साँप,
दो-दो जीभें होने पर भी
भाषण नहीं देते?
आदमी न होकर भी
पेट के बल चलते हो
यार!
हम तुम्हारे फूत्कार से नहीं डरते
साँप ही तो हो,
भारत के रहनुमा तो नहीं हो!
[Kavishala Lab] यह कविता है गोपालप्रसाद व्यास की. हिंदी हास्य-व्यंग्य काव्य में गोपालप्रसाद व्यास का विशेष स्थान है. उन्हें हास्यावतार के नाम से भी जाना जाता है. जहाँ एक ओर उनकी कविता पढ़ कर मन में हास्य का भाव जाग्रत होता है वही अगले ही छड़ कविता के मर्म को समझने पर खुद और समाज पर अफ़सोस भी होता है. गोपालप्रसाद व्यास ने अपनी कविताओं से सामाजिक अव्यवस्था, थोथली राजनिति और आडम्बरों पर खुलकर कटाक्ष किया है.
पंडित गोपालप्रसाद व्यास (13 फरवरी 1915 - 28 मई 2005,) हिन्दी के प्रमुख साहित्यकार व हास्य व्यंग्य के कवि थे. वे एक कुशल समीक्षक, व्याकरण, साहित्य-शास्त्र, रस-रीति, अलंकार, ब्रजभाषा भाषा के कवि, नायिका-भेद और पिंगल के मर्मज्ञ, हास्यरस में पत्नीवाद के प्रवर्तक. सामाजिक, साहित्यिक, राजनैतिक व्यंग्य-विनोद के प्रतिष्ठाप्राप्त कवि एवं लेखक थे. उन्हें हिन्दी में व्यंग्य-विनोद की नई धारा का जनक कहा जाता है. उनकी ख्याति 'हास्यरसावतार' के नाम से है.
गोपालप्रसाद व्यास मुख्यतः हास्य व्यंग्य की कविताएं लिखते थे. गंभीर विषय पर भी बड़ी ही सहजता से कविता की रचना करना उनकी काव्य विशेषता थी. कविता बिना भाव, बिना अर्थ के सार्थक नहीं बनती. गोपालप्रसाद व्यास जी का मानना था कि कविता में "माने" होने बहुत जरुरी है. लेकिन कुछ सर्जक ऐसे भी होते हैं जो बिना भाव और अर्थ के शब्दों के मेल से कुछ पंक्तियाँ लिख देते है और उसे कविता कहते हैं. ऐसे सर्जकों का मानना होता है कि कविता में अर्थ हो यह आवश्यक नहीं है. गोपालप्रसाद व्यास जी ने ऐसे ही काव्य सर्जकों के लिए व्यंग्य करते हुए कहा है कि -
"अगर कवि की कविता में अर्थ न हो, तो बहुत से अनर्थ होने से बच जाएं. जैसे भंवरों को रातभर कमलों में बंद रहना न पड़े. बेचारे राजहंसों को दूध और पानी अलग-अलग करने की परेशानी न उठानी पड़े. चकोरों को जबरन चिनगारियां न चुगनी पड़ें. चातकों को विरहिणियों का कोपभाजन न बनना पड़े. सृष्टि के ये महत्त्वपूर्ण प्राणी कविता से निकलने वाले विशिष्ट अर्थों के कारण पीड़ित हैं. यह कविता से निकलने वाले अर्थ की ही कृपा का फल है कि शीतल चंदन अंग पर चर्चित होकर भी दाह उत्पन्न करता है. क्यारियों में महके हुए गुलाब अंगारों जैसे सुलगते हैं और पूर्णमासी का सुधावर्षी चंद्रमा अपनी किरणों से अमृत नहीं, गरल बरसाता है."
गोपालप्रसाद व्यास ने हिंदी व्यंग्य-हास्य काव्य को नई दिशा दी. दिल्ली में हिंदी भवन के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी. लाल किले पर हर वर्ष होने वाले राष्ट्रीय कवि सम्मेलन की शुरुआत में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है. हिंदी साहित्य व हिंदी भाषा के लिए दिया गया उनका योगदान अविस्मरणीय है. गोपालप्रसाद व्यास को भारत सरकार ने पद्मश्री, दिल्ली सरकार ने शलाका सम्मान और उत्तर प्रदेश सरकार ने यश भारती सम्मान से विभूषित किया था. पढ़िए गोपालप्रसाद व्यास कुछ अन्य कविताएं -
[१]
खूनी हस्ताक्षर
वह खून कहो किस मतलब का
जिसमें उबाल का नाम नहीं।
वह खून कहो किस मतलब का
आ सके देश के काम नहीं।
वह खून कहो किस मतलब का
जिसमें जीवन, न रवानी है!
जो परवश होकर बहता है,
वह खून नहीं, पानी है!
उस दिन लोगों ने सही-सही
खून की कीमत पहचानी थी।
जिस दिन सुभाष ने बर्मा में
मॉंगी उनसे कुरबानी थी।
बोले, "स्वतंत्रता की खातिर
बलिदान तुम्हें करना होगा।
तुम बहुत जी चुके जग में,
लेकिन आगे मरना होगा।
आज़ादी के चरणें में जो,
जयमाल चढ़ाई जाएगी।
वह सुनो, तुम्हारे शीशों के
फूलों से गूँथी जाएगी।
आजादी का संग्राम कहीं
पैसे पर खेला जाता है?
यह शीश कटाने का सौदा
नंगे सर झेला जाता है"
यूँ कहते-कहते वक्ता की
आंखों में खून उतर आया!
मुख रक्त-वर्ण हो दमक उठा
दमकी उनकी रक्तिम काया!
आजानु-बाहु ऊँची करके,
वे बोले, "रक्त मुझे देना।
इसके बदले भारत की
आज़ादी तुम मुझसे लेना।"
हो गई सभा में उथल-पुथल,
सीने में दिल न समाते थे।
स्वर इनकलाब के नारों के
कोसों तक छाए जाते थे।
“हम देंगे-देंगे खून”
शब्द बस यही सुनाई देते थे।
रण में जाने को युवक खड़े
तैयार दिखाई देते थे।
बोले सुभाष, "इस तरह नहीं,
बातों से मतलब सरता है।
लो, यह कागज़, है कौन यहॉं
आकर हस्ताक्षर करता है?
इसको भरनेवाले जन को
सर्वस्व-समर्पण काना है।
अपना तन-मन-धन-जन-जीवन
माता को अर्पण करना है।
पर यह साधारण पत्र नहीं,
आज़ादी का परवाना है।
इस पर तुमको अपने तन का
कुछ उज्जवल रक्त गिराना है!
वह आगे आए जिसके तन में
खून भारतीय बहता हो।
वह आगे आए जो अपने को
हिंदुस्तानी कहता हो!
वह आगे आए, जो इस पर
खूनी हस्ताक्षर करता हो!
मैं कफ़न बढ़ाता हूँ, आए
जो इसको हँसकर लेता हो!"
सारी जनता हुंकार उठी-
हम आते हैं, हम आते हैं!
माता के चरणों में यह लो,
हम अपना रक्त चढाते हैं!
साहस से बढ़े युबक उस दिन,
देखा, बढ़ते ही आते थे!
चाकू-छुरी कटारियों से,
वे अपना रक्त गिराते थे!
फिर उस रक्त की स्याही में,
वे अपनी कलम डुबाते थे!
आज़ादी के परवाने पर
हस्ताक्षर करते जाते थे!
उस दिन तारों ने देखा था
हिंदुस्तानी विश्वास नया।
जब लिक्खा महा रणवीरों ने
ख़ूँ से अपना इतिहास नया।
[२]
वर्ष हजारों हुए राम के
वर्ष हजारों हुए राम के
अब तक शेव नहीं आई है!
कृष्णचंद्र की किसी मूर्ति में
तुमने मूंछ कहीं पाई है?
वर्ष चौहत्तर के होकर भी
नेहरू कल तक तने हुए थे,
साठ साल के लालबहादुर
देखा गुटका बने हुए थे।
[३]
भाषण दो! भई, भाषण दो
यदि दर्द पेट में होता हो
या नन्हा-मुन्ना रोता हो
या आँखों की बीमारी हो
अथवा चढ़ रही तिजारी हो
तो नहीं डाक्टरों पर जाओ
वैद्यों से अरे न टकराओ
है सब रोगों की एक दवा-
भई, भाषण दो! भई, भाषण दो!!
हर गली, सड़क, चौराहे पर
भाषण की गंगा बहती है,
हर एक समझदार नर-नारी के
कानों में कहती रहती है-
मत पुण्य करो, मत पाप करो,
मत राम-नाम का जाप करो,
कम-से-कम दिन में एक बार-
भई, भाषण दो! भई, भाषण दो!!
भाषण देने से सुनो, स्वयं
नदियों पर पुल बंध जाएंगे
बंध जाएंगे बीसियों बाँध
ऊसर हज़ार उग आएंगे।
तुम शब्द-शक्ति के इस महत्व को
मत विद्युत से कम समझो।
भाषण का बटन दबाते ही
बादल पानी बरसाएंगे।
इसलिए न मैला चाम करो
दिन-भर-प्यारे, आराम करो!
संध्या को भोजन से पहले
छोड़ो अपने कपड़े मैले,
तन को संवार, मन को उभार
कुछ नए शब्द लेकर उधार
प्रत्येक विषय पर आँख मूंद-
भई, भाषण दो! भई भाषण दो!!
