कवयित्री व लेखिका योगिता वार्डे कविशाला संवाद का हिस्सा बनीं. संवाद में उन्होंने भाषा व साहित्य के बारे में बात की. साथ ही उन्होंने अपनी यात्राओं के अनुभव साझा किये. संवाद के दौरान उन्होंने अपने आगामी काव्य संकलन "गुलमोहर" के कवर पेज का विमोचन भी किया .इस पॉडकास्ट को कविशाला के फाउंडर अंकुर मिश्रा ने होस्ट किया. पढ़िए इस पॉडकास्ट के कुछ अंश.

अंकुर मिश्रा : लेखन से पहले तक की आपकी ज़िन्दगी क्या रही है? और लिखने के अलावा आप क्या करती हैं ?

योगिता वार्डे : मैं मध्य प्रदेश के एक छोटे से कसबे शुजालपुर से हूँ. मैंने शिक्षा भी वहीं ग्रहण की. शादी के बाद पिछले 25 सालों से मैं वड़ोदरा में रहती हूँ. लिखने का शौक तो मुझे बचपन से ही रहा है. पापा मेरे आलेख और मेरी कविताएं स्थानीय समाचार पत्रों में देते रहते थे. लेखन में रूचि बचपन से ही हो गई थी. इसके अलावा कॉलेज के दिनों में मैंने थियेटर भी किये हैं. पढाई भी मैंने साहित्य से ही की है. मुझे जो भी खाली समय मिलता था मैं उस समय लिखती थी. 2017 से मैंने अपनी अधूरी कहानियों में काम करना शुरू किया. और 2019 में मेरी पहली किताब "शाही और सुधीर" प्रकाशित हुई. बस यहीं से मेरी लेखन की यात्रा आरम्भ हुई. मुझे पाठकों का बहुत प्यार मिला. जिसके फलस्वरूप अब मैं अपनी पांचवी किताब पाठको के सामने लाने लिए तैयार हूँ. इस किताब का शीर्षक है "गुलमोहर" ये एक काव्य संग्रह है.

अंकुर मिश्रा : आप भारत समेत अन्य देशों की यात्राएं करती रहती हैं, ये यात्रायें साहित्यिक दृष्टिकोण से आपके लिए कितनी सहयोगी होती हैं?

योगिता वार्डे : हम जितना देखते हैं उतना सीखते हैं. अब भारत में करीब 150 करोड़ लोग रहते हैं.और हर घर में लगभग 7 - 8 कहानियां होती हैं. हम जितने लोगों से मिलते हैं उन सबकी अपनी कहानी है. हर किसी की अपनी कहानी है. और जितना मैं घूमती हूँ, लोगो को ऑब्जर्व करती हूँ. भारत के लोग अपने जीवन में किस तरह का जीवन जीते हैं. विदेशों की संस्कृति क्या है. ये सब चीजें लेखन को प्रभावित और प्रेरित करतीं हैं.

अंकुर मिश्रा :अपनी यात्राओं में आपने कई भाषाएं सुनी होंगी, इन भाषाओं को साहित्य की दृष्टि से कैसे देखती हैं ?

योगिता वार्डे : जब मै किसी भी देश में जाती हूँ तो वहां के लोग अक्सर अपनी स्थानीय भाषा या मातृभाषा में बात करते दिखते हैं. वे लोग अपनी भाषा को ज्यादा वरीयता देते हैं. वहीं अगर हम भारत में देखते हैं तो ज्यादातर लोग अंगेजी में बात करते दिखते हैं, या अंग्रेजी में बात करना चाहते हैं. विदेशों में प्रायः मैं देखती हूँ कि वे लोग अपनी मातृभाषा को प्रमोट करते हैं. चाहे टूरिस्ट को अंग्रेजी आती हो या न आती हो, वे पहले अपनी मातृभाषा में ही बात करते हैं. इसी तरह भारत में भी होना चाहिए. हमें पहले अपनी मातृभाषा को वरीयता देनी चाहिए.

अंकुर मिश्रा : अपने काव्य संग्रह गुलमोहर के बारे में आप दर्शकों और पाठको को क्या बताना चाहेंगी ?

योगिता वार्डे : मैं कविताएं लिखती हूँ, लेकिन ऐसा नहीं की मै एक कवयित्री की तरह कविता लिखती रहती हूँ. मैं कविताएं लिखती नही, कविताएं मेरे पास आती हैं. जो मन की भावना और विचार है उन्हें कविता के रूप में लिख देती हूँ. गुलमोहर में जो कविताएं हैं वो जीवन के इर्द गिर्द घूमती हैं. प्रेम, विरह आदि भावनाओं को मैंने शब्दों में पिरोया है. ये किताब हर उम्र के लोगो को पसंद आएगी.