कवि व पत्रकार प्रताप सोमवंशी कविशाला संवाद का हिस्सा बनें. संवाद में उन्होंने हिंदी और अन्य भाषाओं पर चर्चा की. साथ ही उन्होंने हिंदी भाषा के लिए सरकार द्वारा किये गए प्रयास के बारे में बात की. उन्होंने हिंदी के सरलीकरण, हिंदी की सुंदरता व सहजता पर अपने विचार रखे. इस पॉडकास्ट को कविशाला के फाउंडर अंकुर मिश्रा ने होस्ट किया. पढ़िए इस पॉडकास्ट के कुछ अंश.

हिंदी राष्ट्रभाषा या राजभाषा के सवाल पर प्रताप सोमवंशी ने कहा कि "मेरे लिए और मैं जिस परिवेश में रहता हूँ, यहाँ सबके लिए हिंदी मातृभाषा है. तो माँ के सम्मान के लिए हिंदी के प्रति हमारा जो दायित्व है वो हमें पूरा करना है. राजभाषा एक सरकारी शब्दावली है. राष्ट्रभाषा एक व्यापक दृष्टिकोण है कि पूरे देश की एक भाषा होनी चाहिए. और ज्यादातर लोगो का मानना है कि हिंदी पूरे राष्ट्र की भाषा हो सकती है. सबसे पहले तो हिंदी जिन लोगों की मातृभाषा है, उन्हें हिंदी का सम्मान करना चाहिए. सामान्य व्यवहार और संवाद में हिंदी का प्रयोग करना चाहिए.

उन्होंने आगे बताया कि जब वे गाँव में रहते थे तब उनकी जो हिंदी थी, उनकी हिंदी की शब्दावली थी वो बहुत सही थी. लेकिन जब वे दिल्ली आए और उनकी हिंदी में अंग्रेजी और अन्य भाषा के शब्द मिले तो उनकी हिंदी थोड़ी सी परिवर्तित हुई. उन्होंने कहा कि "जब मैं इलाहबाद से दिल्ली आकर लोगों से मिलता था तो वो कहते थे कि मेरी हिंदी बहुत सुन्दर है". प्रताप सोमवंशी कहते हैं कि वे "सुन्दर हिंदी" नहीं बल्कि "सहज हिंदी" हिंदी बोलते थे इस लिए उनकी हिंदी लोगो को सुन्दर लगती है. जब लोग हिंदी में अनापेक्षित रूप से अंग्रेजी या उर्दू के शब्द जोड़ देते हैं तो हिंदी की सुंदरता कम हो जाती है. ऐसे लोग ही अक्सर कहतें है कि उनकी हिंदी थोड़ी ख़राब है, दरअसल उनकी हिंदी ख़राब नहीं है, बल्कि उनकी भाषा ख़राब है.

अंकुर मिश्रा : "पत्रकारिता और कविता में भाषा का क्या योगदान है" साथ ही भाषा के लिए सरकार ने क्या कदम उठाए हैं ?

प्रताप सोमवंशी : प्रोफ़ेसर रामस्वरूप चतुर्वेदी कहते थे कि हिंदी का भला तब होगा जब प्रधानमंत्री को अंग्रेजी न आती हो. इस उदहारण के बाद उन्होंने कहा कि अब काफी काम हिंदी में होता है. इससे जो भाषाई पत्रकारिता है, हिंदी की पत्रकारिता है उसको बल मिला है. सरकार ने काफी चीजें हिंदी में लागू करने का प्रयास किया है. जैसे इंजीनियरिंग की किताबे हिंदी में लाई गईं. मेडिकल की किताबे भी हिंदी में लाई जा रही हैं. अपनी साहित्यिक और लेखन की भाषा पर बात करते हुए उन्होंने पाश का एक शेर कहा "मैं जिसे ओढ़ता-बिछाता हूँ, वो ग़ज़ल आपको सुनाता हूँ". उन्होंने कहा कि मैं हिंदी में लिखता हूँ, हिंदी पढ़ता हूँ, हिंदी की खाता हूँ, हिंदी की गाता हूँ.