं। कहां से पकड़कर लाते हैं अपने व्यंग्य पात्रों को। वह विनोद भी तो आपके भीतर ही है, बातचीत में कम ही घुलता मिलता है। उन्होंने कहा-ऐसा है नहीं कि मैं हंसता या मजाक नहीं करता। लेकिन ये जबरदस्ती की मसखरीबाजी और व्यंग्य लेखन दोनों नितांत अलग चीजें हैं। आप मसखरे हैे तो कुछ लतीफा या लहजा बीन-बटोर कर थोड़ा-बहुत लिख पढ़ लेगें। व्यग्य को दृष्टि की तरह देखना चाहिए। आप के पास वह दृष्टि है तभी आप सामने वाले पात्र को पढ़  

पकड़ सकते हैं। एक अच्छे व्यंग्यकार के लिए यह सबसे जरूरी बात है। रचना में विविधता तब आती है, जब रचनाकर मौन रहकर सुनना, सीखना जारी रखे। ऐसे बहुत से लेखक देखें होंगे जो शुरू में लिखते हैं, बाद की जिन्दगी साहित्य के गुरू और भाषण देते गुजार देते हैं। क्योंकि वे परिवेश से सीखने की क्षमता खो चुके होते हैं। रहा मेरा सवाल तो मैं साहित्य का विद्यार्थी बनकर ही मरना चाहूंगा। वो गुरूतत्व न मुझमें है, न बनने की कोई आकाँक्षा। सच भी है कि आखिरी दिन तक वह लगातार लिखते-पढ़ते ही दुनिया से गए। 

त्यागी जी प्रेम और अनुराग की प्रत्यक्ष अभिव्यक्ति करने में थोड़ा कृपण थे, लेकिन थे लबालब। जिससे प्रेम करते थे तो उसकी कमी गिनती के साथ कह देते थे, बिना यह सोचे कि उसको भला लेगा कि बुरा। हिन्दी के आलोचक कवि अक्सर त्यागी जी के पास जाते थे। कई सारी संस्थाओँ के अध्यक्ष, संचालक ये महोदय त्यागी जी के जन्मदिन पर भी छोटा मोटा आयोजन करते थे। त्यागी जी एक दिन उन्हीं से बोले-तुम आदमी अच्छे हो पर हो मूर्ख। अपनी तीन गलतियां सुधारो। एक डिग्री कालेज में प्राध्यापक ये कवि महीनों तक त्यागी जी से झल्लाए रहे। त्यागी जी से किसी ने कहां कि फलां जी नाराज हैं, वे बोले रहे अपनी बला से। कोई तो चाहिए तो सच कहे। इसका मतलब वह मूढ़ आगे भी मूर्ख ही बना रहना चाहता है। 

देहरादून के एक वरिष्ठ कवि से जुड़ा किस्सा सबसे मजेदार है। ये कवि त्यागी जी से पांच-सात बरस ही छोटे रहे होंगे। दोनों में बनती भी बहुत थी। एक दिन मेरे पास आए और बोले-यार, ये बुढढा तो गया काम से। सठिया गया है। आज इतनी बदतमीजी की मेरे साथ, अब तो मैं डालनवाला में पैर नहीं रखने वाला हूं। कवि इतने गुस्से में थे कि त्यागी जी को कोसते-कोसते खुद को भी दस पांच गालियां दे डालीं। मैं अपनी हंसी को छुपा रहा था। इतना जान गया था कि कुछ मजेदार हुआ है। मैने कहा-आप बताइए तो सही, हुआ क्या है। 

कवि बोले-मैं चौक तक किसी काम से गया था। समय बच गया सोचा त्यागी जी से मिलता चलूं।

मैं दरवाजे पर पहुंचा तो वह बरामदे में टहल रहे थे। 

मैने कहां-नमस्कार. कैसे हैं आफ।

मुझे जवाब मिला, सुबह-सुबह कहां फालतू घूम रहे हो।

मैने कहा-आपसे मिलने आया हूं।

कहने लगे-जब फोन का अविष्कार हो चुका है तो बता के आना था। बात करने का वक्त निकालता। अब मेरी अपनी दिनचर्या है। तुम्हे गप्प मारने का शौक चढ़ा है. मुझे नहीं। मैं नहाने जा रहा हूं।

कवि बोले-कोई बात नहीं, आप नहा लो। मैं बरामदे में अखबार पढ़ता हूं।

त्यागी जी वहीं नहीं रूके-कहने लगे, यार तुम्हारे पास फालतू का टाइम है। तुम बैठे रहोगे। मेरे पास नहीं है। 

कवि महोदय बताते हुए गुस्से से कांप रहे थे। बोले, कहकर आया हूं कि आपके घर कभी नहीं आउगा। दरवाजे के भीतर भी नहीं आने दिया और इतनी देर बहस की उपर से।

उपर से जाते-जाते त्यागी जी ने कवि को और धर के दे दिया- बोले, अजीब आदमी हो। बिना बताए, बुलाए आ धमकते हो। फोन करने की नसीहत देता हूं तो वह भी तु्म्हें पसंद नहीं। उपर से नराज भी खुद ही हो रहे हो। जाओ, मत आना। 

कवि को मैने काफी देर समझाया। मजाक के मूड में होगें इसलिए बोल दिया होगा। लेकिन वह मुंहर लगाकर गए कि रवींद्रनाथ त्यागी खिसक गए हैं।

उधर त्यागी जी भी टस से मस न थे। उनसे बात की तो वे कवि को आलसी-निठल्ला बताने लगे। बोले, फोन करके क्यों नहीं आता। मुझे लगा कि दोनों की तीस साल की दोस्ती गई। लेकिन एक हफ्ता गुजरा होगा कि कवि महोदय बाजार में मिले। मैं कुछ पूछता खुद ही सवाल नुमा जवाब बताने लगे। यार, ये त्यागी चीज क्या है। परसों सुबह-सुबह ओवरकोट डाले मेरे घर आ धमके। मेरी बीवी से बोला-चाय बनाओ। मैने कहा कि आप बिना पूछे मेरे घर क्यों चले आए तो बोले-नियम-कायदे भले लोगों के घरों के लिए बने हैं। तुम जैसे निठल्लों के लिए नहीं जो बिना बताए किसी के घऱ कभी भी चले आते हैं। इस बार मैं अपनी हंसी नहीं रोक पाया। कवि भी मेरे साथ ठठाकर हंस पड़े थे। 

त्यागी जी के बेटे अशोक त्यागी का पिता को लेकर लिखा एक किस्सा याद आया। त्यागी जी यू तो बड़े अफसर थे, लेकिन उनको रेल के सामान्य दरजे में ही यात्रा करना पसंद था। कारण, फर्स्ट क्लास के डिब्बे में आराम से सिगरेट पीने में अनेक बाधाएं थीं। एक बार परिवार सहित कहीं जा रहे थे। डिब्बे की अपनी सीट से उठकर शौचालय की तरफ गए, दो मिनट बाद लौटे तो एक आदमी वहां आकर बैठ गया था। त्यागी जी के परिवारीजनों ने बताया कि यहां वे बैठे हुए हैं, पर उस आदमी ने किसी की न सुनी। त्यागी जी ने आते ही उससे उठने को कहा। वो बेहयाई से बोला-पिछले दस साल से मैं इसी डिब्बे की इसी सीट पर आता-जाता हूं। यकीन न हो तो किसी डेली पैसेंजर से पूछ लो। त्यागी जी ने एक सेकेंड में पलटकर कहा-तब तो तुम ये सीट खाली ही कर दो। तुम्हें फिर यह मालूम होना चाहिए कि मेरा जन्म इसी ट्रेन के इसी डिब्बे में इसी सीट पर ५५ साल पहले हुआ था। चल हट यहां से। इसके बाद उस आदमी के पास सीट छोड़ने के अलावा कोई चारा नहीं था।

त्यागी जी का जो भी था सब मौलिक। कुछ भी ओढ़ा हुआ नहीं। वे अक्सर कहते थे कि मैने पूरी जिन्दगी सिर्फ ईमानदारी को जिया है, वह भी हर अर्थों में रिश्तों मे। उनसे कोई एक बार मिलकर लौटा हो तो उसकी राय एकदम उलट हो सकती है, जैसे की त्यागी जी थे। कुछ भी बनावटी दिखा तो पल भर में टोकते थे। हिन्दी, अंगरेजी, उर्दू, फारसी इतना कुछ पढ़ रखा था और उतना ही स्मृति में सहेजा हुआ कि कोई गलत उदाहरण दे तो पट से बोलते थे, जाहिल होने का सबूत मत दो। कह दो, नहीं पता। डालनवाला मेंमें बड़े शौक से एक बंगला बनवाया था उन्होेने, घर से दो गुने से ज्यादा आकार का बगीचा। मेरे बेटे ने वहीं नाशपाती और लीची के पेड़ देखे और फल तोड़े भी। त्यागी दादी का घर कोल्ड ड्रिंक पीने का सबसे सुलभ ठिकाना था उसके लिए। 

त्यागी जी नहीं रहे। देहरादून के लिए भी कोई बड़ी खबर नहीं थी। वह उद््घाटन, विमोचन और आयोजन की संस्कृतियों के अनिवार्य हिस्से कभी नहीं रहे। तब की मेयर और इस समय कांग्रेस की राज्यसभा सांसद मनोरमा शर्मा सुबह-सुबह मिलीं तो मैने बताया कि हिन्दी की एक विभूति हमारे बीच से चली गई है। मनोरमा शर्मा आज भी इसलिए याद हैं कि उन्होेने त्यागी जी के न रहने के दिन ही कहा कि उनके घर तक जाने वाली सड़क रवीन्द्रनाथ त्यागी मार्ग के नाम से होगी। कुछ दिनों के भीतर औपचारिकता पूरी हुई। आंटी(श्रीमती त्यागी) की इच्छा थी कि मूर्ति का खर्च वह वहन करें, ऐसा ही हुआ। आज भी सड़क की शुरूआत में काले संगमरमर की मूर्ति मौजूद है। वहीं से एक सपना पालता आया हूं कि हर शहर में उसके अपने लेखकों के नाम पर चार-छह सड़कें जरूर होनी चाहिए। दुर्भाग्य यह है कि अपने शहर इलाहाबाद में ऐसा नहीं देख पाया।