हिंदी साहित्य में समय के साथ कई महत्वपूर्ण बदलाव हुए. कई श्रेष्ठ साहित्यकारों ने हिंदी गद्य व पद्य साहित्य को नए आयाम दिए. इन्ही बदलावों के बीच "नई कहानी आंदोलन" की शुरुआत हुई. "नई कहानी आंदोलन" ने हिंदी गद्य साहित्य की तस्वीर बदल दी. इस "नई कहानी आंदोलन" के महानायक थे मोहन राकेश. उन्होंने हिंदी कहानी व नाटक को एक नया रूप दिया. नई कहानी आंदोलन के तीन प्रमुख लेखक मोहन राकेश, कमलेश्वर और राजेंद्र यादव माने जाते हैं. इनमें कमलेश्वर और राजेंद्र यादव खुद मोहन राकेश को अपनी इस तिकड़ी का सर्वश्रेष्ठ रचनाकार मानते थे. मोहन राकेश की 'मिस पाल', 'आद्रा', 'ग्लासटैंक', 'जानवर' और 'मलबे का मालिक' जैसी कहानियों ने हिन्दी कहानी की दिशा बदली.

मोहन राकेश(८ जनवरी १९२५ - ३ जनवरी, १९७२)हिंदी के लेखक, उपन्यासकार,यात्रा वृतांत लेखक व नाटककार थे. उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय से हिन्दी और अंग्रेज़ी में एम ए किया. उन्होंने जीविकोपार्जन के लिये अध्यापन किया. उन्होंने 'आषाढ़ का एक दिन','आधे अधूरे' और लहरों के राजहंस के जैसी श्रेष्ठ कृतियों की रचना की थी. उन्हें 'संगीत नाटक अकादमी' द्वारा सम्मानित किया गया था.  

 मोहन राकेश हिन्दी के बहुमुखी प्रतिभा संपन्न साहित्यकार थे. समाज के संवेदनशील व्यक्ति और समय के प्रवाह से एक अनुभूति क्षण चुनकर उन दोनों के सार्थक सम्बन्ध को खोज निकालना, मोहन राकेश की कहानियों की विषय-वस्तु है. मोहन राकेश की डायरी हिंदी में इस विधा की सबसे सुंदर कृतियों में एक मानी जाती है. 

मोहन राकेश की रचनाओं ने हिन्दी नाटक को पुनः रंगमंच से जोड़ने का काम किया. नाटकों के लेखन और मंचन को एक सूत्र में बांधने का प्रयास मोहन राकेश की बहुत बड़ी खासियत थी. उन्होंने अपने नाटकों में मंचन के लिहाज से लगातार सुधार किए. वो भी नाटक के निर्देशकों और उनकी टीमों के साथ रहकर, नाटक की तैयारी का हिस्सा बनकर.

रंगमंच के मशहूर निर्देशक ओम शिवपुरी ने मोहन राकेश के बारे में लिखा है कि "इस प्रदर्शन की एक महत्वपूर्ण विशेषता थी नाटककार और निदेशक का पारस्परिक सहयोग. पहले पूर्वाभ्यास से ही राकेश जी साथ थे और पहले प्रदर्शन तक वे बराबर इस कलात्मक यात्रा के सहयात्री रहे.. अनेक बार मतभेद हुए..लेकिन अंतिम प्रस्तुति में एक भी तत्व ऐसा नहीं था, जिससे मैं असहमत होता या राकेश जी ."

नई कहानी आंदोलन की तिकड़ी के तीसरे स्तंभ राजेंद्र यादव ने अपने संस्मरण में मोहन राकेश को "तीसरे अंक का स्थगित नायक" कहा है.

मोहन राकेश के दो नाटकों आषाढ़ का एक दिन तथा लहरों के राजहंस में ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को लेने पर भी आधुनिक मनुष्य के अंतर्द्वंद और संशयों की ही गाथा कही गयी है. एक नाटक की पृष्ठभूमि जहां गुप्तकाल है तो दूसरा बौद्धकाल के समय के ऊपर लिखा गया है. आषाढ़ का एक दिन में जहां सफलता और प्रेम में एक को चुनने के द्वन्द से जूझते कालिदास एक रचनाकार और एक आधुनिक मनुष्य के मन की पहेलियों को सामने रखते हैं वहीँ प्रेम में टूटकर भी प्रेम को नही टूटने देनेवाली इस नाटक की नायिका के रूप में हिंदी साहित्य को एक अविस्मरनीय पात्र मिला है. 

मोहन राकेश के नाटकों को रंगमंच पर मिली शानदार सफलता इस बात की गवाह बनी कि नाटक और रंगमंच के बीच कोई खाई नही है. "नई कहानी आंदोलन" के जरिये इस महानायक ने हिंदी गद्य साहित्य को जो दिशा दी वो अविस्मरणीय है. हिंदी साहित्य में मोहन राकेश का नाम स्वर्ण अक्षरों में अंकित है.