आईएएस अधिकारी व लेखक जितिन यादव ने कविशाला संवाद में हिस्सा लिया. जिसमे उन्होंने भाषा व साहित्य पर चर्चा की. साथ ही जितिन यादव ने प्रशासनिक सेवा में भाषा की उपयोगिता और योगदान पर प्रकाश डाला. कविशाला संवाद को कविशाला के फाउंडर अंकुर मिश्रा ने होस्ट किया. पढ़िए इस पॉडकास्ट के कुछ अंश.

प्रशासनिक सेवा की तैयारी में भाषा का क्या योगदान है ? इस सवाल का जवाब देते हुए जितिन यादव ने कहा कि " ये आपकी परवरिश और आत्मविश्वास पर निर्भर करता है. मैं जब तैयारी करने वाले बच्चों से बात करता हूँ तो मुझे ये नहीं लगा कि उनकी हिंदी या इंग्लिश कमजोर है. मुझे लगता है कि उनमे आत्म विश्वास की कमी होती है. कुछ अर्बन क्षेत्रों को छोड़कर ज्यादातर स्कूलों में हिंदी ही बोली जाती है. मैं इंग्लिश मीडियम स्कूल में था लेकिन मैंने बचपन से हिंदी ही बोली है. अब अगर यूपीएससी के एग्जाम की बात करें तो ज्यादातर पढ़ने की चीजें इंग्लिश में मिलती है. अब अगर मान लीजिये की मैं हिंदी में तैयारी कर रहा हूँ और पढ़ने की चीजें ज्यादातर इंग्लिश में मिल रहीं है तो थोड़ी मुश्किल होती है.

अपनी लिखी किताबों पर बात करते हुए जितिन यादव ने कहा कि मैंने लिखना यूपीएससी से ही शुरू किया है. यूपीएससी की तैयारी के पहले मैं इतना लिखता नहीं था. बंगाल में ट्रेनिंग के दौरान मैं आर्टिकल लिखने लगा तो वहां पर लिखने का मेरा फर्स्ट एक्सपीरियंस हुआ. इसके अलावा मैं सालों से तैयारी करने वाले बच्चों के सवालों का जवाब दे रहा था. उससे मुझे क्या फीडबैक मिल रहे हैं वो मेरा सलूशन था. फिर मैंने उनको चैप्टर में कन्वर्ट किया. उसके बाद एक एक चैप्टर करके बुक लिख दी.

भाषा के सरलीकरण से भाषाओं के पतन के सवाल का जवाब देते हुए जितिन ने कहा देखिये मैं आपको एक छोटा सा एग्जाम्पल देता हूँ. जैसे यूरोपियन देश, लैटिन अमेरिका के जो देश हैं या फिर जापान, चीन और साऊथ कोरिया आदि देशों के लोग मातृभषा पर बहुत जाता फोकस करते हैं. इनको फर्क नहीं पड़ता की किसी को इंग्लिश आती है या नहीं आती. वे लोग अपनी मात्रभाषा में ही बोलना पसंद करते हैं. इसमें परवरिश का मुख्य योगदान है. अन्य देशों में मातृभाषा पर विशेष ध्यान दिया जाता है. जबकि भारत में मातृभाषा पर उतना ध्यान नहीं दिया जाता. भारत में कई भाषाएं हैं और सभी भाषा हमें नहीं आ सकती है, हम सबके लिए इंग्लिश एक कॉमन भाषा का काम करती है . जिस देश में सिर्फ एक भाषा है वहां के लोगों के लिए भाषा विशेष को महत्व देना आसान है. लेकिन भारत जैसे देश में जहाँ कई सारी भाषाएं बोली जाती हैं, वहां ऐसा करना मुश्किल है.