कैसा अजीब आया है इस साल का बजट

मुर्ग़ी का जो बजट है वही दाल का बजट

[खालिद इरफ़ान]



ख़सारे पर ख़सारे का बजट तय्यार होता है

मईशत की तरक़्क़ी का मगर प्रचार होता है

तिजारत जिस तरह बाज़ार में करता है पंसारी

अदब में भी वही दिन रात कारोबार होता है

अगर मरने की ठानी है तो क्या सोचा है ये तुम ने

गिरानी में कफ़न मिलना बहुत दुश्वार होता है

मियाँ जाते तो हो सर पर लिए फ़रियाद की गठरी

पता भी है तुम्हें थाने में थानेदार होता है

गिले शिकवे से क्या हासिल कि दौर-ए-बे-उसूली में

जो चलता है उसूलों पर ज़लील-ओ-ख़्वार होता है

निगाहों में जो मंज़र हो वही सब कुछ नहीं होता

बहुत कुछ और भी प्यारे पस-ए-दीवार होता है

डकारें मारते कारों में ना-कारे नज़र आएँ

मगर मरता है जो भूखों कोई फ़नकार होता है

चलो हम भी मिला दें अपनी ख़ुद्दारी को मिट्टी में

''कि दाना ख़ाक में मिल कर गुल-ए-गुलज़ार होता है''

ख़ुदी उस की बुलंदी की तरफ़ जा ही नहीं सकती

किराया-दार कुछ भी हो किराएदार होता है

जो अपना भाई है रहता है वो पाँव की ठोकर में

मगर जोरू का भाई तो गले का हार होता है

बुढ़ापे में भी टीवी पर वो आँखें सेंक लेते हैं

वो जब चाहें हसीनों का उन्हें दीदार होता है

ख़ुशामद में ही आमद है 'ज़फ़र' तू भी ख़ुशामद कर

उसी के फ़ैज़ से बेड़ा सभों का पार होता है 

[ज़फ़र कमाली]





कैसा अजीब आया है इस साल का बजट

मुर्ग़ी का जो बजट है वही दाल का बजट

जितनी है इक क्लर्क की तनख़्वाह आज कल

उतना है बेगमात के इक गाल का बजट

सिर्फ़ एक दिन में बीस मुसाफ़िर हुए हलाक

हाज़िर है साईं गुलशन-ए-इक़बाल का बजट

टीवी का ये मज़ाक़ अदीबों के साथ है

शाएर से दुगना रख दिया क़व्वाल का बजट

बिछड़े थे जब ये लोग महीना था जून का

सोहनी बना रही थी महींवाल का बजट

दामाद को निकाल के जब भी हुआ है पेश

सालों ने पास कर दिया ससुराल का बजट

बिकती है अब किताब भी कैसेट के रेट पे

कैसे बनेगा 'ग़ालिब' ओ 'इक़बाल' का बजट

माँ कह रही थी रंग लिपस्टिक के देख कर

चट कर दिया बहू ने मिरे लाल का बजट

दोनों बने हैं बाइस-ए-तकलीफ़ आज-कल

'इसहाक़'-डार और नए साल का बजट 

[खालिद इरफ़ान]