कवयित्री, अनुवादक और उपन्यासकार रूपा श्रीकुमार कविशाला संवाद का हिस्सा बनीं. संवाद में चर्चा के दौरान उन्होंने पुराने हिंदी साहित्य और भाषा पर प्रकाश डाला. साथ ही उन्होंने आज की साहित्यिक रचनाओं और उनकी भाषा शैली पर भी बात की. उन्होंने बताया की कैसे उनदिनों सरकारी विभागों में अंग्रेजी से हिंदी भाषा में शब्दावली रूपांतरित की गई. इस पॉडकास्ट को कविशाला के फाउंडर अंकुर मिश्रा ने होस्ट किया. पढ़िए इस पॉडकास्ट के कुछ अंश.
अपनी साहित्यिक यात्रा का वर्णन करते हुए रूपा श्रीकुमार ने बताया कि उनका जन्म 1957 में हुआ था. उनके पिता आल इंडिया रेडियो में प्रोड्यूसर ड्रामा थे तो बचपन से ही घर में किताबों का आना जाना, नाटक बनना आदि साहित्यिक कार्य चलता रहता था. उन्होंने आगे बताया कि कॉलेज के दिनों में उन्होंने दहेज़ प्रथा के खिलाफ "लायक बेटा" नाम से एक प्ले लिखा था. ये रेडियो के लिए उनका पहला प्ले था.
इस रोचक संवाद को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने बताया कि वे पंजाब नेशनल बैंक में कार्यरत हो गईं. जहाँ वे हिंदी अभिप्रेरक भी रहीं. उन्होंने बताया कि उन दिनों अंग्रेजी से हिंदी का चलन शुरू हुआ था. मसलन बैंक में "कैश" की जगह "रोकड़" शब्द का इस्तेमाल करना. रूपा श्रीकुमार ने आगे बताया कि उनके पति भी साहित्य सृजन करते हैं. जिन्होंने कई उपन्यास व बाल साहित्य लिखे. बताते चले कि चर्चा के दौरान रूपा श्रीकुमार ने जानकारी दी कि उन्होंने अभी तक हिंदी में लगभग 10000 कविताएं लिखी हैं. उन दिनों सरकारी विभागों में हिंदी का चलन बढ़ने को लेकर उन्होंने बताया कि हर जगह हिंदी रूपरंतरण हो रहा था. सर्कुलर अंग्रेजी में आते थें, जिन्हे हिंदी में रूपांतरित किया जाता था. रूपा श्रीकुमार ने खुद बैंक में कार्य करने के दौरान बहुत से सर्कुलर हिंदी भाषा में अनुवादित किये हैं. उन्होंने कहा कि "यह बहुत दुखद है कि बहुत से लोगो को हिंदी में कार्य करना क्लिष्ट लगता है."
आज के समय के साहित्य के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि "देखिये हम तो यही कहेंगे कि हमारे समय का पुराना साहित्य बहुत उत्कृष्ट था. उन्होंने बताया कि उन दिनों का साहित्य बहुत प्रभावित करता था, जैसे सुभद्रा कुमारी चौहान की कविता "ठुकरा दो या प्यार करो",मैथिलि शरण गुप्त की पंचवटी, जय शंकर प्रसाद की कामायनी आदि अन्य रचनाएं बहुत उत्कृष्ट थीं. जिन्हे आज भी पढ़ने का मन करता है. उन्होंने कहा कि "भाषा की जो बात उन दिनों थी वो आज नहीं है" आज की रचनाओं में पहले जितना साहित्यिक मूल्य नहीं रहा.

