आज वीरभद्र दिवस है
हां जी! वीरभद्र का दिवस है
अपने इशारे बेचने वालों का दिन है
सर झुका कर सरकने वालों का दिन है
आज के दिन पूजा होनी चाहिए
उन सभी देवताओं की
जो मौन रहते हैं
घर फूंक तमाशा देखते हैं
जैसे, आज के दिन
पूजे जाने चाहिए
वे सभी पितामह, धर्मराज और महाबली
जो किसी द्रौपदी के चीरहरण पर
झुका लेते हैं सर
और गुरु मंत्र लेना चाहिए
उन आचार्यों से जो
एक अदने से अभिमन्यु को फंसाकर
चक्रव्यूह के अंदर
करते हैं घमंड
अपने ऊपर
क्योंकि, क्या पता?
कौन अभिमन्यु कल
बन के आज़ाद
दे मूंछों पे बल!
इसलिए कुचल दो उन सबको
अपने रथ के नीचे
या दम घोंट दो उनका
मर जायें सब, आंखें मीचे
क्योंकि आज़ाद तो मरते हैं
आज़ाद को मरना है
बाकी, ये संसार तो
हम वीरभद्रों से ही चलना है
