अगर कविता न होती तो राम और कृष्ण भी यथार्थ न होते।

अशोक वाजपेयी

_______


चुन सको तो राम से वनवास चुनना राम का

है कठिन महलों में पुरुषोत्तम सा बनना राम का


जिसने बाली बल के आगे था चुना पीड़ित अनुज

तुलसी के मानस में ढूंढो ऐसा पन्ना राम का


आशीष प्रकाश

_______


राम, तुम्हारे युग का रावण अच्छा था !

दस के दस चेहरे सब बाहर रखता था !!


⁠प्रताप सोमवंशी

_______


हम राम को मान रहें हैं

लेकिन राम की नहीं मान रहे!


⁠आशुतोष राणा

_______


गाली को प्रणाम समझना पड़ता है,

मधुशाला को धाम समझना पड़ता है।


आधुनिक कहलाने की अंधी जिद में,

रावण को राम समझना पड़ता है।।


अज़हर इक़बाल

_______


राम। तुम्हारा चरित्र स्वयं ही काव्य है।

कोई कवि बन जाए सहज संभाव्य है॥


मैथिलीशरण गुप्त

_______


हे राम, कहां यह समय

कहां तुम्हारा त्रेता युग,

कहां तुम मर्यादा पुरुषोत्तम

कहां यह नेता-युग !


कुँवर नारायण

_______


हम में जितने राम हैं सब बनवास पे हैं

हम में जितने रावण हैं सब राजा हैं


नोमान शौक़

_______


राम भरोसो राम बल, राम नाम बिस्वास।

सुमिरत सुभ मंगल कुसल, मांगत तुलसीदास॥


तुलसीदास

_______


ढाल में ढले समय की शस्त्र में ढले सदा

सूर्य थे मगर वो सरल दीप से जले सदा

ताप में तपे स्वयं ही स्वर्ण से गले सदा

राम ऐसा पथ है जिसपे राम ही चले सदा।


अमन अक्षर

_______


नर-नारी सब नरक है, जब लग देह सकाम।

कहै कबीर ते राम के, जैं सुमिरैं निहकाम॥


कबीर दास

_______


राम जानते थे


कैकेयी के मन का मैल

फिर भी माँ का मान रखा


जानते थे शिला का अतीत

उदार होकर अहिल्या पर पैर रखा


बस नहीं जानते थे

वैदेही का एकनिष्ठ अनुराग

जो चली थी हर पग पर साथ


सच है राजा

जन का अधिक

अभिजन का बहुत कम होता है


तभी तो प्रजापति कहलाता है


अंजना टण्डन