मन की स्वयं से मुलाक़ात है - कुछ अधूरी बातें मन की

समीक्षा - अंशु हर्ष 

जब अनुभव बात करता है , जब जिज्ञासा शब्द रूप लेती है , जब दर्द आइना देखता है और जब एक ज़िन्दगी मुस्कुराकर हर चुनौती को स्वीकार करती है तब सिलसिला शुरू होता है मन की उलझनों का और ये उलझने जब कविमन की हथेलियों पे रख सहलाई जाती है तब बनती है " कुछ अधूरी बातें मन की ....... 

मनीष मूंदड़ा का पहला कविता संग्रह है "कुछ अधूरी बातें मन की" 

मन हमारा दर्पण होता है, हमारी पहचान, हमारा अपना प्रतिबिम्ब। मन, हमें देखता है , समझता है , हमसे बातें करता है। कई बार ऐसा भी होता है ज़िंदगी की आपाधापी और शोर शराबे के बीच मन की आवाज़ हम तक पहुँच नहीं पाती, दब कर रह जाती है। इस किताब के माध्यम से मनीष ने कोशिश की है कि इसे पढ़ कर सभी प्रेरित हो मन की सभी बातों को हम सुने उस पर अमल करे . इस संग्रह का विमोचन पर मनीष ने कहा की उनकी इच्छा है की लोग इसे पढ़े मेरे विचार मेरी लेखनी और इस किताब के बारे में जान सके। और अपने मन की बातों को शब्द देने की ताकत लाएं। 

ये अधूरी बातें मन की एक अभिव्यक्ति है बातों की जो इंसान स्वयं से करता है , हर कविता एक अलग अंदाज लिए है ,वैसे ही जैसे मन की गति होती है बिलकुल उस चाँद की तरह जो हर दिन घटती बढ़ती रहती है। कभी उल्लास कभी उदास , कभी प्रेम में डूबा हुआ तो कभी दर्द में कहराता हुआ , कभी जोश जुनून से परिपूर्ण और कभी निराशा के बादलों से घिरा थोड़ा थोड़ा सब कुछ है मन की अधूरी बातों में। जो पढ़ने वालों के लिए एक सवाल खड़ा कर देंगी और वो खोजने लगेंगे उस पूर्णता को जो रह गयी है इन बातों में क्योकि जब एक सफल इंसान असफलता की बात करता है तो उस बात का सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। भीगा हुआ इंसान बारिश से नहीं डरता और उसकी निडरता दूसरों की प्रेरणा बन जाती है। ज़िन्दगी की राहों पर उलझता हुआ इंसान जो अपना रास्ता खुद बनाता है , हर राह पर चलकर खुद देखता है और फिर उसकी कोशिश रहती है दूसरों को पहले से ही सही राह दिखाने की। इस किताब के माध्यम से हम सभी रु बी रु होंगे एक प्रेरक व्यक्तित्व और एक बहुत ही सादगी संपन्न कलाकार से जो शब्दों को रंगों में डूबा कर बातें लिखता चला जाता है ये बात और है वो रंग कभी गहरे स्याह होते है और कभी खिलते हुए खुशनुमा से। 

इस किताब की हर कविता एक आम इंसान को खुद से जोड़ती है क्योंकि इनमें वो दर्द है जो हर इंसान की मन की परतों में बसता है , वो मोहब्बत है जो हासिल नहीं है , वो खुशी है जिसे बया करने से डर लगता है , वो सफलता है जिसके पीछे एक संघर्ष है और इन सबसे बढ़कर उन बातों को लिख देने का साहस है जो एक आम इंसान किसी कविता में ढूंढता है । इन कविताओं में जीवन दर्शन है मौत से साक्षात्कार का डर है और उसे स्वीकार करने का साहस भी। अधूरी बातें मन की शीर्षक बिलकुल सार्थक प्रतीत होता है इस किताब के लिए क्योंकि मन के कई रंग है इन कविताओं में जो अधूरेपन की पूर्णता लिए है!

- अंशु हर्ष