सृजन का अर्थ है सकारात्मक संभावनाओं का पोषण करना। साहित्यकार सृजन करता है क्योंकि वो जीवन में सकारात्मकता को पोषित करने वाली पंक्तियों की रचना करता है। यह सकारात्मकता संपूर्ण समाज के हितचिंतन में निहीत है। शायद इसीलिये साहित्य की परिभाषा देते हुए कहा गया है -‘‘हितेन् सह सहितम्, तस्य भाव साहित्यम्।’’ रविन्द्र नाथ टैगोर ने इसी बात को विस्तार देते हुए कहा -‘‘ सहित शब्द से साहित्य की उत्पत्ति हुई है। अतएव धातुगत अर्थ करने पर साहित्य शब्द में मिलन का भाव दृष्टिगोचर होता है। यह भाव के साथ भाव का, भाषा से भाषा का मिलना तो है ही- मनुष्य के साथ मनुष्य का, अतीत के साथ वर्तमान का, दूर से निकट का मिलना कैसा होता है- यह बात बताने वाला भी है। साहित्य का मूल कार्य समन्वय करना है।
सृजन का अर्थ तो बहुत व्यापक है। सृजन का संसार शब्दों में भी मुस्कुराता है, रंगों में भी सँवरता है और स्वरों में भी निनादित होता है। सच तो यह है कि सर्जनात्मकता हमारी अभिव्यक्ति में ही नहीं हमारे व्यवहार में होती है। इसीलिये प्राचीनकाल में मौन को बहुत महत्वपूर्ण माना जाता था और मान्यताऐं बताती हैं कि हमारे ऋषियों और मुनियों के मौन नेे भी सृजन को नव आयाम दिये हैं। सर्जनात्मकता मुखर होने के लिये जीवन के प्रति हमारे दृष्टिकोण पर निर्भर करती है। गीता में श्रीकृष्ण एक स्थान पर अर्जुन से कहते हैं -‘‘ये यथा माम्् प्रपद्यंति तास्तथैव भजाम्यहम्।’’ अर्थात् जो व्यक्ति मुझे जिस रूप में स्मरण करता है, मैं उसे उसी रूप में मिल जाता हूँ। यह अकेला संदेश जीवन के समस्त विरोधाभासों को सहजता से स्वीकार करने की प्रेरणा देता है। हमें दुराग्रहों से मुक्त होने की ओर अग्रसर करता है और सृजन दुराग्रह से मुक्त होने का एक संकल्प ही तो है। कठिन परिस्थितियों में हार मान लेना भी अपनी सामथ्र्य और दुनिया की बेहतरी के चिंतन के प्रति एक दुराग्रह है और जिन लोगों न कठिन परिस्थितियों में चुनौतियों को स्वीकार किया, अपने लक्ष्य को हासिल किया - उन्होंने वस्तुतः जीवन की संभावनाआंे को ही तो तराशा। यही चेतना मनुष्य को सृजनोन्मुख बनाती है।
दुख मनुष्य को तराशता है यदि चुनौतियों का सामना करने की सकारात्मकता को संपूर्ण सामथ्र्य के साथ सहेज लिया जाए। जयशंकर प्रसाद ने जब लिखा कि ‘वियोगी होगा पहला कवि, आह से उपजा होगा गान’’ तो उन्होंने इसी संभावना को तो रेखांकित किया। सृजन कठिन परिस्थितियों में मनुष्य का संबल होता है। वह आत्मबल को जीवन की सुखद संभावनाओं के प्रति आशावान बनाता है और चुनौतियों का सामना करने की प्रेरणा देता है। सृजनात्मक चेतना का एक बड़ा सुख यह भी है कि वो मनुष्य की चेतना को कुंठित नहीं होने देता। हो सकता है कि सृजन की दुनिया में कुछ ऐसे लोग हों जो अपनी कुंठाओं के साथ सक्रिय होकर स्वयं को सच्चा सर्जक बताते हों- लेकिन सच्चाइ्र तो यह है कि सृजन कुंठाओं और दुराग्रहों के तिलिस्म के लिये सबसे माकूल प्रत्युत्तर होता है। इस दुनिया में जहाँ दूसरों के हित सर्वस्व दान कर देने वाले वृक्ष हैं, वहीं ऐसे कुछ परजीवी भी होते हैं जो दूसरों की धमनियों से रक्त चूसकर ही जीवित रह पाते हैं। लेकिन इससे संसार का सौंदर्य कम नहीं होता। जीवन - हर हाल में जीवन होता है। जिन्हें कुंठाओं में ही अपने अस्तित्व की सार्थकता तलाश करनी है, उन्हें कुंठाऐं मुबारक। सृजन तो मन के हर कुटिल बंधन को तिरोहित कर प्रेम के ऐसे बंधन में बाँधता है, जिसके आगे मुक्ति भी अपना आकर्षण खो देती है।
वर्ष 2019 के अंतिम दिनों में मनुष्यता के लिये एक कठिन चुनौती का विस्तार हुआ। चीन के वुहान प्रांत से प्रारंभ हुए एक वायरस के संक्रमण ने देखते ही देखते सारी दुनिया को आँखें दिखाना शुरू कर दिया। वर्ष 2020 की पहली तिमाही खत्म होते होते तो हालत यह हो गई कि इस संक्रमण के कारण मारे जाने वालों की संख्या ने सब जिम्मेदार और संवेदनशील लोगों को चिंता में डाल दिया। देखते ही देखते दुनिया भर के देशों ने संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिये अपने यहाँ लाॅकडाउन लागू कर दिया। सभ्यता के इतिहास की यह अनूठी घटना थी। दुनिया ने दो दो विश्वयुद्ध देखे लेकिन ऐसी विडंबना पहले नहीं देखी थी कि सबको जहाँ हैं, वहीं ठिठकने के लिये बाध्य होना पड़े। चूँकि कोरोना वायरस का संक्रमण परस्पर संपर्क से ज्यादा खतरनाक होता पाया गया, इसलिये लाॅकडाउन के दौरान लोगों को सलाह दी गई कि वो बहुत ज़रूरी होने पर ही घर से नहीं निकलें। लेकिन यह जो बहुत ज़रूरी होना था, यह तो स्थिति सापेक्ष था। किसी के लिये अपने परिवार के लिये दो रोटी जुटाना बहुत ज़रूरी था तो किसी के लिये बीमार परिजनों को बचाना। सरकारों की अपनी दुविधाऐं थीं। उन्हें वैश्विक महामारी के प्रसार पर भी काबू पाना था, लोगों को ज़रूरत की चीज़े मुहैया कराने की जिम्मेदारी को भी निभाना था, अर्थव्यवस्था और रोज़गार को भी सँभालना था। लाॅकडाउन का निर्णय एक समाधान की तरह लिया गया था लेकिन समाज के बहुत सारे लोगों के लिये लाॅडाउन खुद एकक बड़ी समस्या बन गया। भारत में जब आवागमन के समस्त साधनों पर प्रतिबंध लगा तो लोग पैदल ही अपने घरों के लिये निकल पड़े। सैकड़ों किलोमीटर की दूरी तय करके प्रवासी मज़दूर कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने घरों तक पहुँचे। उनके जीवट ने बताया कि समय कितनी भी कठिन परिस्थितियाँ उत्पन्न कर दे, जीने की जो जुस्तजू है- वो सहजता से किसी मुसीबत के सम्मुख समर्पण नहीं करती। तूफानों से भी टकरा लेने की यह जुस्तजू ही तो सृजन की चेतना का प्रस्थानबिन्दु है।
तरह तरह की खबरें कहानियों के तौर पर पढ़ने को मिली। किसी लड़की ने अपने बीमार पिता को घर तक पहुँचाने के लिये ढाई सौ किलोमीटर साइकिल चलाई तो किसी ने लाॅकडाउन में मिले समय का सदुपयोग करते हुए अपने घर के आँगन में ही कुँआ खोद दिया ताकि परिवार को पानी की जरूरत के लिये संघर्ष नहीं करना पड़े। पहली घटना बिहार की है तो दूसरी घटना तेलंगाना के एक छोटे से गाँव की। गुरूग्राम के फोर्टिस मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट में नैत्र रोग विशेषज्ञ शिबल को राष्ट्रीय राजमार्ग 8 पर एक दिन एक गरीब परिवार मिला। चार छोटे बच्चों के साथ युवा दंपत्ति दिल्ली से मध्यप्रदेश के रायपुर के पास स्थित अपने गाँव जा रहा था। चूँकि लाॅ डाउन में आवागमन के सारे साधन बंद कर दिये गये थे, इसलिये यह परिवार पैदल पैदल ही 800 किलोमीटर की उस दूरी को नापने के लिये निकल पड़ा, जो दूरी उन्हें उनके अपने गाँव पहुँचा देती। शिबल के साथ उनकी सहेली ग्रश्मी भी थी। दोनों ने कार से उतरकर परिवार से पूछा कि क्या उन लोगों को बिस्कुट और पानी की बोतल चाहिये। मुस्कुराते हुए बच्चों की माँ ने कह दिया -‘‘नहीं दीदी, हमारे पास काफी है।’’ अपनी फेसबुक पोस्ट पर यह घटना बताते हुए शिबल ने लिखा -‘‘जब भी शिष्टता, आत्म सम्मान और इस दुनिया की सुंदरता को मैं याद करूँगी, इस युवा माँ की छवि मेरे सामने होगी/ सिर की पोटली में सरलता से रखी अपनी सारी जमा पूँजी, उम्मीद और प्रार्थना- यह भाव उसे सुरक्षित अपने घर ले जाएगा।’’
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक शहर है साहीवाल। यह शहर लाहौर और मुल्तान जैसे प्रसिद्ध शहरों में बीच है। सोशल मीडिया पर इस शहर के एक बच्चे का किस्सा उसके फोटो के साथ बहुत लोकप्रिय हुआ। यह बच्चा साहीवाल के पाकपाटन चैक में मास्क बेच रहा था। हर मास्क की कीमत थे बीस रूपये। एक ग्राहक उसके पास मास्क लेने पहुँचा और मास्क लेकर मज़ाक में बोला कि उसके पास पैसे नहीं हैं। बच्चे ने दिल छोटा नहीं किया बल्कि मुस्कुराते हुए उस आदमी से बोला कि यदि उसके पास पैसे नहीं हैं तो वो मास्क को बिना पैसे दिये ही अपने पास रख ले। उस आदमी ने बच्चे से पूछा कि क्या मास्क मुफ्त में दे देने पर उसकी माँ उसे मारेगी नहीं। बच्चे ने कहा कि नहीं, मेरी माँ ने कहा है कि इस समय दुनिया में बहुत बीमारी फैली हुई है, इसलिये लोगों को मदद की ज़रूरत है।
ऐसे बहुत से मिथकीय पात्र भारतीय जनमानस में हैं जिन्होंने अपनी सारी जमा पूँजी लोकहित में दान कर दी। सेना से रिटायर्ड हुए जूनियर कमीशन आॅफिसर मोहिन्दर सिंह ने भी ऐसी ही मिसाल कोरोना काॅल में कायम की। मेरठ छावनी के तोपखाना इलाके में रहने वाले मोहिन्दर सिंह ने ग्रेच्युटी, पेंशन और मेहनत की कमाई से जोड़े गये 15 लाख 11 हजार रूपये यह कहते हुए राहत कोष में दान कर दिये कि यह देश का पैसा है और देश को ही लौटा रहा हूँ। मोहिन्दर सिंह 1971 के भारत- पाक युद्ध के समय मोर्चे पर लड़े थे और उस युद्ध में एक आँख गँवा बैठे थे। सेवानिवृत्त फौजी मोहिन्दर सिंह ने दान राशि का चैक सौंपते हुए कहा कि ‘‘देश में कोरोना संकट है। सबको मदद करनी चाहिये। मेरी उम्र 85 वर्ष हो चुकी है। मुझे पैसा लेकर कहाँ जाना है?’’
कोरोनाकाल में सर्जनात्मकता की भूमिका के बारे में चर्चा करते हुए मैं इन घटनाओं का उल्लेख जानबूझकर कर रहा हूँ। ये प्रसंग किसी कहानी से कम नहीं लगते। कुछ लोगों ने ऐसे ही प्रसंगों को आधार बनाकर कहानियाँ भी लिखीं- जो अलग अलग अखबारों के साप्ताहिक परिशिष्टों में प्रकाशित हुईं। मेरे शहर कोटा के मूल निवासी और लाॅकडाउन के समय मुंबई में सेवारत रहे शरद गुप्ता किसी कवि के तौर पर नहीं जाने जाते। लेकिन कविता के शौकीन हैं- यह बात तो देश के कई मंचीय कवि भी जानते हैं। शरद गुप्ता ने लाॅक डाउन के समय डाॅ. हरिवंश राय बच्चन के एक मशहूर गीत -‘‘कर शपथ, कर शपथ, कर शपथ’’ की पैरोडी लिखी -‘‘मत निकल, मत निकल, मत निकल’’ । इस पैरोडी गीत को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म पर तो साझा किया ही, कुछ समाचार पत्रांें में भी प्रकाशनार्थ भेज दिया। आपको ध्यान होगा कि लाॅडडाउन अवधि में पुलिस और प्रशासन के लिये सबसे ज़रूरी काम यह हो गया था कि लोगों को घर में ही ठहरे रहने का महत्व समझाऐं और इसके लिये प्रेरित करे। चूँकि शरद गुप्ता की पैरोडी रचना यह संदेश प्रभावशाली तरीके से देती थी - इसलिये कई शहरों की पुलिस ने इसका उपयोग किया। कुछ प्रमुख संस्थानों से जुड़े लोगों ने इस कविता का मंचन करके उसे सोशल मीडिया पर भी प्रसारित किया। शरद गुप्ता कहते हैं कि उन्होंने जब इस पैरोडी की रचना की थी, तो उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनके प्रयास को समाज की इतनी संस्तुति मिलेगी। लेकिन वो खुश हैं कि समाज ने उनकी कोशिशों को स्वीकार किया।
छंदबद्ध कविता में एक खास किस्म की लय होती है और यही कारण है कि दुनिया भर में सेनाओं को या छात्र बलों को प्रेरित करने के लिये प्रयाणगीत किस्म की किसी गीतिरचना का उपयोग किया जाता है। लय गति का परिणाम है, अनुशासित गति का। हम इसके विपरीत यह भी कह सकते हैं कि एक निश्चित लय के अनुसरण से अनुशासन का उद्भव होता है। धड़कन की लय हमारे जीवन अनुशासन का मूल है। शायद इसीलिये लय मन को अपने आकर्षण में बाँधती है। गुणीजनों का भी कहना है कि सामान्य लहजे में कहीं गई बात की तुलना में लयात्मक तरीके से कही गई बात मन को अधिक लुभाती है और अपेक्षाकृत अधिक आसानी से याद रहती है। बहरहाल, फिलहाल बात कोरोना काल की सृजनात्मक चेतना की।
मैंने कुछ दर पहले निवेदन किया था कि मेरे लिये सृजन जीवन के सौंदर्य की संभावनाओं को सहेजना है और जब हम जीवन के सौंदर्य की बात करते हैं तो वो केवल रंगों में, बातों में, गीतों में या स्वरों में कैद नहीं रहता। जीवन का वास्तविक सौंदर्य है - अभावों को, कष्टों को या दुखों को झेल रहे चेहरे पर मुस्कुराहट लाना।उस कामना को पल्लवित करना जिस कामना को भारतीय वांग्मय ने सदियों पूर्व ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्व सन्तु निरामयाः’’ कहकर रेखांकित किया था। साहित्यकारों ने इस दौर में सृजन की इस चेतना को अपने तरीके से पोषित किया। चूँकि परस्पर दूरी रखने की कोरोना जनित अनिवार्यता ने समारोहों या दीगर आयोजनों पर प्रतिबंध आरोपित कर दिया था, रचनाकारों ने अपनी रचनाओं को जन जनत क पहुँचाने के लिये सोशल मीडिया का बहुत ही प्रभावशाली उपयोग किया। पत्र- पत्रिकाओं में प्रकाशन भी एक माध्यम था लेकिन प्रकाशन की अपनी सीमा होती है। परिशिष्टों में स्थान सीमित होता है और सब रचनाकारों का लगातार प्रकाशित हो पाना संभव नहीं होता। लेकिन देश भर के व्यंग्यकारों ने अलग अलग समाचारपत्रों के व्यंग्य स्तंभों में कोरोना को निशाना बनाकर सामाजिक विसंगतियों पर प्रभावशाली प्रकार किय। वाॅट्जएप समूहों मेें इन व्यंग्य रचनाओं पर खुलकर चर्चा हुई। हास्य मिश्रित व्यंग्य रचनाओं ने इस कठिन समय में एकरसता से ऊब चुके जीवन में रस बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।
सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफाॅर्म का जितना उपयोग इस दौर के साहित्यकारों ने किया, वो अपूर्व था। इतने रचनाकार फेसबुक नामक सोशल साइट पर लाइव आए कि रचनाकारों का लाइव आना तक चुटकियों का विषय हो गया। ट्विटर पर बात कहने के लिये शब्दों की सीमा है। कुछ रचनाकार इस माध्यम पर बहुत सक्रिय रहे। कुमार विश्वास जैसे कवि के ट्वीटर पर लाखों फाॅलोअर हैं और उन्होंन अपनी रचनाधर्मिता को ट्वीटर पर निरंतर साझा किया। कविशाला, हिन्दी सोपान, रेख्ता, हिन्दी पंक्तियाँ, हिन्दीनामा, पोषमपा ओर्ग, कविसम्मेलन जैसे कई ऐसे लोकप्रिय ट्विटर हैंडल हैं जो विविध भाषाओं के कवियों की महत्वपूर्ण रचनाओं को अपने हजारों फाॅलोअर्स के साथ साझा करते हैं। ट्विटर पर य हैंडल लगातार सक्रिय रहे। इंस्टाग्राम जैसेे प्लेटफाॅर्म पर भी कुछ ऐसा ही माहौल रहा। राजस्थानी और हिन्दी की लोकप्रिय कवियत्री कविता किरण ने तो फेसबुक पर काॅफी विद किरण के नाम से एक श्रृंखला ही प्रारंभ कर दी जिसमें विभिन्न क्षेत्र की जानी मानी हस्तियों के साथ उन्होंने संवाद किया। इस दौर में कविता, कहानी, समीक्षा, व्यंग्य को लेकर अलग अलग संवादों के सिलसिले चले और लोगों ने इसे बहुत सराहा।
जीवन ऊर्जा का अजस्र स्रोत है। ऊर्जा की एक प्रकृति है कि यदि उसका निःसरण नहीं होता तो वो बेचैनी उत्पन्न करती है। जीवन ऊर्जा के निःसरण का सबसे सार्थक मार्ग सृजनधर्मिता ही है। सोशल मीडिया पर सक्रियता का नवोन्मेष पाकर सर्जना ने जहाँ रचनाकारों को अपनी बात कहने के नये अवसर दिये, वहीं कठिन क्षणों में समाज से जुड़े रहने की साहित्यिक जिम्मेदारी को निभाने में भी साहित्यिक समाज की मदद की। संवेदनाओं को आकाश मिला और संभावनाओं को नई उड़ान। आकाश और उड़ान के बीच के परस्पर रिश्ते में विसंगतियों और विपत्तियों से आगाह करने और लक्ष्य की दिशा में पंख पसारने की ऊर्जा बनाये रखने को प्रेरित करने में ही साहित्य की सार्थकता है और हम कह सकते हैं कोरोना काल में सृजनधर्मिता ने इस जिम्मेदारी को बहुत ही प्रभावशाली तरीके से निभाया। रचनाकारों ने अपने तरीके से जीवन की बेहतरी के प्रति आश्वासन के स्वरों की बुलंदी को कायम रखा और इस आश्वस्ति ने एक वैश्विक महामारी के भय से जनमानस को मुक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभई।
- अतुल कनक
अतुल कनक राजस्थानी भाषा के विख्यात साहित्यकार हैं। इनके द्वारा रचित एक उपन्यास जूण–जातरा के लिये उन्हें सन् 2011 में साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
Note: The views expressed are the author's own. The opinions and facts expressed here do not reflect the views of Kavishala and Kavishala does not assume any responsibility or liability for the same.
