फिल्म निर्देशक व पटकथा लेखक अविनाश दास कविशाला संवाद का हिस्सा बनें. चर्चा के दौरान उन्होंने फिल्म, लेखन व पत्रकारिता में भाषा के योगदान को लेकर रोचक तथ्य साझा किये. कविशाला संवाद को होस्ट किया कविशाला के फाउंडर अंकुर मिश्रा ने. पढ़िए कविशाला संवाद के कुछ अंश.

अंकुर मिश्रा : आपने पत्रकारिता की और फिर आप फिल्मो में चले गये? आप पत्रकारिता में ज्यादा खुश थे या फिल्मो में ज्यादा खुश हैं ?

अविनाश दास : आपका सवाल मेरी ख़ुशी से उतना जुड़ा हुआ नहीं है, जितना की अभिव्यक्ति से जुड़ा हुआ है. मुझे लगता है कि अगर आप क्रिएटिव व्यक्ति है तो आप कभी खुश नहीं रह सकते. आपको याद होगा की बीबीसी के इंटरव्यू में पंजाबी के एक बहुत बड़े कवि ने कहा था कि "क्रिएटिव आदमी जो है वो तिल तिल कर मरता है". आप खुद को ढूंढते रहते हैं. खुद की अभिव्यक्ति को ढूंढते रहते हैं. ये मेरी यात्रा खुद को ढूंढने की यात्रा है.

अंकुर मिश्रा : हिंदी पत्रकारिता और फिल्मो का भाषा के साथ क्या समन्वय है ?

अविनाश दास : अगर आप हिंदी के पत्रकार हैं तो ये जरुरी नहीं की आप हिंदी ही जाने. अगर आप अंग्रेजी जानते हैं तो आपकी सूचनाओं और ज्ञान की पहुँच बढ़ जाती है. कोई भी भाषा दूसरे भाषा की पूरक होती है. जहाँ तक फिल्म इंडस्ट्री का मसला है तो बहुत सारे लोग ये सवाल उठाते हैं कि हिंदी सिनेमा की स्क्रिप्ट हिंदी में होनी चाहिए. मुझे लगता है की ये मांग जो है बहुत जायज मांग है. हिंदी जानना जरुरी है लेकिन अगर किसी का ओरिएंटेशन दूसरी भाषा में है और इस आधार पर आप उसे हिंदी की तरफ आने से रोक दो. तो मुझे लगता है की ये उस आदमी के साथ अन्याय है. या उस धारा के साथ आने वाले लोगों के साथ अन्याय है. मुझे लगता है कि एक भाषा तभी आगे बढ़ेगी जब हम दूसरी भाषा से प्यार करना सीखेंगे.

अंकुर मिश्रा : क्या भाषा का सरलीकरणी भाषा को पतन की ओर ले जाता है?

अविनाश दास: बहुत सारे शब्द सभ्यताओं के विकास के साथ साथ आते हैं जो भाषओं से ऊपर के शब्द होते हैं. जैसे "अस्पताल", "रिक्शा", "स्टेशन" आदि. भाषाओं की जो अपनी सरहद है वो ऐसी नहीं रखनी चाहिए की दूसरी हवा को आने न दे और हमारी हवा को बाहर न जाने दे. मुझे लगता है कि सरलीकरण भाषाओं को विकसित ही करती है. यहाँ सरलीकरण का ये मतलब नहीं की आप हिंदी में अंग्रेजी मिला दें.

अंकुर मिश्रा : क्या आज के लेखक और कवि वैसी रचनाएं लिख रहें है जैसी रचनाएं पुराने साहित्यकार करते थे ?

अविनाश दास : साहित्य एक ऐसी चीज है जिसका मूल्यांकन उसी समय में नहीं होता. हम यदि इस समय के लेखन पर फौरी तौर पर कोई टिपण्णी कर भी दें तो वो अंतिम टिपण्णी नहीं होगी. वो कोई ऐसा विचार नहीं होगा जो सर्वमान्य होगा.