यही प्रसिद्ध लौह का पुरुष प्रबल

यही प्रसिद्ध शक्ति की शिला अटल,

हिला इसे सका कभी न शत्रु दल,

पटेल पर, स्वदेश को गुमान है।


सुबुद्धि उच्च श्रृंग पर किये जगह,

हृदय गंभीर है समुद्र की तरह,

क़दम छुए हुए ज़मीन की सतह,

पटेल देश का निगाह-बान है।


हरेक पक्ष को पटेल तोलता,

हरेक भेद को पटेल खोलता,

दुराव या छिपाव से उसे ग़रज़?

सदा कठोर नग्न सत्य बोलता,

पटेल हिंद की निडर ज़बान है।