आईएस अधिकारी, कवि व लेखक डॉ हरी ओम कविशाला संवाद का हिस्सा बने. इस संवाद के दौरान उन्होंने हिंदी साहित्य, भाषा, भाषा के महत्व यात्रा वृतांत आदि के विषय में चर्चा की. कविशाला संवाद को होस्ट किया कविशाला के फाउंडर अंकुर मिश्रा ने. पढ़िए कविशाला संवाद के कुछ अंश.

कविशाला संवाद में मुख्यता भाषाओं पर चर्चा की गई. इस दौरान भाषा और उसकी रक्षा करने के सवाल पर डॉ हरी ओम ने कहा कि ये हम लोगो की बड़ी गलत फहमी है कि हम लोग भाषाओं की रक्षा करते हैं. दरअसल भाषाएं हमारी रक्षा करती हैं.

भाषा का जीवन पर क्या महत्व है इस सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने अपने जीवन में भाषा से जुड़े वाकयों का जिक्र करते हुए कहा कि भाषा जन्म से शुरू होती है. और सभी भाषाएं अच्छी होती हैं. उन्होंने कहा कि "मेरा जन्म तो अवधी क्षेत्र में हुआ है, इसलिए अवधी भाषा का शब्दकोष काफी है मेरे पास. इसके अलावा जब स्कूल गए तो हिंदी खड़ी बोली और इंग्लिश भाषा पढ़ने को मिली. आगे चल कर जेएनयू में पढाई के दौरान उर्दू स्क्रिप्ट भी सीखी. डॉ हरिओम ने कहा कि बोलियों का अपना एक खास अंदाज है. जो हमारी क्षेत्रीय भाषाएं है इन सभी भाषाओं का योगदान हिंदी खड़ी बोली को मिला है.

डॉ हरिओम कहते हैं कि अच्छी और सच्ची भाषा वही है जिसमे "संवाद" का क्षरण न हो. जो भाषा एक आम आदमी बोलता है वही भाषा सच्ची है. जो भाषा विद्वान बोलता है या साहित्यकार बोलता है वो भाषा उतनी मानक नहीं है जितनी कि एक आम बोलचाल है . चर्चा को आगे बढ़ाते हुए डॉ हरी ओम ने कहा कि मान लो कि आपको उर्दू, अर्बी, इंग्लिश या अन्य भाषा नहीं आती तो आप दूसरे लोगों के साथ कैसे कम्युनिकेट करेंगे? सारी भाषाएं जरुरी है दूसरी भाषाओं को हमें थ्रेट नहीं समझाना चाहिए. दुनिया बदल रही है, ग्लोबल विलेज की बात हो रही है. तो अगर हम ऐसे में कहें की हिंदी में अन्य किसी भाषा का शब्द न हो तो शायद हमारी बौद्धिक विरासत जो अपने आप इवॉल्व हुई है, हम उसे नजरअंदाज कर रहे है .

यात्रा साहित्य के विषय में चर्चा करते हुए डॉ हरिओम ने अपनी किताब "कैलाश मानसरोवर यात्रा" का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि ये यात्रा "वन्स इन लाइफटाइम" यात्रा है और इसे सभी को करनी चाहिए. उन्होंने अपनी किताब और अपनी यात्रा के बारे में कई रोचक जानकारियां भी साझा की.

डॉ हरी ओम आईएस अधिकारी के साथ साथ एक चर्चित और लोकप्रिय कवि, लेखक भी हैं. उन्हें संगीत में भी रूचि है. उन्होंने अपनी कविताओं व गजलों पर गाने भी बनायें और उन्हें गाया भी खुद है.