हर इतवार यही लगता है

देरे से आँख खुली है मेरी,

या सूरज जल्दी निकला है

जागते ही मैं थोड़ी देर को हैराँ-सा रह जाता हूँ

बच्चों की आवाज़ें हैं न बस का शोर

गिरजे का घंटा क्यों इतनी देर से बजता जाता है

क्या आग लगी है?

[गुलज़ार]

___________

जिसको दिन-रात देखते थे हम,

उसने इक बार भी नहीं देखा

इश्क़ इतने जतन से करते रहे,

हमने इतवार भी नहीं देखा

[कुमार विश्वास]

___________

इतवार की दोपहर तो हमेशा ही अच्छी होती है

बिल्कुल तुम्हारी तरह

बे-फ़िक्र बे-परवाह आज़ाद

मैं ने भी हमेशा इसे अपने ही तरीक़े से बिताया है

पर जाने क्यूँ

कुछ अर्से से जब भी ये सुकून भरा वक़्त अपने साथ बिताने की कोशिश की

तुम दूर-दराज़ के वक़्तों से निकल के चुप-चाप मेरे क़रीब बैठ जाते हो

मेरे हाथों की खुली किताब बंद कर के

अपने ही क़िस्से सुनाने लगते हो

दिसम्बर की सर्दी

बारिश की बूँदे

और इतवार की दोपहर

वही क़िस्सा जो तुम ने जिया था कभी

मेरे साथ

लग-भग हर हफ़्ते दोहराते हो

और मुझे एहसास भी नहीं होता कि मैं क़ैद हूँ

[गीताञ्जलि राय]

___________

इतना मसरूफ़ हूँ आराम नहीं आ सकता

कोई इतवार मेरे काम नहीं आ सकता

[विकास शर्मा 'राज़']

___________

मुश्किल से आता है और उड़ जाता है

इस हफ़्ते इतवार छुपा कर रखना तुम

[भास्कर शुक्ला]

___________

रह कर ज़मीं पे चाँद के दीदार के लिए

दफ़्तर में दिन गुज़रते हैं इतवार के लिए

[ओम अवस्थी]

___________

नफरतों को भी अपनी,

इक इतवार दीजिये!

[मिथिलेश बारिया]

___________

ये सच है वो हर हफ्ते आता तो है।

सबकी किस्मत में इतवार नहीं होता।।

[प्रताप सोमवंशी]

___________

जज़्बातों का भी तो इतवार होना चाहिये !

[आयुष्मान खुराना]

___________

वो घर के एक बूढ़े की तरह सबसे निभाता है

मुसीबत छह दिनों की छुप गई इतवार के अंदर

[प्रताप सोमवंशी]

___________

अपनी यादों से कहो इक दिन की छुट्टी दें मुझे

इश्क के हिस्से में भी इतवार होना चाहिये

[मुनव्वर राना]

___________

तुम्हारी तरह इसका भी एक दफ़्तर है

एक इतवार ज़िन्दगी को भी चाहिए

[मिथिलेश बारिया]

___________

हफ़्ते में हैं दिन सात मगर सात दिनों में

सिर्फ़ एक ही इतवार है मालूम नहीं क्यूँ

[किशनलाल ख़न्दां देहलवी]