यूँ तो उर्दू अदब में तमाम बेहतरीन कलमकार हुए हैं, लेकिन सिर्फ मीर तक़ी मीर ही हैं जिन्हे खुदा-ए-सुखन का ओहदा मिला है. खुदा-ए-सुखन यानि शायरी का खुदा या कविता का भगवान. मीर को उनकी बेबाक नज्मो और क्लासिक ग़ज़लों के लिए जाना जाता है. मीर की कई ग़ज़ले बॉलीवुड में फ़िल्मी गाने बन कर हिट हुईं. उन्ही की लिखी हुई एक ग़ज़ल 'दिखायी दिये यूँ' जब फिल्म "बाजार" में गीत के रूप में लोगों के सामने आई तो, सुनने वालों के दिल में आह और जुबां में वाह के जज्बात थे. मीर की ग़ज़ले और नग्मे आज भी लोगो को अपना दीवाना बना देती हैं.
मिर्जा ग़ालिब भी मीर से प्रभावित थे
ग़ालिब का मानना था की जो गहराई, दर्द ,शिद्दत और लरजिश मीर की शायरी में थी वो कहीं और देखने को नहीं मिलती है. मीर की इबारत की कशिश किसी को भी अपना दीवाना बना लेती है. चाहे इश्क़ हो, जुदाई हो , वस्ल हो या महबूब की तारीफ करना या फिर महबूब को उलाहना देना. मीर ने वक़्त की नजाकत को देखते हुए हर तरह के शेर कहें है. ग़ालिब ने मीर की तारीफ में कहा था-
"रेख़्ता के तुम्हीं उस्ताद नहीं हो ग़ालिब,
कहते हैं अगले ज़माने में कोई मीर भी था"
आज उनकी पुण्यतिथि पर, कविशाला इस उर्दू शायर के जीवन,और उनकी इबारत पर एक नज़र डालेगा।
मीर का जन्म 1722 में आगरा के अकबराबाद में हुआ था. वह दिनों में अपने पिता और चाचा से बहुत प्रभावित थे. उनके पिता और चाचा सूफी दरवेश थे. एस.आर. शर्मा अपनी किताब "लाइफ, टाइम्स एंड पोएट्री ऑफ मीर में" लिखते हैं कि मीर अपने पिता और चाचा के द्वारा अन्य दरवेशों और फकीरों के संपर्क में आएं. जिससे मीर के अंदर अध्यात्म और मजहब को लेकर एक अलग दृष्टिकोण पैदा हुआ. 10 साल की उम्र में ही पिता व चाचा की मौत के बाद मीर बिलकुल अकेले पड़ गए.
मीर 1733 या उसके आसपास दिल्ली पहुंचे और इसी शहर को अपना घर बनाया। माना जाता है कि दिल्ली में मीर तीन अलग-अलग स्थानों पर रहते थे जो "कूचा चेलान, चांदनी महल और मटिया महल" हैं. मीर 1782 तक दिल्ली में रहे और दिल्ली में अपने प्रवास की इस लंबी अवधि के दौरान वह कई बड़ी हस्तियों के साथ रहें. इतिमाद-उद-दौला द्वितीय, जावेद खान, इमाद-उल-मुल्क, राजा जुगल किशोर और राजा नागर मल आदि ने समय समय पर मीर का साथ दिया गया था.
गौरतलब हो कि मीर ने आत्म सम्मान और खुद्दारी के लिए इन लोगों से भी रिश्ता तोड़ लिया था. मीर ने कभी भी अपने आत्म सम्मान से समझौता नहीं किया. स्वाभिमान के मामले में वे इतने संवेदनशील थे कि अक्सर लोग उन्हें अहंकारी करार देते थे. सिद्धांतों के मामले में उन्हें घमंडी कहकर खारिज कर दिया जाता था. मीर इस बात पर जोर देते थे कि सम्मान हमेशा काबिलियत के मुताबिक दिया जाए न की जाति, समुदाय या व्यक्तिगत पहचान के आधार पर.
सत्रहवीं सदी के आखिर और अठारहवीं सदी की शुरुआत के दौरान दिल्ली में एक के बाद एक शाही हमले हुए.अहमद शाह अब्दाली के आक्रमण के बाद दिल्ली लगभग खंडहर में तब्दील हो गई थी. मीर अपने प्रिय शहर को खुलेआम उजाड़े जाने को सहन नहीं कर सके. अंततः, 1782 में, भारी मन के साथ, मीर ने हमेशा के लिए दिल्ली को अलविदा कह दिया और लखनऊ चले गए जहाँ नवाब असद-उद-दौला ने उनका व्यक्तिगत रूप से स्वागत किया. हालाँकि वह अपने जीवन के अंत तक लखनऊ में रहे, लेकिन दिल्ली से दूरी उन्हें हमेशा परेशान करती रही. मीर के लिए दिल्ली की गलियाँ किसी कलाकार की पेंटिंग से कम नहीं थीं:
कूचे नहीं दिल्ली के, औराक-ए-मुसव्विर हैं
जो शक्ल नज़र आई, तसवीर नज़र आई
मीर अपनी पत्नी, बेटी और दो बेटों के साथ लखनऊ में बस गए, जिनमें से उनका एक बेटा शायर बन गया "हालांकि उसमे मीर जैसी बात नहीं थी. 20 सितंबर, 1810 को उनकी मृत्यु हो गई और उन्हें साथती के छोटे से इलाके में दफनाया गया। आज, उस स्थान पर एक विशाल झुग्गी बस्ती है जहां कभी कब्र उनकी हुआ करती थी और जहां मीर ने अपने जीवन के आखिरी तीन दशक बिताए थे। न तो उनके घर का कोई निशान है और न ही उसकी कब्र का। ऐसा लगता है कि मीर नहीं चाहते थे की उनके प्रशंसक उनकी कब्र पर जाएँ, और न ही वो लोग जिन्होंने मीर के जीते जी उनकी परवाह नहीं की.
बाद मरने के मेरी क़ब्र पे आया वो 'मीर'
याद आयी मेरे ईसा को दवा मेरे बाद
मीर ने उर्दू अदब को एक नई राह दी है. शेरो में कठिन उर्दू के शब्दों का मतलब न पता होने के बाद भी लोग शेरो को जुबान और दिल में बसाये रहते हैं उसकी एक बड़ी वजह मीर तक़ी मीर भी हैं. आने वाले समय में भी मीर के असरार बेचैन दिलों को राहत देते रहेंगे.
