माँ...

बाबूजी नहीं पहुँच पाएँगे घर

हाँ माँ,

सोमवार को साथ में ही ट्रेन में चढ़े थे

हम दोनो..

खिड़की वाली सीट भी मिल गयी थी

बाबूजी को

मुझे लगा दो दिन में पहुँच जाएँगे

हाँ माँ....

खाने को जो भी था घर पर ले लिया था

पर मुझे क्या पता रस्ते में कुछ नहीं मिलेगा

पानी के अलावा

नहीं माँ, पैसे थे मेरे पास

पर कुछ भी ख़रीदने को बिक नहीं रहा था।

ना कुछ बँट रहा था...

पापा भूख सहन कर पाए थे दो दिन तो

पर बुधवार सुबह को बेहोश मिले,

रात वो बहुत भूख में सोये थे।

पूरे डब्बे में खाना नहीं था किसी के पास..

पानी मिला पर पानी थोड़ा मुँह में गया

बाक़ी मैंने उनका माथा गीला किया,

सोचा उठ जाएँगे।

कानपुर पर जब ट्रेन रुकी...

रात के ११ बज चुके थे

नीचे उतरा पर कुछ नहीं मिला...

पानी का नल चल रहा था

पर पानी से कोई फ़र्क़ कहाँ पड़ने वाला था

१२ घंटे हो गए थे बाबूजी को बेहोश हुए

शरीर ठंडा हो गया

बहुत रोया माँ...

अगर मालूम होता ३६ घंटे का सफ़र

७२ घंटे में भी आधा कटेगा

तो मैं उनको लाता नहीं

हाँ माँ मधुमेह का पता था मुझे

कहा ना गलती हो गयी

घर पहुँचने की लालसा...

मुझे अनाथ कर गयी माँ।

जब रात भर ट्रेन रुकी रही

और बाबूजी भी थम गए

अग़ल बग़ल के लोगों ने कहना शुरू कर दिया

लाश को साथ नहीं बैठाएँगे...

मुझे तो वो अभी भी बाबूजी लग रहे थे

भला उन्हें लाश कैसे नज़र आ रही थी

बस बोल नहीं रहे थे

हो सकता है सुन रहें हो

मैं उनको ले कर बैठा रहा डब्बे के गेट से सटा,

बिलकुल ठंडे थे बाबूजी...

शायद अब सुन भी नहीं रहे थे

वृहस्पत को दिन भर ट्रेन रुकती चलती रही

रात में मुग़लसराय पर कुछ खाना बाटने वाले चढ़े

मुझे खाना मिला

बाबूजी को लेटा समझ उनके बग़ल में भी रख दिया

पर बाबूजी को अब कहाँ ज़रूरत थी

रात भर ट्रेन वहीं आउटर में रुकी रही

जाने कब मोकामा पहुँचेगी,

यह सोच सोच के दिल रो रहा था माँ..

माँ मैं बाबूजी को साथ ला रहा था

पर फिर, लोगों ने बोलना शुरू कर दिया

बाबूजी को लाश का नाम दे दिया

पुलिस भी आयी और हम दोनो को उतार दिया

प्लैट्फ़ॉर्म तक पहुँचा दिया।

सुबह मैंने बाबूजी का गमछा उनके ऊपर ढक के..

प्लैट्फ़ॉर्म से बाहर निकला

सोचा कुछ लोगों की सहायता ले अंत्येष्टि की व्यवस्था करूँ

बाबूजी का अंतिम संस्कार करूँ

पर बाहर तालाबन्दी थी...

दूर दूर तक कोई नहीं था

२ घंटे लगे पूछ पूछ कर शमशान ढूँढने में

अब तो स्कूटर वाले एक सज्जन भी मिल गये थे,

मेरी सहायता के लिए।

मैं उनको ले कर स्टेशन लौटा माँ..

बाबूजी को लेने..

उनकी अंतिम यात्रा के लिए।

भारी मन में कब आँसू रुक गए थे मुझे पता नहीं चला

जब प्लैट्फ़ॉर्म पर पहुँचा तो बाबूजी नहीं थे

कोई लावारिस समझ ले गया उन्हें

किससे पूछता?

कौन था वहाँ...कोई इंसान दिखाई नहीं दे रहा था मुझे

बहुत ढूँढा पर कोई पता ना चला

किसी कर्मचारी ने बोला आज १६ लाशें मिली हैं

कल तो सिर्फ़ चार थी

इन २० लाशों में एक बाबूजी की भी लाश थी

ट्रेन जिसमें हम चढ़े थे मुंबई से

वो अब जा चुकी थी

१८ घंटे हो गए हैं यहाँ माँ

ना बाबूजी मिले ना कोई ट्रेन..

कुछ लोग और आ गए हैं

सब ट्रेन की आस में हैं

खाना था उनके पास, उन्होंने मुझे भी खाना दिया

अब दो बैग हैं मेरे पास

मेरा और बाबूजी का

बस बाबूजी नहीं है माँ।

माँ...

बाबूजी नहीं पहुँच पाएँगे घर

बहुत शोक में हूँ,

हाँ माँ,

घर लौटने के लिए ट्रेन के इंतज़ार में हूँ.....