पिछले 2 अगस्त को नितिन देसाई की आत्महत्या की खबर ने पूरे देश को चौंका दिया। देश के सफलतम कला निर्देशक और उद्यमी का यह अंत अप्रत्याशित था। डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने ही सबसे पहले नितिन देसाई की प्रतिभा को पहचाना और स्वंतंत्र जिम्मेदारी दी। उनसे की गयी यह बातचीत नितिन देसाई को समझने का एक परिप्रेक्ष्य देती हो।
नितिन देसाई की आत्महत्या की खबर ने आपको किस तरीके से हतप्रभ या परेशान किया?
जिसे कहते हैं ना अप्रत्याशित! इसका एक कारण यह भी है कि 29 जुलाई को मैंने नितिन देसाई पर बन रही डॉक्यूमेंट्री के लिए एक लंबा इंटरव्यू दिया था। उसमें मैंने पूरे विस्तार से बात की थी। 3 दिन बाद मुझे यह सूचना मिलती है कि नितिन देसाई नहीं रहे। विश्वास नहीं हुआ और उसका कारण समझ में नहीं आया, क्योंकि मेरा व्यक्तिगत मानना रहा है, अभी भी है, नितिन हमारे समय के पिछले तीन दशकों के सफलतम कला निर्देशक हैं। जैसे ही नितिन देसाई कला निर्देशन के रंगमंच पर आए। उन्होंने अपने समय के सभी योग्य और श्रेष्ठ को पछाड़ दिया। नितिन के गुरु नीतीश रॉय अभी भी सक्रिय हैं। उनका आगमन कला निर्देशन में एक बहुत बड़ा परिवर्तन लेकर आया। और उस परिवर्तन का कारण ‘तमस’ और ‘भारत एक खोज’ रहा। उन दिनों नितिन देसाई उनके सहायक थे। इन धारावाहिकों का सुंदर पक्ष कला निर्देशन था। वास्तविकता के बेहद करीब, शोधपूर्ण और विश्वसनीय कला निर्देशन उस समय नहीं होता था। उनके ऐसे ही कामों को देख कर मैं चाणक्य के निर्माण के समय उनसे मिलने गया था। नीतीश रॉय से मिलने की प्रक्रिया में मेरी मुलाकात एक बहुत ही जवान और उद्यमी युवक से हुई। उस समय उसकी उम्र 20 से 21 साल रही होगी। नीतीश रॉय के साथ होने वाली बैठकों में वह भी रहता था। मैंने देखा कि ‘भारत एक खोज’ के फ्लोर नंबर दो पर वह युवक सेट के निर्माण में लगा हुआ है। काम खत्म होने के बाद वह वहीं रहता और सोता है। वह अन्य मजदूरों के समान जीवन जी रहा है। वह फिल्मसिटी के कॉमन टॉयलेट का ही इस्तेमाल कर रहा था। तब वह सेंट्रल मुंबई के मुलुंड में रहता था। गोरेगांव पूर्व से मुलुंड आना-जाना उन दिनों आज की तरह आसान नहीं था। शायद इसी वजह से वह धारावाहिक के सेट पर रहता था।
नीतीश रॉय के सहायक से वह स्वतंत्र कला निर्देशक कैसे बने?
नीतीश रॉय ने चाणक्य के 21 एपिसोड किए। नीतीश रॉय को अपनी श्रेष्ठता का एहसास था। उनमें श्रेष्ठ होने का यह स्वाभिमान अहंकार को छूता था। चंद सालों में ही नीतीश रॉय लीजेंड बन गए थे। लीजेंड बन जाने वाली प्रतिभाएं नए निर्देशकों के साथ भावनहीन व्यवहार करती हैं। हमारे बीच निर्देशक और कला निर्देशक की सहृदयता टूट गई थी। नितिन देसाई समेंत और भी कुछ कारण थे जिसकी वजह से हम दोनों अलग हो गए। संक्षेप में कहें तो नितिन देसाई भी एसोसिएट का क्रेडिट चाहते थे और वह जब मैंने उन्हें दिया तो संभवत नीतीश रॉय को मेरा निर्णय पसंद नहीं आया। मैं नितिन देसाई की लगन और काम देख रहा था। उसका समर्पण देखते हुए मैंने उसे कला निर्देशन के स्वतंत्र जिम्मेदारी दे दी। मैंने नीतीश से कहा कि अब सेट तुम लगाओगे। उसे भी यकीन नहीं हुआ और मुझे सभी लोगों ने कहा कि आप समझ रहे हैं ना कि आप क्या कर रहे हैं? उन सभी को मेरा उत्तर यही था कि मुझे नितिन से ज्यादा खुद पर विश्वास है। मुझे एक ऐसा तकनीकी व्यक्ति चाहिए था, जो मेरी सोच को साकार कर सके। उसे रूप दे सके। 21वें एपिसोड के बाद ‘चाणक्य’ का सबसे बड़ा पाटलिपुत्र का सेट फिल्मसिटी में लगा तो वह सभी के आकर्षण का केंद्र बन गया। फिल्मसिटी के इतिहास में ऐसा भव्य सेट नहीं लगा था। उसे देखने रोजाना सैकड़ों लोग आते थे। बाद में तो इतनी चर्चा हो गई कि देश विदेश के गणमान्य व्यक्ति की मुंबई यात्रा में एक पड़ाव ‘चाणक्य’ का सेट हुआ करता था। तब भारत सरकार के जो भी अतिथि मुंबई आते थे, उन्हें ‘चाणक्य’ का सेट दिखाया जाता था। इस सेट से उन्हें मौर्य काल का अनुभव मिलता था। उन दिनों इस सेट की वजह से मैं देश के अनेक राजनीतिज्ञों और विदेश के राजनयिकों से मिला। वे सभी नितिन देसाई का काम देखकर बहुत प्रभावित और चकित होते थे।
पाटलिपुत्र के सेट पर ही विधु विनोद चोपड़ा की फिल्म ‘1942 ए लव स्टोरी’ के लिए अनिल कपूर और मनीषा कोइराला का स्क्रीन टेस्ट हुआ। वहां से नितिन की यात्रा जो आरंभ हुई, वह अंत तक जारी रही। उसने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
मेहनत और लगन तो आपने देखी। या अनेक प्रतिभाओं में होती है लेकिन ऐसी क्या खास बात नितिन देसाई में रही कि वे तेजी से आगे बढ़े?
मैं हमेशा मानता हूं कि मैनेजमेंट। उनमें लोगों को मैनेज करने की खूबी थी। वे सभी को साथ लेकर चलते थे। उनके समकालीनों में कुछ कला निर्देशक उनसे बेहतर और कुछ कमतर थे, वे सभी मैनेजमेंट में उनसे पीछे रह गए। अपनी टीम को जोड़कर रखने की उनमें अद्भुत क्षमता थी। आज तक मैं इसका विश्लेषण नहीं कर पाया। उसकी कृपा और क्रोध दोनों ही समान थे। अगर वह अपनी टीम से किसी को त्याग देते थे तो सदा के लिए त्याग देते थे। वे कहते थे कि मेरे साथ काम करने वालों की एक लक्ष्मण रेखा होती है, जिसने भी वह लक्ष्मण रेखा पार कर ली वह दोबारा नहीं लौट सकता। अपने समय के श्रेष्ठ कलाकारों, शिल्पियों और वास्तुकारों ने नितिन देसाई के साथ काम किया। बब्बन हिर्लेकर ऐसे ही एक डिजाइनर थे।
‘चाणक्य’ और ‘1942 ए लव स्टोरी’ करने के बाद उनकी प्रतिभा में विस्फोट और विस्तार हुआ। विकास की उनकी गति अप्रत्याशित रही। इसे कैसे आंकते हैं?
अत्यंत अप्रत्याशित रही। संयोगों का समुच्चय उसे मिला। ‘चाणक्य’ के सेट की वजह से नितिन को ‘1942 ए लव स्टोरी’ मिली। वहां विधु विनोद चोपड़ा के सहायक संजय लीला भंसाली थे। संजय लीला भंसाली ने निर्देशक बनते ही उसे मौके दिए। हिंदी में बनी तमाम बड़ी फिल्मों के कला निर्देशक नितिन देसाई रहे।
वह अपने जीवन काल में ही बहुत बड़े हो गए थे। नितिन देसाई को मीरा नायर की फिल्म ‘बुद्ध’ भी मिली थी। उसे फिल्म के लिए नितिन को कपिलवस्तु और राजगृह आदि शहर बसाना था। उसे एक ऐसा आर्किटेक्ट चाहिए था, जो ऐतिहासिक शहर की कल्पना कर सके। मैंने वसंत पेंडसे से उसका परिचय करवा दिया था। तब उस फिल्म के आर्ट डायरेक्शन का बजट 19 करोड़ था। आज उसकी कीमत लगभग ढाई सौ करोड़ होती। सिर्फ सेट लगाने की लागत। अफसोस है कि वह फिल्म प्रारूप तक ही रह गई। तात्पर्य यह कि वह योग्य सहायकों और समर्थ निर्माताओं तक पहुंच जाता था। कला निर्देशक नितिन देसाई और उद्यमी नितिन देसाई में एक अंत:संघर्ष चल रहा था। वह एक साथ ढेर सारे काम करने लगा था।
एनडी स्टूडियो के स्थापना के समय नितिन देसाई से आपकी कुछ बातें हुई होंगी?
मैंने उस समय यही कहा था कि नितिन अब तुम उद्यमी हो गए हो। तुम व्यवसायी हो गए हो। तुम्हारा ध्यान सेट की श्रेष्ठता पर नहीं रह गया है। अब तुम नफा और नुकसान के टर्म में सोचने लगे हो। मैंने तो स्टूडियो बंद करने की सलाह दी थी। मैंने उससे कहा था कि तुम मेंटोर के तौर पर काम करो और कला निर्देशकों की टीम तैयार करो।
मुझे याद है एक समय नितिन देसाई को फिल्मसिटी के पुनर्विकास का प्रस्ताव आया था। तब नितिन ने बहुत बड़ा प्रारूप बनाया था। तब महसूस किया जा रहा था कि एक और फिल्मसिटी होनी चाहिए। उसी समय नितिन ने सोचा कि क्यों न वह खुद एक फिल्म स्टूडियो स्थापित कर ले। उस समय उसे कुछ निवेशक भी मिल गए। उन दिनों उसने शूटिंग के लिए एशिया का सबसे बड़ा फ्लोर अपने स्टूडियो में बनाया था। उसने मुझे दिखाते हुए गर्व से कहा था कि देखिए मैं आपके सपने को साकार कर रहा हूं। मैं उससे शिकायत किया करता था कि हमारे सेट बड़े बंजर होते हैं। उनमें पेड़-पौधे और जंगल नहीं होते। करजत के एनडी स्टूडियो में उसने ऐसी कोशिश की थी। वह हर चुनौती स्वीकार कर लेता था।
पिछले 30 35 सालों में कला निर्देशन के क्षेत्र में हिंदी फिल्मों ने कितना विकास किया है और और सक्रिय कला निर्देशक कौन हैं?
पिछले 3035 सालों में जितने भी कला निर्देशक भारतीय परिदृश्य में मशहूर हुए हैं, वे सभी नीतीश रॉय के शिष्य रहे हैं। उनका ही स्कूल चल रहा है। प्रोडक्शन डिजाइन में हम पूरी दुनिया में सबसे आगे हैं। धन और निवेश की वजह से वे प्रोडक्शन में आगे होंगे। प्रोडक्शन की डिजाइनिंग में हम बहुत आगे हैं। हमारे डिजाइनर और कारीगर जब विदेशों में काम करते हैं तो विदेशी हतप्रभ रह जाते हैं।
नित नई तकनीक और एआई के आगमन ने कला निर्देशन के क्षेत्र में कल्पना को बाधित किया है क्या?
मुझे लगता है तकनीक और एआई ने कल्पना को ऊंचाई और विस्तार दे दिया है। आज फिल्मकार कुछ भी सोच ले कला निर्देशक उसे साकार कर सकता है। हां, निर्देशक को सोचना होगा और कला निर्देशक को बताना होगा। वह नई तकनीक और एआई की मदद से कुछ भी कर सकता है। निर्देशक और कला निर्देशक की जरूरत हमेशा बनी रहेगी, क्योंकि एआई उसी अनुभव और ज्ञान को प्रस्तुतकरता है, जो कहीं ना कहीं मौजूद है। मैंने एआई द्वारा तैयार प्राचीन भारत के कुछ चित्र देखे हैं। मैं कह सकता हूं कि वे प्रामाणिक नहीं हैं। मौलिकता के लिए मनुष्य ही चाहिए। मशीन प्रतिलिपि तैयार कर सकती है। वह आपका सहयोगी हो सकती है और बता सकती है कि इस रास्ते भी जा सकते हैं। हां, समय और धन जरूर बचेगा तकनीक और एआई की मदद से।
नितिन देसाई के इस आकस्मिक अवसान से क्या क्षति हुई?
नितिन देसाई हमारे समय का सफलतम व्यक्ति था। वह भयंकर प्रतिभावान था। उसने कई दिशाओं में काम किया। उसका योगदान अविस्मरणीय रहेगा। उसे कभी भुला नहीं पाएंगे। कला निर्देशक आते-जाते रहेंगे। उसने एक युग जिया। मुझे नहीं मालूम था कि वह तनाव में है। हालांकि हम साथ में काम करते रहे। कई योजनाओं में हम साथ रहे हैं। राम मंदिर के परिसर में एक श्रीराम म्यूजियम की भी कल्पना है, जिसमें हम लोग सलाहकार समिति में थे। नितिन हमेशा कहता था कि डॉक्टर साहब मिलकर कुछ बड़ा काम करते हैं। हम दोनों बहुत उत्साहित थे उस काम को लेकर। हम साथ खंडों में उस म्यूजियम मैं राम की कथा कैसे कहें पर विचार कर रहे थे। हम एक ही बात सोचते थे कि वहां आए दर्शक उसे अनुभव को कैसे प्राप्त करें?
सम्राट पृथ्वीराज के बाद आप क्या कर रहे हैं?
मैं अभी तीन अलग-अलग काल खंडों पर काम कर रहा हूं। एक कालखंड 1930 से 1947 तक का है। दूसरा कालखंड तेरहवीं शताब्दी का है। तीसरा कालखंड 16वीं शताब्दी का है। यहां पूरी विनम्रता के साथ मैं कहना चाह रहा हूं कि ‘सम्राट पृथ्वीराज’ की रिलीज के पहले 2 जून 2022 की शाम तक मैं पांच फिल्में कर रहा था। फिल्म रिलीज हुई और 3 जून 2022 के रात 9 बजे तक मैं सारी फिल्मों से अलग हो गया था। मुझे याद है 2 जून की रात हवाई जहाज से मुंबई में उतर रहा था और मुझे एक निर्माता का फोन आया कि हम एक पीरियड वेब सीरीज कर रहे हैं। हम चाहते हैं कि आप उसके शो रनर और निर्देशक बनें। मैंने उन्हें 3 जून तक रुकने के लिए कहा। उनसे 4 जून को फोन करने के लिए कहा। और वह फोन दोबारा नहीं आया। फिल्मकार का जीवन ऐसा ही होता है।
हिंदी सिनेमा के वर्तमान परिदृश्य को कैसे देखते हैं?
मुझे लगता है कि यह बहुत अच्छा समय चल रहा है क्रिएटिव व्यक्तियों के लिए। जो सिनेमा नहीं बना पा रहे हैं, वे सिनेमा से बड़ी वेब सीरीज बना रहे हैं। भारत समेत पूरी दुनिया ने वेब सीरीज को हाथों-हाथ लिया है। सिनेमा में स्टार की महत्ता बहुत बड़ी हो गई है। दर्शक किसी भी फिल्म के स्टार के बारे में पहले पूछता है। वेब सीरीज देखते हुए हम ध्यान भी नहीं देते कि कलाकार कौन है? मैं यह भी जोड़ना चाहूंगा कि पॉपुलर स्टार की आक्रामकता और उसके पूर्वाग्रह से फिल्मों को बचाना होगा। इसी के साथ निर्माता के पूर्वाग्रह और अज्ञान से उपजे अतिआत्मविश्वास से हिंदी सिनेमा जितनी जल्दी बाहर आएगा, उतना भला होगा।
सिनेमा मुख्य रूप से बड़े शहरों में केंद्रित हो गया हैं। हिंदी समाज के इलाकों में थिएटर ही नहीं हैं। दर्शक सिनेमा तक कैसे पहुंचे?
मुझे लगता है कि धीरे-धीरे छोटे थिएटर बनने की शुरुआत होगी। कस्बों में भी अब इनकी मांग बढ़ रही है। थिएटर में सिनेमा देखने का अनुभव अलग होता है। मल्टीप्लेक्स में टिकट और खानपान के दर इतने ज्यादा हो गए हैं कि मध्यवर्गीय परिवार किसी भी फिल्म के बारे में 10 बार सोच कर ही थिएटर में जाता है। इसके साथ यह भी ध्यान में रखना होगा कि दर्शक अब साधारण फिल्में देखने के लिए थिएटर में नहीं जाएगा। उसे विशेष चाक्षुष अनुभव देंगे तभी वह थिएटर में जाएगा।
इन दिनों भावनाएं इतनी आहत हो रही है कि किसी भी फिल्म को लेकर आप आना मुश्किल काम हो गया है। ऊपर से सीबीएफसी कार्य व्यवहार फिल्मकारों को परेशान कर रहा है। उसके सदस्य अति संवेदनशील होकर मीन मेख निकालने लगे हैं...
मैं हमेशा किसी भी प्रकार के प्रतिबंध के खिलाफ रहा हूं। मैंने ‘चाणक्य’ से लेकर अंतिम रचना तक ऐसे प्रतिबंधों के खिलाफ लड़ाई की है। मेरा मानना है कि समाज में हर व्यक्ति को अपने विचार व्यक्त करने का अधिकार है। आपको विरोध और बहिष्कार का अधिकार है। आपको आलोचना का भी अधिकार है, लेकिन यह कहना गैरवाजिब है कि किसी कृति को समाप्त कर दिया जाए या उसे बनाने की अनुमति ही ना दी जाए। अब प्रश्न यह है कि भावनाएं आहत होती हैं। पहले हर तरह का सिनेमा बनता था, लेकिन कोई आहत नहीं होता था। अभी यह हर रोज की खबर हो गई है। सोशल मीडिया के विस्तार ने गैरजिम्मेदार टिप्पणीकारों की संख्या बढ़ा दी है। मुझे लगता है कि जल्दी ही न्यायालय यह जानना चाहेगा की भावनाओं के आहत होने का क्या मापदंड हो सकता है? आहत होने का कोई लक्षण तो होना चाहिए। आप देखें कि तथ्यों से छेड़छाड़ की बात कोई नहीं करता। सभी कहते हैं कि हमारी भावनाएं आहत हो रही हैं। मेरी जानकारी में अभी तक कोई ऐसा मामला नहीं आया है, जिसमें कहा गया हो कि इस फिल्म में इतिहास का खंडन हो गया है। गौर कीजिएगा की बड़ी अदालतों में जब भी इस प्रकार के मामले गए हैं। जजों ने फिल्मों के पक्ष में फैसला दिया है। ‘मोहल्ला अस्सी’ के समय दिल्ली के एक कोर्ट ने कहा कि भावनाएं आहत हुई है, इसलिए इस फिल्म को रोक दिया जाए। फिल्म रुक गई। जब हम उससे बड़ी अदालत में गए उसने रोक को हटा दिया। ताजा मामला ‘आदिपुरुष’ का है। पूरे देश से यह यह बात आई कि हमारी भावनाएं आहत हुई है। मामला न्यायालय में पहुंचा तो कुछ जजों ने फिल्म के खिलाफ बहुत ही नकारात्मक और तीखी बात कही। अदालतों से व्यक्तिगत अभिप्राय आ रहे थे। अदालत किसी भी मुद्दे पर संविधान के आधार पर ही फैसला सुनाता रहा है। सर्वोच्च न्यायालय में जाने पर यह मामला चंद मिनटों में खारिज हो गया और फिल्म के लिए बनाई गई समिति भंग कर दी गई। सुप्रीम कोर्ट ने स्वीकार ही नहीं किया कि कोई भावना आहत हुई है। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि इन दिनों हर आदमी की भावना हर बात पर आहत हो रही है। उनके इस कथन में बहुत बड़ा भाष्य है। हमारे दर्शक, निर्देशक, फिल्मकार और सीबीएफसी समझ सके तो बेहतर है।
अंत में क्या सेंसरशिप रहनी चाहिए?
मेरा हमेशा मानना है कि ऐसी कोई कृति स्वीकार नहीं होगी जो भारतीय संविधान के विरोध में हो। भारतीय संविधान के विरोध में कोई फिल्म बन भी नहीं सकती। अगर ऐसी कोई फिल्म बनती है तो निश्चित तौर पर वह रोकी जाएगी। ऐसी कोई फिल्म नहीं बननी चाहिए जो समाज में विद्रूपता फैलाए। समाज में विद्वेष फैलाए और समाज की समरसता को भंग करे। समाज में घृणा फैलाने का काम फिल्मों का नहीं है। हमारी फिल्में सिनेमैटोग्राफ एक्ट 1952 के अनुसार बननी चाहिए। आप देखें कि समस्या क्या है? यह एक्ट के प्रतिपादन में है।
[अजय ब्रह्मात्मज]
फिल्म पत्रकार अजय ब्रह्मात्मज ने पत्र पत्रिकाओं में निरंतर लेखन से अपना विशेष स्थान बनाया है। लोकप्रिय हिंदी सिनेमा के प्रति गंभीर दृष्टिकोण रखते हुए उसके विपुल प्रभाव को समझने की कोशिश में वे फिल्मी हस्तियों के संपर्क में आए! जुड़िये अजय ब्रह्मात्मज से: CineMahaul
अगर आपको सिनेमा और साहित्य में रूचि है तो अजय ब्रह्मात्मज की ये किताबें जरूर पढ़े!
Note: The views expressed are the author's own. The opinions and facts expressed here do not reflect the views of Kavishala and Kavishala does not assume any responsibility or liability for the same.
