
मनोहर श्याम जोशी एक ऐसी विलक्षण शख्सियत थे जिसकी प्रतिभा साहित्य से लेकर पत्रकारिता, टेलीविजन और सिनेमा तक एक सी सहजता से पसरी हुई थीा. मनोहर श्याम जोशी टीवी धारावाहिकों के भीष्म पितामह कहे जा सकते हैं. हमारे देश में सोप ऑपरा लिखने वाले वे पहले लेखक थे. उन्होंने दूरदर्शन की शैशवावस्था में उसके लिए दैनिक धारावाहिक लिखना शुरू किया. ‘बुनियाद’ और ‘हम लोग’ जैसे इन धारावाहिकों का जो क्रेज रहा है, उसे याद किया जाए तो आज के सास-बहू और तरह-तरह के मसाला धारावाहिकों का कद उनके आगे बहुत बौना जान पड़ता है!
मनोहर श्याम जोशी आधुनिक हिन्दी साहित्य के प्रसिद्ध गद्यकार, उपन्यासकार, व्यंग्यकार, पत्रकार, दूरदर्शन धारावाहिक लेखक, जनवादी-विचारक, फ़िल्म पट-कथा लेखक, उच्च कोटि के संपादक, कुशल प्रवक्ता तथा स्तंभ-लेखक थे। दूरदर्शन के प्रसिद्ध और लोकप्रिय धारावाहिकों- 'बुनियाद', 'नेताजी कहिन', 'मुंगेरी लाल के हसीं सपने', 'हम लोग' आदि के कारण वे भारत के घर-घर में प्रसिद्ध हो गए थे। उन्होंने धारावाहिक और फ़िल्म लेखन से संबंधित 'पटकथा-लेखन' नामक पुस्तक की रचना की है। 'दिनमान' और 'साप्ताहिक हिन्दुस्तान' के भी वे संपादक रहे।
मनोहर श्याम जोशी का जन्म 9 अगस्त, 1933 को राजस्थान के अजमेर के एक प्रतिष्ठित एवं सुशिक्षित परिवार में हुआ था। उन्होंने स्नातक की शिक्षा विज्ञान में लखनऊ विश्वविद्यालय से की। परिवार में पीढ़ी दर पीढी शास्त्र-साधना एवं पठन-पाठन व विद्या-ग्रहण का क्रम पहले से चला आ रहा था, अतः विद्याध्ययन तथा संचार-साधनों के प्रति जिज्ञासु भाव उन्हें बचपन से ही संस्कार रूप में प्राप्त हुआ, जो कालान्तर में उनकी आजीविका एवं उनके संपूर्ण व्यक्तित्व विकास का आधार बना।
व्यक्तित्व
मनोहर श्याम जोशी हमारे दौर की एक साधारण शख़्सियत थे। साहित्य, पत्रकारिता, टेलीविजन, सिनेमा जैसे अनेक माध्यमों में वह सहजता से विचरण कर सकते थे। उनकी मेधा और ज्ञान जितना चर्चित था, उतना ही उनका विनोद और सड़क के मुहावरों पर उनकी पकड़ भी जानी जाती थी।
उपन्यासकार
वे जब मुंबई में फ्रीलांसर के तौर पर कार्य कर रहे थे, तब 'धर्मयुग' के तत्कालीन संपादक धर्मवीर भारती ने उनसे 'लहरें और सीपियां' नाम से एक स्तंभ लिखने को कहा था, जो मुंबई के उस सेक्स बिजनेस पर आधारित होना था, जो जुहू चौपाटी में चलता था। लड़कियाँ-औरतें शाम के वक्त ग्राहकों को पटाने के लिए घूमती रहती हैं। तब जुहू चौपाटी के आसपास कई दलाल भी घूमते रहते थे। अपने क्लाइंट के लिए ग्राहक पटाने का काम करते थे। दलालों के अपने कई क्लाइंट होते थे। ग्राहक को एक लड़की पसंद न आये तो दूसरी-तीसरी पेश करते थे। इन सबका अपना एक तंत्र था। इसी के बारे में लिखना था। मामला कुछ-कुछ इनवेस्टिगेटिव जर्नलिज्म का था। लड़कियाँ इस पेशे में क