"मै यह जानने के लिए उत्सुक था कि ऐसी विषम परिस्थितियों में बिना भोजन या बिना किसी मदद के मजदूरों का 1,232 किलोमीटर का रास्ता कैसे तय किया। मै उन्हें करीब से देखना चाहता था।" - विनोद कापड़ी
विनोद कापड़ी सात प्रवासी मजदूरों- रितेश, आशीष, राम बाबू, सोनू, कृष्णा, संदीप और मुकेश के साथ गाजियाबाद से सहरसा तक की 1,232 किलोमीटर की यात्रा पर गए। यह उस साहस की कहानी है और साथ ही सात लोगों की हताशा की कहानी है जो पुलिस की लाठियों और अपमानों को झेलते हुए अपने घर पहुंचने के लिए भूख और थकावट से जूझते रहे हैं।
कविशाला ने किताब 1232 KM और विनोद कापड़ी से जुड़े कुछ लोगों से बात की और उनका अनुभव कुछ इस तरह से रहा:
वरिष्ठ पत्रकार संजीव पालीवाल कहते हैं,"1232km कोरोना काल में एक असंभव सफर' कई मायनों में एक अनूठी पुस्तक है. एक वृत्तचित्र, इतिहास, रिपोर्ताज, कथा और कथेतर से अलग यह समाज के उस तबके का आंखोंदेखा दस्तावेज है, जिसे कम से कम आज तो कोई भी किसी भी रूप में दर्ज करना नहीं चाहता. चार केले बांटकर सोशल मीडिया पर शाबासी लूटने वाले लोगों के दौर में सात श्रमिकों की आपबीती के बहाने विनोद कापड़ी हमारे लोकतांत्रिक समाज की विफलता, असमानता और विसंगतियों को तो उधेड़ते ही हैं, एक सभ्य मनुष्य की रूप में हमारी संवेदना पर भी सवाल खड़े करते हैं."
वरिष्ठ पत्रकार और कवि प्रताप सोमवंशी किताब में बारे में बताते हैं, "1234KM, आपदा से संघर्ष और जिजीविषा का दस्तावेज है। खास था कि इस लड़ाई के नायक समाज के सबसे वंचित तबके से आते हैं। यह किताब हमें ताकत देती है कि हिम्मत को न साधन चाहिए न ताकत। इसे यूं भी कह सकते हैं कि कमजोर से कमजोर आदमी, विपरीत दर विपरीत परिस्थितियों के जंगल को हौसले का हाथ कांट-छांट के रास्ता बना ही लेता है।"
"ये उन मजदूरों की कहानी है जो बेहोश हो रहे थे मगर फिर भी चले जा रहा थे"
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से बिहार के सहरसा तक की सात दिन और सात रात में जी गई सात मजदूरों की ये जिंदगी 1232 किमी लंबी है। हम और पूरा देश जब सड़कों पर भय और करुणा का नाटक देख रहे थे तब यह यात्रा हुयी! यह वह वक्त था जब गरीबो को सड़को पर डंडो से मारा जा रहा था, वो खाना न मिलने पर भूखे मर रहे थे लेकिन, गंगा फिर भी अपने मांझी को देवदूत बनाकर भेज ही देती है। पाठक जी का ढाबा जब सबसे बड़ा मंदिर बनता है तो फिर साइकिल पर जा रहे सवारों को न बाएं पड़ने वाले मंदिर के आगे सिर झुकाना याद रहता है न दूर खेत में दिख रही मस्जिद पर दुआ मांगना। ये किताब बताती है कि इंसान को ऐसे काम भी करते रहने चाहिए कि उसे भी मन में कभी कभी लगे कि यह तो भगवान है!
किताब का संक्षिप्त परिचय कुछ इस तरह से है" कोरोना के कारण 2020 में घोषित लॉकडाउन ने करोड़ों भारतीयों को अकल्पनीय त्रासदी का सामना करने के लिए विवश कर दिया। नगरों-महानगरों में कल-कारखानों पर ताले लटक गए; काम-धन्धे रुक गए और दर-दुकानें बन्द हो गईं। इससे मजदूर एक झटके में बेरोजगार, बेसहारा हो गए। मजबूरन उन्हें अपने गाँवों का रुख करना पड़ा। उनका यह पलायन भारतीय जनजीवन का ऐसा भीषण दृश्य था, जैसा देश-विभाजन के समय भी शायद नहीं देखा गया था। लॉकडाउन के कारण आवागमन के रेल और बस जैसे साधन बन्द थे, इसलिए अधिकतर मजदूरों को अपने गाँव जाने के लिए डेढ़-दो हजार किलोमीटर की दूरी पैदल तय करनी पड़ी। कुछेक ही ऐसे थे जो इस सफर के लिए साइकिल जुटा पाए थे। ‘1232km : कोरोना काल में एक असम्भव सफ़र’ ऐसे ही सात प्रवासी मजदूरों की गाँव वापसी का आँखों देखा वृत्तान्त है। उन्होंने दिल्ली से सटे गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) से अपना सफ़र शुरू किया, जहाँ से सहरसा (बिहार) स्थित उनका गाँव 1232 किलोमीटर दूर था। उनके पास साइकिलें थीं लेकिन उनका सफ़र कतई आसान नहीं था। पुलिस की पिटाई और अपमान ही नहीं, भय, थकान और भूख ने भी उनका कदम-कदम पर इम्तिहान लिया। फिर भी वे अपने मकसद में कामयाब रहे। यह किताब सात साधारण लोगों के असाधारण जज़्बे की कहानी है, जो हमें उन कठिनाइयों, उपेक्षाओं और लाचारी से भी रू-ब-रू करती है, जिनका सामना भारत के करोड़ों-करोड़ लोगों को रोज करना पड़ता है!
