जहाँ मानवीय संवेदनाएं हैं वहां साहित्य है. साहित्य का मूल उद्देश्य सामाजिक बुराइयों की खिलाफत करना है., शिक्षा और अधिकार के लिए लड़ना. शिक्षा, अधिकार, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं के लिए जितना संघर्ष आदिवासियों को करना पड़ता है उतना समाज के अन्य लोगो को नहीं करना पड़ता. आदिवासियों की पुकार सुनने वाले भी बहुत कम लोग है. ऐसे में साहित्यकार ही इन आदिवासियों की आवाज बनते हैं. विश्व आदिवासी दिवस पर जानिए उन साहित्यकारों को जिन्होंने अपनी लेखनी से आदिवासियों की आवाज बुलंद की.


(१) जयपाल सिंह मुंडा (3 जनवरी 1903 – 20 मार्च 1970) भारतीय आदिवासियों और झारखंड आंदोलन के एक सर्वोच्च नेता थे. वे एक जाने माने राजनीतिज्ञ, पत्रकार, लेखक, संपादक, शिक्षाविद् और 1925 में ‘ऑक्सफोर्ड ब्लू’ का खिताब पाने वाले हॉकी के एकमात्र अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी थे.


(२) एलिस एक्का (8 सितंबर 1917 - 5 जुलाई 1978) हिंदी कथा-साहित्य में भारत की पहली महिला आदिवासी कहानीकार हैं. हिंदी की पहली दलित कहानी लिखने का श्रेय भी एलिस एक्का को है. एलिस एक्का हिंदी साहित्य की पहली दलित कथा लेखिका भी हैं. ‘आदिवासी’ पत्रिका के जनवरी 1962 अंक में छपी ‘दुर्गी के बच्चे और एल्मा की कल्पनाएं’ हिंदी की पहली दलित कहानी है. इस कहानी के केन्द्र में दो अवर्ण महिलाएं हैं, एक आदिवासी और दूसरी दलित, और दोनों एकदूसरे के सुख-दुःख के साथ खड़ी हैं. प्रकाशन के लिहाज से प्रेमचंद के बाद दलित विषय पर लिखी गई यह हिंदी की पहली दलित कहानी है.


(३) कानूराम देवगम "हो समुदाय" के कानूराम देवगम जो कि सांसद भी रहे हैं, सामाजिक सुधार तथा सांस्कृतिक पुनर्जागरण के लिए अनवरत प्रयासरत रहे. समाज में जागृति लाने के लिए कानूराम देवगम ने अनेक गीतों की रचना की जो बाद में ‘हो दुरंग पोथी’ के रूप में प्रकाशित हुई. कानूराम देवगम की दृढ़ धारणा थी कि मातृभाषा में रचित साहित्य सामाजिक चेतना को विकसित करने का एकमात्र औजार है. अपने गीतों की लोकप्रियता तथा अगुआ सामाजिक भूमिका के कारण कानूराम सांसद बने और देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था संसद में हो लोगों का प्रतिनिधित्व किया. 1948 ई. में इनकी एक हो लोककथा ‘मैन इन इंडिया’ (रांची) में एससी राय ने छापी थी.


(४)जसिंता केरकेट्टा प्रमुख आदिवासी कवियित्री है. वे आदिवासियों की समस्याओं को अपनी लेखनी से उजागर करती हैं. 2016 में पहला काव्य-संग्रह ‘अंगोर’ हिंदी-अंग्रेजी में आदिवाणी कोलकाता से प्रकाशित. अंगोर का जर्मन संस्करण हिंदी-जर्मन में प्रकाशित. देश की कई साहित्यिक पत्रिकाओं में रचनाएं प्रकाशित. विभिन्न कवियों के कविता-संग्रहों में भी इनकी कविताएं शामिल, इनमें शतदल, रेतपथ, समंदर में सूरज, कलम को तीर बनने दो माटी आदि स्मरणीय हैं.


प्रस्तुत है उनकी एक कविता -


साहेब! कैसे करोगे खारिज

साहेब !

ओढ़े गये छद्म विषयों की

तुम कर सकते हो अलंकारिक व्याख्या

पर क्या होगा एक दिन जब

शहर आयी जंगल की लड़की

लिख देगी अपनी कविता में सारा सच,

वह सच

जिसे अपनी किताबों के आवरण के नीचे

तुमने छिपाकर रखा है

तुम्हारी घिनौनी भाषा

मंच से तुम्हारे उतरने के बाद

इशारों में जो बोली जाती है

तुम्हारी वे सच्चाइयां

तुम्हें लगता है जो समय के साथ

बदल जाएगी किसी भ्रम में,

साहेब !

एक दिन

जंगल की कोई लड़की

कर देगी तुम्हारी व्याख्याओं को

अपने सच से नंगा,

लिख देगी अपनी कविता में

कैसे तुम्हारे जंगल के रखवालों ने

'तलाशी' के नाम पर

खींचे उसके कपड़े,

कैसे दरवाजे तोड़कर

घुस आती है

तुम्हारी फौज उनके घरों में,

कैसे बच्चे थामने लगते हैं

गुल्ली–डंडे की जगह बंदूकें

और कैसे भर आता है

उसके कलेजे में बारूद,

साहेब !

एक दिन

जंगल की हर लड़की

लिखेगी कविता

क्या कहकर खारिज करोगे उन्हें?

क्या कहोगे साहेब?

यही न....

कि यह कविता नहीं

"समाचार" है.....!!


(५) अनुज लुगुन का जन्म १० जनवरी १९८६ को झारखंड के सिमडेगा जिले में हुआ था. इनकी रचनाएँ आदिवासी जीवन पर आधारित हैं, जो कि आदिवासी विमर्श के लिए उल्लेखनीय विषय है. वर्तमान में ये दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय में हिंदी शिक्षक हैं. अनुज लुगुन को २०१९ का साहित्य अकादमी का युवा पुरस्कार देेने की घोषणा की गई है. यह सम्मान उन्हें 'बाघ और सुगना मुंडा की बेटी' काव्य के लिए दिया जाएगा. इन्हें भारत भूषण अग्रवाल सम्मान भी मिला है.


प्रस्तुत है उनकी एक कविता 


आदिवासी

-अनुज लुगुन-


वे जो सुविधाभोगी हैं

या मौक़ा परस्त हैं

या जिन्हें आरक्षण चाहिए

कहते हैं हम आदिवासी हैं,

वे जो वोट चाहते हैं

कहते हैं तुम आदिवासी हो,

वे जो धर्म प्रचारक हैं

कहते हैं

तुम आदिवासी जंगली हो ।

वे जिनकी मानसिकता यह है

कि हम ही आदि निवासी हैं

कहते हैं तुम वनवासी हो,


और वे जो नंगे पैर

चुपचाप चले जाते हैं जंगली पगडंडियों में

कभी नहीं कहते कि

हम आदिवासी हैं

वे जानते हैं जंगली जड़ी-बूटियों से

अपना इलाज करना

वे जानते हैं जंतुओं की हरकतों से

मौसम का मिजाज समझना

सारे पेड़-पौधे, पर्वत-पहाड़

नदी-झरने जानते हैं

कि वे कौन हैं ।