भाषा के बिना साहित्य की कल्पना नहीं की जा सकती और साहित्य के बिना भाषा सार्थक नहीं बनती. जहाँ एक ओर भाषा मानवीय भावों के आदान प्रदान का मार्ग प्रसस्त करती है वहीँ साहित्य इस माध्यम को सुगम और हृदयग्राही बनाता है. 

भाषा शब्द संस्कृत के भाष् धातु से बना है जिसका अर्थ है बोलना या कहना अर्थात् भाषा वह है जिसे बोला जाय. अर्थात अपने मन के विचारों को बोलकर किसी अन्य व्यक्ति के समक्ष व्यक्त करने की क्रिया ही भाषा है. भाषा के सन्दर्भ अनेक विद्वानों ने अपने विचार व्यक्त किये है. 

महान दार्शनिक प्लेटो के अनुसार "भाषा और विचार में थोड़ा सा अंतर है , विचार आत्मा की मूक या ध्वन्यात्मक बातचीत है , पर वही जब ध्वन्यात्मक होकर होठों पर प्रकट होती है तो उसे भाषा की संज्ञा दी जाती है। ”

आचार्य दंडी के अनुसार " तीनो लोक घनघोर अंधकार मे रहते है , यदि शब्दार्थ ज्योति हमारे संसार में प्रकाशित नहीं होती , तो मानव का जीवन पशु-पक्षियों जैसा होता. पूर्वजों का अनुभव व ज्ञान उत्तराधिकार के रूप में ना मिलता , और ना हम अपना अनुभव व ज्ञान अपनी संस्कृति को दे पाते. भाषा के अभाव में ना हम नए अविष्कार नहीं कर पाते और ना चिंतन का क्षेत्र विस्तृत हो पाता. इसलिए भाषा की उपलब्धि के कारण ही सभी प्राणियों में मनुष्य ही सर्वश्रेष्ठ एवं शक्तिशाली बन पाया. मानव सभ्यता और संस्कृति के विकास के लिए भाषा वरदान साबित हुई है.”

साहित्य की सार्थकता के सन्दर्भ में भी अनेक विद्वानों ने अपने विचार व्यक्त किये हैं. आचार्य भामह ने अपने ग्रंथ 'काव्यालंकार' में साहित्य के सन्दर्भ में लिखते है - 

'शब्दार्थौ सहितौ काव्यम्'

भामह प्रथम आचार्य है, जिन्होंने काव्य लक्षण देते हुए कहा है कि "शब्द और अर्थ का सहभाव ही काव्य है." काव्य के लिए शब्द और अर्थ की संगति आवश्यक है. शब्द दो प्रकार के होते है - सार्थक और निरर्थक. काव्य में सार्थक शब्दों का ही महत्व होता है. क्योंकि सार्थक शब्दों में ही अर्थ प्रतिति कराने की क्षमता होती है.  

यदि गहनता से पड़ताल की जाये तो भाषा व साहित्य का परस्पर सबंध है. जहाँ भाषा भाव व्यक्त करती है वहीँ साहित्य मानव समाज का दर्पण है. आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी के शब्दों में "‘साहित्य सामाजिक मंगल का विद्यालय है यह सत्य है कि व्यक्ति विशेष की प्रतिभा से ही साहित्य रचित होता है किंतु और भी अधिक सत्य यह है कि प्रतिभा सामाजिक प्रगति की ही उपज है’

साहित्य का उद्भव समाज से ही होता है. सामाजिक रहन सहन, परिवेश स्थान विशेष पर बोली जाने वाली भाषा का साहित्य पर स्पस्ट प्रभाव पड़ता है. जिन विचारों को बोलकर व्यक्त किया जाता है वह भाषा है, वहीँ जिन विचारों को लिख कर, भावों को सृजित किया जाता है वह साहित्य कहलाता है. भाषा माध्‍यम है और साहित्‍य उस माध्‍यम से सामने रखी गयी बात है. संस्कृत, हिंदी, अंग्रेजी आदि भाषाएं हैं और उन भाषाओँ में लिखी गयी कहानियां, कविताएं आदि उस भाषा का साहित्‍य हैं. साहित्‍य वह दर्शाता है जो हमारे समाज या हमारे मन में घटित होता है. उसमें दर्शन भी हो सकता है. या जो हम देख रहे हों उसमें अनायास जीवन का दर्शन भी अभिव्‍यक्‍त हाे सकता है. यह साहित्यकार की दृष्टि पर निर्भर करता है कि वह अपने आकलन को किस तरह से प्रस्तुत करता है.