[Kavishala Labs] उत्तर प्रदेश भाषा और साहित्य के क्षेत्र में प्राचीन काल से ही समृद्ध रहा है. यहाँ की संस्कृति व साहित्य में समयकाल के अनुसार कई महत्वपूर्ण प्रतिवर्तन हुए है. यदि भाषा की बात की जाये तो उत्तर प्रदेश में संस्कृत, हिंदी, उर्दू व अन्य क्षेत्रीय भाषाओँ में विश्व स्तरीय साहित्य की रचना हुई है. हिन्दू धर्म के संस्कृत भाषा के दो महाकाव्य रामायण और महाभारत की रचना भी उत्तर प्रदेश में ही हुई है.

संस्कृत , हिंदी, उर्दू व अन्य क्षेत्रीय भाषाओ के साहित्य को उत्तर प्रदेश के साहित्यकारों, कवियों व विद्वानों ने नवीन आयाम दिया है. यहाँ अश्वघोष, बाण, मयूर भंज, दिवाकर, वाक्पति, भवभूति, राजशेखर, लक्ष्मीधर, श्रीहर्ष, कृष्णा मिश्रा जैसे संस्कृत के कालजयी साहित्यकारों ने जन्म लिया है. संस्कृत के आलावा हिंदी व अन्य क्षेत्रीय भाषाओँ में गोस्वामी तुलसीदास, कबीरदास, सूरदास से लेकर भारतेंदु हरिश्चन्द्र, आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी, रामचंद्र शुक्ल, प्रेमचंद, जयशंकर प्रसाद, निराला, सुमित्रानंदन पंत, मैथिलीशरण गुप्त, सोहनलाल द्विवेदी, हरिवंशराय बच्चन, महादेवी वर्मा, राही मासूम रजा, अमृतलाल नागर, अज्ञेय, जगदीश गुप्त, धर्मवीर भारती जैसे हिंदी के महान कवि और लेखकों ने साहित्य को न केवल समृद्ध किया है बल्कि नयी दिशा भी दी है .

उर्दू अदब के कई अजीम कलमकार भी उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखते है. फ़िराक गोरखपुरी, जोश मलीहाबादी, नजीर अकराबादी, वसीम बरेलवी, चकबस्त, मजाज लखनवी, अकबर इलाहाबादी जैसे सैकड़ों शायर उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश की शान रहे हैं।  

उत्तर प्रदेश के विद्वान साहित्यकारों की ख़ास बात यह है कि उन्होंने क्षेत्रीय भाषाओँ में जीवन दर्शन को बड़ी ही सरलता से रचा है. अगर बात की जाये अवधी भाषा की तो संत कबीरदास के दोहो में धर्म, अध्यात्म, योग, जीवन दर्शन, जीवन जीने कि कला, व्यावहारिक व सामाजिक ज्ञान रस भरा हुआ है. कबीरदास 15वीं सदी के भारतीय रहस्यवादी कवि और संत थे। वे हिन्दी साहित्य के भक्तिकालीन युग में ज्ञानाश्रयी-निर्गुण शाखा की काव्यधारा के प्रवर्तक थे। इनकी रचनाओं ने हिन्दी प्रदेश के भक्ति आंदोलन को गहरे स्तर तक प्रभावित किया।


प्रस्तुत है कबीर दास के कुछ दोहे- 

–1–

 बुरा जो देखन मैं चला, बुरा न मिलिया कोय,

जो दिल खोजा आपना, मुझसे बुरा न कोय।


–2–

 पोथी पढ़ि पढ़ि जग मुआ, पंडित भया न कोय,

ढाई आखर प्रेम का, पढ़े सो पंडित होय।

 

–3–

तिनका कबहुँ ना निन्दिये, जो पाँवन तर होय,

कबहुँ उड़ी आँखिन पड़े, तो पीर घनेरी होय।


–4–

माला फेरत जुग भया, फिरा न मन का फेर,

कर का मनका डार दे, मन का मनका फेर।


–5–

अति का भला न बोलना, अति की भली न चूप,

अति का भला न बरसना, अति की भली न धूप।


अगर हिंदी भाषा की बात की जाये तो हिंदी खड़ी बोली को विकसित करने वाले हिंदी भाषा के महान साहित्यकार भारतेन्दु हरिश्चंद्र (9 सितंबर 1850-6 जनवरी 1885) का जन्म भी उत्तर प्रदेश में ही हुआ था. भारतेन्दु हरिश्चन्द्र आधुनिक हिंदी साहित्य के पितामह कहे जाते हैं। वे हिन्दी में आधुनिकता के पहले रचनाकार थे। प्रस्तुत है उनकी एक लोकप्रिय रचना-

(1)

निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल

बिन निज भाषा-ज्ञान के, मिटत न हिय को सूल।


अंग्रेजी पढ़ि के जदपि, सब गुन होत प्रवीन

पै निज भाषा-ज्ञान बिन, रहत हीन के हीन।


उन्नति पूरी है तबहिं जब घर उन्नति होय

निज शरीर उन्नति किये, रहत मूढ़ सब कोय।


निज भाषा उन्नति बिना, कबहुं न ह्यैहैं सोय

लाख उपाय अनेक यों भले करे किन कोय।


इक भाषा इक जीव इक मति सब घर के लोग

तबै बनत है सबन सों, मिटत मूढ़ता सोग।


और एक अति लाभ यह, या में प्रगट लखात

निज भाषा में कीजिए, जो विद्या की बात।


तेहि सुनि पावै लाभ सब, बात सुनै जो कोय

यह गुन भाषा और महं, कबहूं नाहीं होय।


विविध कला शिक्षा अमित, ज्ञान अनेक प्रकार

सब देसन से लै करहू, भाषा माहि प्रचार।


भारत में सब भिन्न अति, ताहीं सों उत्पात

विविध देस मतहू विविध, भाषा विविध लखात।


सब मिल तासों छांड़ि कै, दूजे और उपाय

उन्नति भाषा की करहु, अहो भ्रातगन आय।


उर्दू अदब में भी उत्तर प्रदेश अव्वल दर्जे में रहा है. यहां की मिटटी में कई अज़ीम शायरों ने जन्म लिया है. फ़िराक गोरखपुरी उत्तर प्रदेश की माटी में पैदा हुए हुए एक ऐसे शायर है जिन्होंने देख भर में अपनी शायरी से लोगो का दिल छुआ है. फिराक गोरखपुरी का जन्म २८ अगस्त १८९६ - ३ मार्च १९८२ गोरखपुर में हुआ था. इनका मूल नाम रघुपति सहाय था। प्रस्तुत है कुछ चुनिंदा शेर  


(1)

मौत का भी इलाज हो शायद

ज़िंदगी का कोई इलाज नहीं


(2)

तुम मुख़ातिब भी हो क़रीब भी हो

तुम को देखें कि तुम से बात करें


(३)

हम से क्या हो सका मोहब्बत में

ख़ैर तुम ने तो बेवफ़ाई की


(४)

ग़रज़ कि काट दिए ज़िंदगी के दिन ऐ दोस्त

वो तेरी याद में हों या तुझे भुलाने में


(५)

न कोई वा'दा न कोई यक़ीं न कोई उमीद

मगर हमें तो तिरा इंतिज़ार करना था


साहित्य के क्षेत्र में भारत का नाम विश्व स्तर पर गौरवान्वित करने में उत्तर प्रदेश के विद्वान साहित्यकारों का अद्वितीय स्थान है. प्राचीन काल से लेकर वर्तमान समय तक उत्तर प्रदेश में जो साहित्य रचा जा रहा है वह जीवन को नई दिशा दिखाता है. यक़ीनन भविष्य में भी उत्तर प्रदेश के साहित्यकार जीवन को प्रभावित और व्यवस्थित करने वाले साहित्य की रचना करते रहेंगे.