साहित्य, सिनेमा और मीडिया पर आलोचनात्मक लेखन एव पटकथा के विशेषज्ञ जवरीमल्ल पारख कविशाला संवाद का हिस्सा बने. उन्होंने फिल्म और साहित्य से जुड़े कई पहलुओं पर सार्थक चर्चा की. इस पॉडकास्ट को लेखक और फिल्म समीक्षक अजय ब्रह्मात्मज व कविशाला के फाउंडर अंकुर मिश्रा ने होस्ट किया. पढ़िए इस पॉडकास्ट के कुछ अंश.

अंकुर मिश्रा : आपकी साहित्यिक यात्रा कैसे शुरू हुई ?

जवरीमल्ल पारख : अंकुर जी, शुरुआत तो मेरी भी साहित्य से नहीं हुई थी, मैं इंजीनियरिंग की पढाई कर रहा था, उस दौरान मेरी रूचि साहित्य में जागी तो मैंने सोंचा की साहित्य के क्षेत्र में ही कुछ करना है. तो साहित्य अध्यन के लिए मैंने जोधपुर विश्वविद्यालय में बीए में दाखिला ले लिया. वहां पर हिंदी के प्रसिद्द आलोचक नामवर सिंह और प्रोफ़ेसर मैनेजर पांडेय का सानिध्य मुझे प्राप्त हुआ. इन लोगों का विद्यार्थी बनकर बहुत महत्वपूर्ण चीजें सीखने का मौका मिला. साहित्य तो हम पढ़ते थे लेकिन साहित्य को देखने, समझने और उसके बारे में अपने विचार प्रकट करने की जो क्षमता पैदा हुई, उसमे इन दो अध्यापकों एवं अन्य अध्यापकों का बहुत योगदान रहा.

अंकुर मिश्रा : आपने साहित्य का एक लम्बा दौर देखा है, आपके अनुसार पहले के लिखने और पढ़ने वालों में और आज के लिखने और पढ़ने वालो में क्या अंतर आया है ?

जवरीमल्ल पारख : साहित्य भी सामाजिक स्थितियों से जुड़ा हुआ होता है. अगर राजनीतिक, सामाजिक आंदोलन ऐसे हैं जिसमे जनता का एक बढ़ा योगदान और भागीदारी है, तो उस दौर का जो साहित्य होगा वो ज्यादा प्रभावशाली होगा. स्वतंत्रता आंदोलन के समय प्रगतिशील साहित्य लिखा गया है. शमशेर, त्रिलोचन, यशपाल आदि बहुत सारे लेखक थे वो प्रगतिशील आंदोलन के दौरान महत्वपूर्ण साबित हुए. 50-60 के दशक में शीत युद्ध का दौर था. उस समय शीत युद्ध के प्रभाव के कारण और शीत युद्ध का विरोध करते हुए भी उत्कृष्ट साहित्य लिखा गया. नई कविता, नई कहानी उसी दौर में जन्मीं.

मेरा मानना है की अच्छे लेखक और अच्छा साहित्य तब पैदा होता है जब परिस्थितयां लोगो को उद्वेलित करती हैं. आज का समय भी उतना ही चुनौती पूर्ण है. और बहुत सारे लेखक/कवि इस चुनौती को ध्यान में रख कर लिख रहें हैं. लेकिन आज हिंदी साहित्य के पाठक कम हो गए हैं.

अजय ब्रह्मात्मज : हिंदी सिनेमा के पिछले दस सालों के इतिहास और इसमें पिछले कुछ सालों में हुए परिवर्तन को आप कैसे देखते हैं ?

जवरीमल्ल पारख : हिंदी में अगर पिछले 9-10 साल के फिल्मो को फ़िलहाल छोड़ दे तो उससे पहले का सिनेमा जो था वो कोई बहुत रेडिकल सिनेमा नहीं था. लेकिन उसके बावजूद जो महत्वपूर्ण बात थी. वो ये थी कि हमारे संविधान के जो प्रगतिशील मूल्य थे, जिसके कारण हमारे संविधान का एक विशेष चरित्र बनता है. जिसमे धर्मनिरपेक्षता है, लोकतंत्र है, सामाजिक न्याय है, भाईचारा है ये जो मूल्य सविंधान के अंदर दिखते है जो हमारे पूरे देश के जीवन का आधार है. चाहे वो राजनितिक जीवन हो, सामाजिक जीवन हो या फिर सांस्कृतिक जीवन हो उसको हिंदी सिनेमा ने चाहे वो लोकप्रिय सिनेमा, चाहे वो रचनात्मक या कला सिनेमा हो, उन्होंने संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की.

अजय ब्रह्मात्मज: फिल्मो में गीत-संगीत की परंपरा को जीवित रखना कितना जरुरी है ?

जवरीमल्ल पारख : मैं उन लोगो का एक हद तक समर्थन करता हूँ जो कहते हैं कि फिल्मो में गीत संगीत बाधक बना है. उसके कुछ कारण है. जिस समय फिल्मो में गीत संगीत का इस्तेमाल होता था, उस समय बहुत सारी चीजें प्रतिंबंधित थीं. विजयानंद सेंसर बोर्ड के चेयरमैन थे उन्होंने कहा था कि "जब प्रेम को व्यक्त करने का चुम्बन एक बहुत ही यथार्त तरीका है, उसको जब आप मंजूरी नहीं देते हैं तो हमें बहुत से अन्य रास्ते निकलने पड़ते हैं, पेड़ के आगे पीछे घूमना पड़ता है. गाना गवाना पड़ता है. आप फिल्मो में चुम्बन को मंजूरी दीजिये." मेरा कहना है कि ये पूरी तरह सही नहीं है. गीत संगीत इसे रिप्लेस नहीं कर रहे हैं. गीत संगीत बहुत सारी भावनाओं को अभिव्यक्त करने के माध्यम थे. उनमे एक रुमानियत थी. आज की फिल्मो में वो रुमानियत नहीं है.