[Kavishala Labs]  हे पत्थर पूजने वालों! तुम्हें जिंदा आदमी की बात सुनने का अभ्यास नहीं, इसलिए मैं मरकर बोल रहा हूं. जीवित अवस्था में तुम जिसकी ओर आंख उठाकर नहीं देखते, उसकी सड़ी लाश के पीछे जुलूस बनाकर चलते हो. जिंदगी-भर तुम जिससे नफरत करते रहे, उसकी कब्र पर चिराग जलाने जाते हो. मरते वक्त तक जिसे तुमने चुल्लू-भर पानी नहीं दिया, उसके हाड़ गंगाजी ले जाते हो. अरे, तुम जीवन का तिरस्कार और मरण सत्कार करते हो, इसलिए मैं मरकर बोल रहा हूं. मैं नर्क से बोल रहा हूं.

ये पंक्तियाँ महान व्यंग्यकार हरिशंकर परसाई जी के व्यंग्य "मै नर्क से बोल रहा हूं !" से है.हरिशंकर परसाई की लेखनी समाज का आईना है. उन्होंने जो लिखा वो आज अभी सार्थक है. और संभवतः भविष्य में भी सार्थक रहेंगी जब तक की कोई विशेष सामाजिक क्रांति होती है . 

कहते हैं कि साहित्य समाज के लिए अति आवश्यक है. साहित्य के बिना एक स्वस्थ समाज की कल्पना भी नहीं की जा सकती. साहित्य में कई विधाएँ हैं जो समाज को दिशा दिखातीं हैं, लेकिन संभवतः व्यंग ही साहित्य की एकमात्र ऐसी विधा है जो बड़ी ही सटीकता और निर्भीकता से समाज में व्याप्त कुरीतियों, रूढ़ियों और भृष्टाचार पर सीधे वार करती है. परसाई व्यंग्य विद्या में सिद्धहस्थ थे. 

परसाई को समाज का डॉक्टर कहना उचित ही रहेगा. उन्होंने अपने व्यंग्य से समाज में व्याप्त बुराइयों का ऑपरेशन किया. और समाज के उन मुद्दों की पड़ताल की जिन्हे हम देख कर भी नजर अंदाज कर देते है. उन्होंने समाज को प्रभावित करने वाले हर सन्दर्भ पर अपनी कलम चलाई है. उन्होंने धर्म के नाम पर लोगो के विश्वास के साथ छल होता देख साधु-संतों के पाखंड और झूठे अध्यात्म के खिलाफ लिखा . राजनीति के गिरते स्तर और लचर सरकारी तंत्र के खिलाफ कलम चलाई.

परसाई के व्यंग्य कालजयी है .भले ही परसाई जी ने धार्मिक, राजनीतिक, सामाजिक बुराइयों, आडम्बरों और रूढ़िता पर दशकों पहले अपनी कलम चलाई हो लेकिन उनकी रचनाएँ आज के समय में भी प्रसांगिग हैं. उनकी रचनाओं को पढ़ते हुए लगता हैं की जो आज हमारे बीच हो रहा है उसके बारे में परसाई जी ने दशकों पहले ही लिख दिया है. बानगी के तौर पर उनका ये उद्धरण पढ़िए- 

"जनता जब आर्थिक न्याय की मांग करती है, तब उसे किसी दूसरी चीज में उलझा देना चाहिए, नहीं तो वह खतरनाक हो जाती है. जनता कहती है हमारी मांग है महंगाई बंद हो, मुनाफाखोरी बंद हो, वेतन बढ़े, शोषण बंद हो, तब हम उससे कहते हैं कि नहीं, तुम्हारी बुनियादी मांग गोरक्षा है. बच्चा, आर्थिक क्रांति की तरफ बढ़ती जनता को हम रास्ते में ही गाय के खूंटे से बांध देते हैं. यह आंदोलन जनता को उलझाए रखने के लिए है"

ये पंक्तियों परसाई जी ने दशकों पहले लिखी थी लेकिन मौजूदा राजनीति पर उनकी बात अक्षरता सत्य प्रतीत होती है. उन्होंने तत्कालीन लोकतंत्र के पाखंड और उनके द्वारा प्रयोग किये जा रहे रूढ़िवादी जीवन–मूल्यों पर करारा व्यंग्यावार किया. परसाई जी का मानना था कि जब तक वैज्ञानिक व मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण से समस्याओं की पड़ताल करते हुए रचना नहीं कि जाएगी तब तक बड़े बदलाव की आशा करना उचित नहीं है.