राजकमल चौधरी साहित्य जगत का एक ऐसा है नाम जिसे साहित्य के ठेकेदारों ने नजर अंदाज किया, उनकी लेखनी को समाज के लिए अस्वीकार्य समझा लेकिन पाठकों ने उन्हें (राज कमल चौधरी को ) दिल से अपनाया.
राजकमल चौधरी का जन्म (13 दिसंबर 1929) बिहार में मुरलीगंज के समीपवर्ती गाँव रामपुर हवेली में हुआ था। उनके पिता का नाम मधुसूदन चौधरी था. राज कमल चौधरी को लोग विविध नामों से जानते हैं. उनका वास्तविक नाम मणीन्द्र नारायण चौधरी था. बहुत से लोग प्यार से उन्हें फूलबाबू कह कर पुकारा करते थे। राजकमल चौधरी ने अपने अलग-अलग नामों के बारे में अपनी डायरी में लिखा है कि --I have changed my name several times. Some names given by others. Some I gave myself. My father gave us the names--वीर, धीर, सुधीर। फूल बाबू is my pet Name among school friends. When I was a 'gigolo' in Gaya 'Prostitute quarters', they called me राजा and फूल राजा। Name in certificate is मणींद्र नारायण। I started living (in absconding period) with a name मधुसूदन is my father's name. After wards I wrote some articles with this false name. राजकमल चौधरी is my pen name. This proves I have been six or seven separate persons'.
राजकमल चौधरी मुख्यतः मैथली व हिंदी में लेखन करते थे. उनकी कहानी/कविताओं में वास्तविकता और गंभीरता झलकती है. समाज के जिस आयाम को अन्य साहित्यकार देखना भी पसंद नहीं करते, राज कमल चौधरी ने उस आयाम पर बड़ी ही निर्भीकता और जिम्मेदारी से लिखा है. उन्होंने हिंदी एवं मैथिली की रचनाओं में स्त्री पात्रों के माध्यम से सामजिक-आर्थिक समस्याओं पर ठोस प्रहार किया है.
तत्कालीन समय में राजकमल की लेखनी को फूहड़ और अश्लील भी कहा गया. लेकिन राज कमल चौधरी का मानना था कि जब हम शालीनता-अश्लीलता कि बहस शुरू करते है तब ही स्त्री को तथाकथित सभ्य समाज कि कुंठाओं और शोषण का शिकार होना पड़ता है.बहस सलिल और अश्लील पर नहीं बल्कि, सत्य-झूठ, सही और गलत पर होनी चाहिए. उन्होंने अपनी कहानी "बंद कमरे में कब्रगाह" में स्त्री पुरुष के सम्बन्धो एवं समाज के दोमुहें चरित्र को बड़ी ही खूबी से दर्शाया है, वो लिखते है-
"प्यार जरूरी नहीं है; जरूरी है जिन्सी हविस-वह जंगली पागलपन जिसने सभ्यता के इस दौर में भी हमें सभ्य नहीं रहने दिया है।औरत और शराब, शराब और वहशत, वहशत और औरत और फिर शराब! जिंदगी एक ऐसा मर्सिया बन जाती है, जिसे आदमी खुद अपनी मौत के लिए रचता है। मौत आदमी की मंजिल है, मौत आदमी की इंतहा है। आदमी मौत के भय से ही जंगल का जानवर बन जाता है और अंधेरे में भागता रहता है। वह भागता है हर आवाज से, उजाले की हर किरण से, दिल की हर पुकार से, अपने आप से भी।
वह जगली जानवर मैं हूं, और कोई नहीं। आदम-कद शीशे में अपनी शक्ल देखता हूं तो वहां कोई आदमी नहीं पाता, एक नंगा और पागल जानवर पाता हूं। उसकी निगाहों में नफरत होती है-नफरत, दुनिया की हर चीज के लिए, सिर्फ नफरत! इस नफरत की दवा है शराब, शराब और औरत।"
राज कमल साहित्य के ठेकेदारों की परवाह किये बिना बेबाकी से लिखते थे. वो दकियानूसी धारणाओं से परे बात करते थे. उनकी लेखनी में वह सड़ांध देखने को मिलती है जिसे तथा कथित समाज ने सभ्यता के नाम पर छुपाना चाहा है. वो हमें वो सच्चाई दिखाते है जो हमारी कुंठाओं में डम्प है, जिसे हम देखना नहीं चाहते, जिससे हम दूर भागते रहते है.
राज कमल ने लिखा है कि "अगर मैं सफल हो गया तो वे तमाम लोग असफल हो जायेंगे जिनकी रचनाएं स्कूल की किताबों में छपती हैं. और बेखौफ होकर लिखते थे, कृपया पुलिसिया मनोवृत्ति के लोग मेरी रचनाओं को न पढ़ें, उनकी भावनाओं के आहत होने का खतरा है."
राज कमल चौधरी की विषय वस्तु - राज कमल को पढ़ने के लिए आपको किसी काल्पनिक संसार में जाने की जरुरत नहीं है , उन्होंने न चाँद की बात की है , न गुलाब की और न ही काल्पनिक सुंदरता की देवी स्वरुप परियों की, बल्कि उन्होंने बेहद जमीनी स्तर के विषय को अपनी लेखनी का हिस्सा बनाया है. उन्होंने अपनी कविता शीला आईने में लिखा है-
मैंने कब नहीं कहा, वह बदसूरत लड़की
अपना चेहरा सुबह में भी देखती नहीं?
मैंने कब नहीं कहा, मेरे दस नाख़ून
उसकी खुरदरी जाँघों से कालापन
खरोचने लगते हैं? मैंने कब नहीं कहा,
मेरे साथ उसका होना, बार-बार
ऐसे ही होते रहना, काले आइने में नहीं,
धुएँ के सुलगते घर में होता है?
हो सकता है कि उपरोक्त कविता को पढ़कर आपके मन में बेचैनी हो उठे, हो सकता कि यह कविता आपके जहेन को कचोटने लगे और आप इसे अनदेखा करना चाहें, राजकमल कि कविताओं /कहानियों कि विषय वस्तु ऐसी ही है जिसे सभ्य समाज देखना नहीं चाहता. उनकी कहानियों/कविताओं के पात्र हर जगह मौजूद है. हमारे आपके बीच ही कहीं उनकी कहानी कि पात्र "नीलगिरि मौजूद है तो कहीं "अमरनाथ", बस हमारे और आपके पास उन्हें देखने और समझने के लिए राजकमल चौधरी जैसा नजरिया चाहिए.
वैवाहिक जीवन - 1951 में राजकमल चौधरी कि शादी चानपुरा, दरभंगा की शशिकांता से हुई जो की सौराठ सभा के माध्यम से हुई थी। कहा जाता है कि यह शादी उन्होंने पारिवारिक दवाब में की थी। 1956 में उन्होंने मसूरी की सावित्री शर्मा से दूसरी शादी अपने प्रथम विवाह में रहते हुए की. सावित्री काफी धनी परिवार से थी। लेकिन राजकमल से उनकी यह शादी एक वर्ष भी नहीं चल पायी. मसूरी में रहते हुए संतोष नाम की एक और महिला की ओर उनका झुकाव हो गया था। सतोष, सावित्री की भतीजी थी।वैसे कई जगह उल्लेख हुआ है कि राजकमल को कॉलेज के दिनों में शोभना नाम की लड़की से प्रेम हुआ था, लेकिन इस प्रेम को कोई मुकाम नहीं मिल सका। इन तमाम सबंधों के बावजूद भी राजकमल का गहरा लगाव उनकी पहली पत्नी शशिकांता से रहा. उनकी कहानी जीभ पर बूटों के निशान की पात्र शशि शायद उनकी पत्नी को रूपित करती है जिसके बारे में वो लिखते हैं-
"वह बालों को हल्का झटका देकर, निगाहों को टेढ़ी कर, ओंठ सिकोड़कर, दबी आवाज़ में बातें करना नहीं जानती है। उसमे पागल बना देने वाला हुस्न नहीं है, बेहोश कर देने वाली अदाएं नहीं हैं क्योंकि वह बीवी है, हिन्दुस्तानी बीवी जो खाना पका सकती है, थके पाँव दबा सकती है, पंखा झल सकती है। मगर चेहरे पर बहुत सारा प्यार बिखराकर, साँसे गरम कर, नथुने फाड़कर, कंधे फैलाकर, आँचल बिखराकर यह नहीं कह सकती की उसे मुझसे बहुत प्यार है, बहुत बहुत.इसलिए शशि पर कोई गीत नहीं लिखा जा सकता, कोई कहानी नहीं लिखी जा सकती, कोई उपन्यास नहीं रचा जा सकता, अब तक रचा भी नहीं गया है। रचना की नायिका पद के लिये चाहिए कोई परकीया राधा, रावण द्वारा हर ली जाने वाली सीता, या फिर तरह तरह की कुंठाओं, या तरह तरह की दमित वासनाओं वाली कोई आधुनिक भद्र महिला "
उन्होंने स्त्री में उसके सामाजिक सहभागिता, आर्थिक निर्भरता, राजनैतिक और मनोवैज्ञानिक कारणों की तलाश की। उन्होंने अपनी कहानियों और उपन्यासों जैसे 'मछली मरी हुई','पाथर-फूल','देहगाथा', 'बीस रानियों के बाइस्कोप', 'अग्निस्नान', 'ताश के पत्तों का शहर', आदि में स्त्री के संघर्षों,उसकी शारीरिक व मानसिक आवश्यकताओं एवं स्त्री-क्रियाओं का परोक्ष-अपरोक्ष रूप से सटीक चित्रण किया है.
राज कमल चौधरी को कुछ लोग हिंदी का मंटो कहते हैं तो कुछ लोग मुक्तिबोध से जोड़ते हैं, लेकिन असलियत में राज कमल सिर्फ राज कमल हैं. उनके जैसा न कोई था और शायद न ही कोई दूसरा होगा. 38 वर्ष कि अल्पायु में दुनिया को अलविदा कह गए राजकमल ने हिंदी और मैथली साहित्य को बहुत कुछ दिया है.
