डॉक्टर: आपको कैंसर निकल आया है!

डॉ. निर्मल दर्शन: मुझे कैंसर निकल आया है, ठीक है। अब ये बताइए मैं इससे कैसे निकलूं?

खुद को एक गंभीर बीमारी की चपेट में पाकर भी जिंदादिली कायम रखने वाले ये शख्स थे - शायर डॉ. निर्मल दर्शन!  

उनको याद करते हुए पेश हैं उनकी कुछ चुनिंदा रचनाएं:



ये दिल सब कुछ गंवाना चाहता है

न जाने क्या ये पाना चाहता है


वो आंसू तो बहाना चाहता है

मगर कोई बहाना चाहता है


वो बैठा है ग़मों को याद करने 

वो शायद मुस्कुराना चाहता है


कफ़स हो या हो कोई आशियाना 

परिंदा तो ठिकाना चाहता है


मुसलसल उम्र भर खामोश रह कर

वो आख़िर क्या बताना चाहता है


तुम्हें तो पाके भी इक रोज़ खोना बाकी है

ये वो हंसी है कि जिसका रो ना बाक़ी है


कुछ और ज़ुल्म-ओ-सितम हों तो वो भी कर लीजे

हमारे दिल का एक कोना अभी बाक़ी है


अभी न छीनो उजाले हमारी आंखों के

अभी को ख़्वाब की ताबीर होना बाक़ी है


पहले दिल तो जलाया गया 

और फिर मुस्कुराया गया


प्यार के एक पल के लिए 

उम्र भर आज़माया गया


मुझको पहले सजा दी गयी

फिर अदालत में लाया गया 


मौत से आंख क्या मिल गयी

सारा अपना पराया गया