मानव विकास के क्रम में शिक्षा का अद्वितीय योगदान रहा है. चाहे बात पुरा पाषाण युग के समय पत्थरों का प्रयोग कर नए उपकरण बनाना हो या आज के आधुनिक युग में कंप्यूटर व अन्य तकनीक का उपयोग करना. मानव विकास की यात्रा में शिक्षा ही है जिसने ने हमें सक्षम बनाया है. शिक्षा के द्वारा अज्ञान की खाई को पार कर ज्ञान के रास्ते को सुगम बनाने के लिए शिक्षक एक पुल की भूमिका निभाते हैं. भारत में शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान देने वाले भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिन 5 सितम्बर को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है. आज शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में कविशाला आपको कुछ ऐसे साहित्यकारों से रूबरू कराने जा रहा है, जिन्होंने शिक्षा व साहित्य के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान दिया है.
(१) रविंद्रनाथ टैगोर :
रवींद्र नाथ टैगोर का जन्म जन्म 7 मई 1861 को कलकत्ता में हुआ था. टैगोर एक विख्यात कवि, दार्शनिक व चित्रकार थे. उन्होंने बच्चों के पठन-पाठन का अलग सिद्धांत विकसित किया और अपने इस सिद्धांत पर आधारित शांतिनिकेतन विश्वविद्यालय की स्थापना की. जो कि आज भी शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत है. टैगोर का मानना था कि शिक्षा का मकसद आत्म-साक्षात्कार, बौद्धिक विकास, शारीरिक विकास और मानवता के प्रति प्रेम को बढ़ावा देने वाला होना चाहिए.
::- शिक्षा का मुख्य उद्देश्य स्पष्टीकरण देना नहीं है, बल्कि मन के दरवाजे खटखटाना है।
::- उच्चतम शिक्षा वह है जो हमें न केवल जानकारी देती है बल्कि हमारे जीवन की सभी अस्तित्व के साथ सामंजस्य बिठाती है।
::- एक बच्चे को अपनी शिक्षा तक सीमित न रखें, क्योंकि वह किसी अन्य समय में पैदा हुआ था।
(२) मुंशी प्रेमचंद :
मुंशी प्रेमचंद का जन्म 31 जुलाई 1880 को हुआ था. वो हिन्दी और उर्दू के सर्वाधिक लोकप्रिय उपन्यासकार, कहानीकार एवं विचारक थे। मुंशी प्रेमचंद 1898 में मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद एक स्थानीय विद्यालय में शिक्षक नियुक्त हो गए। फिर उन्होंने अंग्रेजी, फ़ारसी और इतिहास से बी. ए. पास करने के बाद वे शिक्षा विभाग के इंस्पेक्टर पद पर नियुक्त हुए।
::- दुनिया में विपत्ति से बढ़कर अनुभव सिखाने वाला कोई भी विद्यालय आज तक नहीं खुला है।
::- जो शिक्षा हमें निर्बलों को सताने के लिए तैयार करे, जो हमें धरती और धन का ग़ुलाम बनाए, जो हमें भोग-विलास में डुबाए, जो हमें दूसरों का ख़ून पीकर मोटा होने का इच्छुक बनाए, वह शिक्षा नहीं भ्रष्टता है।
::- जीवन में सफल होने के लिए आपको शिक्षा की ज़रूरत है, न की साक्षरता और डिग्री की।
::- केवल बुद्धि के द्वारा ही मानव का मनुष्यत्व प्रकट होता है।
(३) अज्ञेय :
सच्चिदानंद हीरानंद वात्स्यायन 'अज्ञेय' का जन्म 7 मार्च, 1911 को हुआ था। अज्ञेय हिन्दी के सबसे चर्चित रचनाकारों में से एक है. उनकी पहचान कवि, कथाकार, निबन्धकार, पत्रकार, सम्पादक, यायावर, अध्यापक के रूप में की जाती है.उन्होंने कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय से लेकर जोधपुर विश्वविद्यालय तक में अध्यापन का काम किया।
::- साहित्य तुम्हारी तुम्हीं से पहचान और गहरी करता है।
::- कोई भी मार्ग छोड़ा जा सकता है, बदला जा सकता है : पथ-भ्रष्ट होना कुछ नहीं होता, अगर लक्ष्य-भ्रष्ट न हुए।
::- वास्तव में कोई भी किसी को कुछ सिखाता नहीं है; जो सीखता है, अपने ही भीतर के किसी उन्मेष से सीख जाता है। जिन्हें गुरुत्व का श्रेय मिलता है वे वास्तव में केवल इस उन्मेष के निमित्त होते हैं।
(४) महादेवी वर्मा :
महादेवी वर्मा का जन्म 26 मार्च 1907 को हुआ था. वे हिन्दी भाषा की कवयित्री थीं। वे हिन्दी साहित्य में छायावादी युग के चार प्रमुख स्तम्भों में से एक मानी जाती हैं। आधुनिक हिन्दी की सबसे सशक्त कवयित्रियों में से एक होने के कारण उन्हें आधुनिक मीरा के नाम से भी जाना जाता है। । उन्होंने अध्यापन से अपने कार्यजीवन की शुरूआत की और अन्तिम समय तक वे प्रयाग महिला विद्यापीठ की प्रधानाचार्या बनी रहीं
::- कष्ट और विपत्ति मनुष्य को शिक्षा देने वाले श्रेष्ठ गुण हैं, जो साहस के साथ उनका सम्मान करते हैं।
::- “हमारी शिष्टता की परीक्षा तब नहीं हो सकती, जब कोई वडा अतिथि हमें अपनी कृपा का दान देने घर में आता है, वरन् उस समय होती है, जब कोई भूला-भटका भिखारी द्वार पर खड़ा होकर हमारी दया के कण के लिए हाथ फैला देता है ।”
::- भाव यदि मनुष्य की क्षुद्रता, दुर्भावना और विकृतियाँ नहीं बहा पाता, तब वह उसकी दुर्बलता बन जाता है। इसी स्नेह, करुणा आदि के भाव हृदय की शक्ति बन सकते हैं और द्वेष, क्रोध आदि के दुर्भाव उसे और अधिक दुर्बल स्थिति में छोड़ जाते हैं।”
(५) माखनलाल चतुर्वेदी
माखनलाल चतुर्वेदी का जन्म 4 अप्रैल 1889 को हुआ था.माखनलाल कवि, लेखक और पत्रकार व अध्यापक थे.माखनलाल चतुर्वेदी की रचनाएँ आज भी लोकप्रिय हैं । प्रभा और कर्मवीर जैसे पत्रिकाओं के संपादक के रूप में उन्होंने ब्रिटिश शासन के खिलाफ जोरदार प्रचार किया और नई पीढ़ी का आह्वान किया कि वह गुलामी की जंज़ीरों को तोड़ कर बाहर आए। साहित्य सृजन के साथ साथ वे अध्यापन कार्य में भी कार्यरत थे.
(६) हरिशंकर परसाई
हरिशंकर परसाई का जन्म 22 अगस्त 1924 को हुआ था. परसाई हिंदी के सुप्रसिद्ध लेखक और व्यंगकार थे। परसाई ने ही व्यंग्य को विधा का दर्जा दिलाया और उसे हल्के–फुल्के मनोरंजन की परंपरागत परिधि से उबारकर समाज के व्यापक प्रश्नों से जोड़ा। परसाई ने व्यंग्य लेखन व साहित्य सृजन के साथ साथ अध्यापन का कार्य भी किया. 1942 में उन्होंने सरकारी नौकरी छोड़कर प्राइवेट स्कूलों में अध्यापन का कार्य किया.
:: - आत्मविश्वास धन का होता है, विद्या का भी और बल का भी, पर सबसे बड़ा आत्मविश्वास नासमझी का होता है ।”
::- बाज़ार बढ़ रहा है, इस सड़क पर किताबों की एक नयी दुकान खुली है और दवाओं की दो। ज्ञान और बीमारी का यही अनुपात है हमारे शहर में।
(७) हरिवंश राय बच्चन
हरिवंश राय बच्चन का जन्म 27 नवम्बर 1906 को हुआ था. बच्चन हिंदी भाषा के एक कवि और लेखक थे। वे हिन्दी कविता के उत्तर छायावाद काल के प्रमुख कवियों में से एक थे । इनकी विश्व प्रसिद्द प्रसिद्ध कृति मधुशाला है। हरिवंश राय बच्चन ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय में बतौर प्रोफ़ेसर अंग्रेजी का अध्यापन किया। बाद में भारत सरकार के विदेश मंत्रालय में हिन्दी विशेषज्ञ रहे।
(८) रामधारी सिंह 'दिनकर'
रामधारी सिंह 'दिनकर का जन्म 23 सितम्बर 1908 को हुआ था. वे हिन्दी के एक लोकप्रिय लेखक, कवि व निबन्धकार थे। दिनकर आधुनिक युग के श्रेष्ठ वीर रस के कवि के रूप में स्थापित हैं। उन्होंने संस्कृत, बांग्ला, अंग्रेजी और उर्दू का गहन अध्ययन किया था। बी. ए. की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद वे अध्यापक बने. बाद में वे लंगट सिंह कालेज मुजफ्फरपुर में हिन्दी के विभागाध्यक्ष रहे, भागलपुर विश्वविद्यालय के उपकुलपति के पद पर 1963 से 1965 के बीच कार्य किया और उसके बाद भारत सरकार के हिन्दी सलाहकार बने।
(९) मोहन राकेश
मोहन राकेश का जन्म 8 जनवरी 1925 को हुआ था. वे नई कहानी आन्दोलन के अग्रणी साहित्यकारों में से एक थे । उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय से हिन्दी और अंग्रेज़ी में एम ए किया। उन्होंने 'आषाढ़ का एक दिन','आधे अधूरे' और लहरों के राजहंस आदि की रचना की. मोहन राकेश मूलतः एक सिंधी परिवार से थे। मोहन राकेश हिन्दी के बहुमुखी प्रतिभा संपन्न नाट्य लेखक और उपन्यासकार थे. उन्होंने जीविकोपार्जन के लिये अध्यापन किया।
(१०) धर्मवीर भारती
धर्मवीर भारती का जन्म 25 दिसंबर, 1926 को हुआ था. वे आधुनिक हिन्दी साहित्य के प्रमुख लेखक, कवि, नाटककार और सामाजिक विचारक थे. उन्होंने प्रख्यात साप्ताहिक पत्रिका धर्मयुग के प्रधान संपादक का कार्य भी किया. डॉ धर्मवीर भारती को पद्मश्री से सम्मानित किया गया था । उनका उपन्यास गुनाहों का देवता श्रेष्ठ रचना मानी जाती है।
साहित्य रचना के साथ ही डॉ धर्मवीर भारती ने अध्यापन का कार्य किया । वे 1948 में 'संगम' सम्पादक श्री इलाचंद्र जोशी में सहकारी संपादक नियुक्त हुए। दो वर्ष वहाँ काम करने के बाद हिन्दुस्तानी अकादमी में अध्यापक नियुक्त हुए। जहाँ 1960 तक कार्य किया। प्रयाग विश्वविद्यालय में अध्यापन के दौरान उन्होंने 'हिंदी साहित्य कोश' के सम्पादन में सहयोग दिया।
