गले में उस के ख़ुदा की अजीब बरकत है,

वो बोलता है तो इक रौशनी सी होती है !

[बशीर बद्र]

लता: सुर-गाथा (लता मंगेशकर की सांगीतिक यात्रा): उनकी आवाज़ से चेहरे बनते हैं। ढेरों चेहरे,जो अपनी पहचान को किसी रंग-रूप या नैन -नक्शे से नहीं, बल्कि सुर और रागिनी के आइनें में देखने से आकार पते हैं। एक ऐसी सलोनी निर्मिती, जिसमे सुर का चेहरा दरअसल भावनाओं का चेहरा बन जाता है। कुछ-कुछ उस तरह,जैसे बचपन में पारियों की कहानियों में मिलने वाली एक रानी परी का उदारता और प्रेम से भीगा हुआ व्यक्तित्व हमको सपनों में भी खुशियों और खिलोंनों से भर देता था। बचपन में रेडियों या ग्रामोफोन पर सुनते हुए किसी प्रणय-गीत या नृत्य की झंकार में हमें कभी यह महसूस ही नही हुआ कि इस बक्से के भीतर कुछ निराले द्गंग से मधुबाला या वहीदा रहमान पियानो और सितार कि धुन पर थिरक रही हैं, बल्कि वह एक सीधी-सादी महिला कि आवाज़ कम झीना सा पर्दा है, जिस पर फूलों का भी हरसिंगार कि पंखुरियों का रंग और धरती पर चंद्रमा कि टूटकर गिरी हुई किरणों का झिलमिल पसरा है।

यतीन्द्र मिश्र: यतीन्द्र मिश्र हिन्दी कवि, सम्पादक और संगीत अध्येता हैं। उनके अब तक तीन कविता-संग्रह, शास्त्रीय गायिका गिरिजा देवी, नृत्यांगना सोनल मानसिंह एवं शहनाई उस्ताद बिस्मिल्ला ख़ाँ पर हिन्दी में प्रामाणिक पुस्तकें प्रकाशित हैं। प्रदर्शनकारी कलाओं पर निबन्धों की एक किताब ‘विस्मय का बखान’ तथा कन्नड़ शैव कवयित्री अक्क महादेवी के वचनों का हिन्दी में पुनर्लेखन ‘भैरवी’ नाम से प्रकाशित हुआ है। वरिष्ठ कवि कुँवरनारायण पर एकाग्र तीन पुस्तकों क्रमशः कुँवरनारायण - ‘संसार’ एवं ‘उपस्थिति’, ‘कई समयों में’ एवं ‘दिशाओं का खुला आकाश’, अशोक वाजपेयी के गद्य का एक संचयन ‘किस भूगोल में किस सपने में’ तथा अज्ञेय काव्य से एक चयन ‘जितना तुम्हारा सच है’ प्रकाशित हैं। साथ ही, फ़िल्म निर्देशक एवं गीतकार गुलज़ार की कविताओं एवं गीतों के चयन क्रमशः ‘यार जुलाहे’ तथा ‘मीलों से दिन’ नाम से सम्पादित हैं। ‘गिरिजा’ का अंग्रेजी, ‘यार जुलाहे’ का उर्दू तथा अयोध्या शृंखला कविताओं का जर्मन अनुवाद प्रकाशित हुआ है। उन्हें रज़ा पुरस्कार, भारत भूषण अग्रवाल स्मृति पुरस्कार, भारतीय भाषा परिषद युवा पुरस्कार, हेमन्त स्मृति कविता सम्मान सहित भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की कनिष्ठ शोधवृत्ति एवं सराय, नयी दिल्ली की स्वतंत्र शोधवृत्ति मिली हैं। साहित्यिक-सांस्कृतिक गतिविधियों हेतु भारत के प्रमुख नगरों समेत अमेरिका, इंग्लैण्ड, मॉरीशस एवं अबु धाबी की यात्राएँ की हैं। अयोध्या में रहते हैं तथा समन्वय व सौहार्द के लिए विमला देवी फाउण्डेशन न्यास के माध्यम से सांस्कृतिक गतिविधियाँ संचालित करते हैं।

कविशाला समीक्षा: लता जी भारत की ऐसी शख़्सियत हैं, जिनसे यहां के प्रत्येक इंसान का दिल जुड़ा हुआ है. उनके गाए हजारो गानों में एक-दो गाने ऐसे ज़रूर होते हैं, जिससे आपके अस्तित्व की पहचान बन जाती है. यूं तो पचास के बाद की पीढ़ी को लता जी के बारे में बहुत कुछ पता है, पर जब आप लता सुर-गाथा पढ़ते हैं, तो महसूस करते हैं कि कितना कुछ आपको लता जी के बारे में नहीं पता था. हिंदुस्तान की स्वर कोकिला, जिनके बारे में विश्व प्रसिद्ध वायलिन वादक येहुदी मेनुहिन ने कहा था,‘काश मेरी वायलिन आपकी गायकी की तरह बज सके.’ किताब में यतींद्र बताते हैं,‘उनकी आवाज़ से चेहरे बनते हैं. ढेरों चेहरे, जो अपनी पहचान को किसी रंग-रूप या नैन-नक़्श से नहीं, बल्कि सुर और रागिनी के आईने में देखने से आकार पाते हैं.’ लता जी से जुड़ी हर बात और अप्रतिम तस्वीरें इस किताब में मौजूद हैं. उनके बचपन, उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि से लेकर उनकी गायन यात्रा सिलसिलेवार है. इसके बाद का हिस्सा सवाल और जवाबों का है.

आपको किताब पढ़नेके बाद लगेगा लेखक ने कोई सवाल नहीं छोड़ा है, जो आपकी ज़हन में उठ सकता है. लता जी की ज़िंदगी, गायकी, शौक़, परिवार, प्रतिद्वंद्विता, साल दर साल गायकी में आए बदलाव, संगीतकार, फ़िल्मकार और मौजूदा दौर की बातें... आदि. सवाल और जवाबों को पढ़ते हुए हर क़दम पर लगता है कि आप उस महान शख़्स के क़रीब आते जा रहे हैं. शब्दों के छाया-चित्रों के ज़रिए आपका उनसे एक अद्भुत नाता-सा जुड़ने लगता है. कला की दुनिया, हिंदी फ़िल्मों की दुनिया, गायकों और संगीतकारों की दुनिया के अंदर झांकते हुए आपको कई नई-पुरानी दास्तानें याद आ जाती हैं. किताब में कई ऐसी बातें और क़िस्से हैं, जो लता जी की ज़िंदगी के अनछुए पहलुओं को बारीक़ी से खोलते हैं. एक मार्मिक प्रसंग है, लता जी के ही शब्दों में,‘यह बात आपको मालूम ही न होगी कि १९४६-४७ के दौरान राशन पर साड़ियां मिलती थीं. जब मैंने काम शुरू किया था और मेरे हालात् अच्छे नहीं थे तो राशन की जो साड़ियां होती थीं, वह मैं पहनने के लिए लाती थी. मैं उन्हें अपने हाथ से ख़ुद धोती थी और उन्हें सूखने के बाद इतनी अच्छी तरह से तह बनाकर अपने सिरहाने रखकर सोती थी कि सुबह होने पर वह साड़ी पहनकर काम पर जाया जा सके. तब मेरे पास इतने पैसे नहीं होते थे कि मैं हर दिन कपड़ों को दुकान पर प्रेस कराकर पहन सकूं.’ लेखक की यह बहुत बड़ी उपलब्धि है कि उन्होंने आत्मीयता से लता दीदी से हर विषय पर सवाल पूछे हैं!

अगर आप पढ़ने के शौकीन हैं और नयी चीजों के बारे में, लोगो की जिंदगी बारे में दिलचस्पी है तो यह किताब जरूर पढ़े! थोड़ा वक्त लगेगा मगर किताब के अंदर जो जिंदगी लता जी की बताई गयी है उसे जानना बहुत जरूरी है!

लता: सुर-गाथा को 64वें नेशनल अवॉर्ड में बेस्ट बुक ऑन सिनेमा के लिए पुरस्कृत किया गया था! इस किताब में स्वरकोकिला लता मंगेशकर के म्यूजिकल जर्नी के बारे में विस्तार से बताया गया है, कविशाला के साथ यतींद्र मिश्रा ने कुछ बातचीत की, सुनिए: