अब कविताओं के प्रतिमान बदलने होंगे - मनोज झा


अब कविताओं
के प्रतिमान बदलने होंगे
अब की कविता श्रृंगार की हो
बादशाह के जयजयकार की हो
विचार की तो कतई नहीं

उत्पीड़न का व्याकरण
उन्हें ही मुबारक जिनकी ज़िन्दगी सदियों से चोटिल है
हमें क्या और हमारा क्या
हम तो सारे जहां पे काबिज़ रहेंगे
हम तो अपनी कविता वही लिखेंगे और सुनेंगे
जो स्याह रात में भी धूप दिखाए

नहीं चाहिए आज धूमिल और अदम गोंडवी
ना ही दुष्यंत या ओमप्रकाश बाल्मीकि
हमें चाहिए उस दुनिया की कविता
जो हकीकत कम अफसाना ज्यादा हो
वही कविता पढ़ी, सुनी और सराही जायेगी

बाकी सब निषेध है
नयी लोकशाही में ये आदेश है