लेखक और फिल्म समीक्षक अजय ब्रह्मात्मज कविशाला संवाद का हिस्सा बनें. संवाद में उन्होंने द्विंगत अभिनेता इरफ़ान व फिल्मो के बारे में बात की. चर्चा के दौरान उन्होंने इरफ़ान की जिंदगी से जुड़े रोचक किस्से साझा किये. साथ ही उन्होंने इरफ़ान पर लिखी अपनी किताब पर भी रौशनी डाली. इस पॉडकास्ट को कविशाला के फाउंडर अंकुर मिश्रा ने होस्ट किया. पढ़िए इस पॉडकास्ट के कुछ अंश.
अंकुर मिश्रा : आपके लिए इरफ़ान क्या हैं, और ये किताब आपने इरफ़ान के लिए क्यों लिखी ?
अजय ब्रह्मात्मज : इरफ़ान मेरी ज़िन्दगी में खास महत्व रखते हैं. फिल्म पत्रकारिता में मैं जिस वजह से हूँ उसमे एक बड़ी वजह इरफ़ान खुद हैं. एक दौर ऐसा आया जब मेरे राजनीतिक और पब्लिक इंटरेस्ट वाले लेख नहीं छप रहे थे. कुछ खास कारण थे जिसकी वजह से ऐसा नहीं हो पा रहा था. तब इरफ़ान और मेरे बहनोई ईशान त्रिवेदी दोनों ने मुझे फिल्म जर्नलिज्म करने का सुझाव दिया. इरफ़ान से मेरा मिलना जुलना लगा रहा. इरफ़ान की किताब प्रकाशित करने में मैंने समय लिया. हालाँकि कुछ लोग और मित्र चाहते थे की मै इरफ़ान की मृत्यु के तुरंत बाद किताब निकाल दूँ. लेकिन मै ऐसा नहीं चाहता था. क्योंकि इसमें मुझे बहुत स्वार्थ और तात्कालिक लाभ जैसी बात दिख रही थी. इसलिए मैंने समय लेकर किताब निकाली.
अंकुर मिश्रा : इरफ़ान के बारे में कोई विशेष बात या वाकया जिसे आप साझा करना चाहते हैं ?
अजय ब्रह्मात्मज : ऐसी बहुत सी बातें हैं जिनका हमें जीवन में महत्त्व तब नहीं समझ आता जब वो हो रहा होता है. अब जैसे मुझे फ़िल्मी पत्रकारिता में लाने में इरफ़ान का जो सहयोग रहा वो बहुत कम लोग जानते हैं. इसके अलावा इरफ़ान हमेशा मेरे स्वास्थ्य के बारे में चिंतित रहते थे. और मुझे सलाह भी देते रहते थे. चर्चा में एक रोचक तथ्य साझा करते हुए उन्होंने बताया कि मेरी बड़ी बेटी की आर्ट की पहली प्रदर्शनी थी, इसके बारे में मैंने इरफ़ान से बात की थी. इरफ़ान मेरी बेटी की कला प्रदर्शनी में पहुंचे जिससे मुझे और मेरी बेटी को बहुत ख़ुशी हुई. ये मेरे लिए मार्मिक और हार्दिक बात है जो मुझे हमेशा याद रहेगी.
अंकुर मिश्रा : क्या आपने कभी ऐसा देखा है कि लोग इरफ़ान को क्रिटिसाइज कर रहे हों ?
अजय ब्रह्मात्मज : इरफ़ान को क्रिटिसाइज करने वाले काफी लोग रहें हैं और अभी भी हैं. कलाकार के सही मूल्यांकन की अगर हम बात करें तो देखिये की उसकी यात्रा में कोई प्रगति है क्या ? उतार-चढ़ाव आ सकते हैं. लेकिन उन उतारों के बावजूद भी वो ऊपर चढ़ रहा है क्या. इरफ़ान में हम देखते है कि आखिरी फिल्मो में आकर वे एक ऐसी बुलंद जगह पर पहुंचते हैं जैसी फिल्मे वे करना चाहते थे. वे पॉपुलर कैटेगरी के अभिनेता नहीं थे लेकिन अपनी खाशियत वाली चीजें वे बखूबी करते थे.
अंकुर मिश्रा : आप इरफ़ान के बेटे बाबिल को कैसे देखते हैं ? क्या इरफ़ान जैसा औरा बाबिल में है ? या फिर किसी अन्य दिशा में उनका विजन है ?
अजय ब्रह्मात्मज : बाबिल तो अभी फ़िलहाल अभिनय ही कर रहे हैं. उन्होंने एक बड़ी अच्छी बात कही थी कि बाबा (इरफ़ान) अपना सारा टैलेंट ले कर चले गए. अब मुझे उनके काम और दूसरों के काम से सीख कर खुद के लिए एक जगह बनानी है. अजय आगे कहते हैं कि "प्रतिभा विरासत में नहीं मिलती. विरासत में सुविधाएं मिलती हैं, प्रतिभा नहीं. "

