लगा राजनीतिज्ञ रहा अगले चुनाव पर घात,

राजपुरुष सोचते किन्तु, अगली पीढ़ी की बात।


हो जाता नरता का तब इतिहास बड़ा,

बड़े लोग जब पर्वत से टकराते हैं।

नर को देंगे मान भला वे क्या, जो जन

एक दूसरे को नाहक धकियाते हैं?


शक्ति और सिद्धान्त राजनीतिज्ञ जनों में

खूब चमकते हैं जब तक अधिकार न मिलता

मंत्री बनने पर दोनों ही दब जाते हैं।


शासन के यंत्रों पर रक्खो आँख कड़ी,

छिपे अगर हों दोष, उन्हें खोलते चलो।

प्रजातंत्र का क्षीर प्रजा की वाणी है

जो कुछ हो बोलना, अभय बोलते चलो।


किसे सुनाते हो, शासन में पग-पग पर है पाप छिपा?

किया न क्यों प्रतिकार अघों का जब तुम सिंहासन पर थे?


जब तक है अधिकार, ढील मत दो पापों को,

सुनते हो मंत्रियों! नहीं तो लोग हँसेंगे,

कल को मंत्री के पद से हट जाने पर जब

भ्रष्टाचरणों के विरुद्ध तुम चिल्लाओगे।


प्रजातंत्र का वह जन असली मीत

सदा टोकता रहता जो शासन को।

जनसत्ता का वह गाली संगीत

जो विरोधियों के मुख से झरती है।