मिलोगे तुम नहीं चाहा करोगे

बताओ आशिक़ी का क्या करोगे

यक़ीं में तुम ने अपना दिल दिया था

वफ़ा में जान तुम माँगा करोगे

मैं अपनी हद से अब बेहद हुई हूँ

तो क्या सोचे बिना लौटा करोगे

लगाई है जो तुम ने आग जानम

कभी क्या इस को तुम तापा करोगे

उसी कमरे में अब भी हूँ अकेली

तो क्या तुम याद बिन पीछा करोगे

मोहब्बत में नहीं झुकना है तुम को

कुँवारे नैन तुम घूमा करोगे

कहीं रुकना नहीं फ़ितरत तुम्हारी

कहाँ तक भौंरे बन भटका करोगे

________________


टुकड़ों में तुम क्यों फिरते हो

कहते कुछ हो कुछ दिखते हो

रातों में है कितना सन्नाटा

सारी रातें क्यों जगते हो

आँखों में हैं नींदें इतनी

क्या करते हो कब सोते हो

थक कर मैं ख़ुद को कहता हूँ

तुम चादर से क्यों लम्बे हो

जाने वाला कब लौटेगा

दिल से अब भी तुम बच्चे हो

________________


ये कैसे ग़म निखारा जा रहा है

फ़क़त अब दिन गुज़ारा जा रहा है

बड़ा ही प्यार करते हैं वो मुझ से

बदन ये कह सँवारा जा रहा है

कभी आपस कभी घर और कभी तुम

मुझे कुश्तों में मारा जा रहा है

ज़रा सा काँप उट्ठे ठहरे पर्वत

ये किस को यूँ पुकारा जा रहा है

ग़ज़ब लाशों पे करते रक़्स हैं जो

वो कहते हैं मुदारा जा रहा है

नए पौदे सभी को रोपने हैं

पुराना दश्त वारा जा रहा है

हुआ दीदार मरते वक़्त हमदम

तिरा 'पूनम' ख़सारा जा रहा है

________________


ग़रीबों के आँगन हैं सब से बड़े

ये दुनिया के गुलशन हैं सब से बड़े

बड़ी मुख़्तसर सी रही बात ये

कि हम अपने दुश्मन हैं सब से बड़े

ज़रा देख जलते हुए शहर को

सियासत के रौज़न हैं सब से बड़े

कहाँ से चले हम कहाँ के लिए

तरक़्क़ी के तौसन हैं सब से बड़े

ये ख़ाना-बदोशी ये आवारा-पन

मोहब्बत में फिसलन हैं सब से बड़े

तिरा इश्क़ हम को तिरी आरज़ू

ख़ुशी के ये क़दग़न हैं सब से बड़े

वो 'पूनम' की बेचैन रातें सनम

मिरे साथ रहज़न हैं सब से बड़े

________________


हमारे दरमियाँ जो फ़ासला है

महज़ कुछ रंग-ओ-बू का मसअला है

बड़ी तन्हाइयाँ हैं ज़ेहन में अब

हमारे साथ में इक क़ाफ़िला है

मैं हर मंज़र में शामिल हो रही हूँ

मिरा ख़ुद से न कोई सिलसिला है

मैं आँखें बंद अपनी कर रही हूँ

मोहब्बत जाने कैसा मश्ग़ला है

सुनो ये शाम अब ढलने लगी है

बता दो जो तुम्हारा फ़ैसला है

________________


बिना बोले जो तुम ने कल कहा है

हमारा दिल ज़रा बैठा हुआ है

उसी खिड़की पे बैठा चाँद है फिर

ज़माना कितना आगे बढ़ गया है

ये माना हम बहकने लग गए थे

ज़रा समझो कि ये नश्शा नया है

वो तितली फूल जंगल झरना अब भी

बड़ा चुप-चाप देखें रास्ता है

गुमाँ है कुछ ज़ियादा तुम को ख़ुद पे

ये मत भूलो नया ये सिलसिला है