घर है छोटा देश हमारा ।


चाची तो गुजरात से आई,

और पंजाब की हैं ’भरजाई’,

ताई जी हैं राजस्थानी,

बोलें- ‘म्हारा...थारा..’ !


सुबह ढोकले, पूरन-पूरी,

शाम बने रोटी तंदूरी,

उसके संग-संग हरी मिर्च की

चटनी का चटकारा ।


मम्मी-पापा, ताया-ताई,

भाई जी उनकी भरजाई,

छोटे-से घर में हिल-मिल कर

सारे करें गुज़ारा ।


घर है छोटा देश हमारा ।